Friday, Apr 17 2026 | Time 06:28 Hrs(IST)
बिजनेस


जापान के एमयूएफजी बैंक ने श्रीराम फाइनेंस में हासिल की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी

नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) जापान के मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप (एमयूएफजी) की सहायक कंपनी एमयूएफजी बैंक ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड (एसएफएल) की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर पूर्व में घोषित निवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
श्रीराम फाइनेंस के निदेशक मंडल की बुधवार सुबह हुई बैठक में मंजूरी के बाद जापानी बैंक को वरीयता के आधार पर 47,11,21,055 इक्विटी शेयर जारी किये गये।
कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एमयूएफजी बैंक ने 840.93 रुपये प्रति शेयर के भाव से इन शेयरों को खरीदने के लिए करीब 3,96,180 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी का दो रुपये अंकित मूल्य वाला शेयर आज 93 रुपये (9.99 प्रतिशत) चढ़कर 1,023.55 रुपये पर बंद हुआ।
इस निवेश को प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) सहित सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिल चुकी हैं।
शेयर आवंटन के बाद एमयूएफजी बैंक की श्रीराम फाइनेंस में हिस्सेदारी पूरी तरह डायल्यूटेड आधार पर 20 प्रतिशत हो गयी है। यह सौदा भारत के वित्तीय सेवा क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह निवेश एमयूएफजी की भारत में मौजूदगी को मजबूत करेगा। श्रीराम फाइनेंस को वैश्विक विशेषज्ञता का लाभ उठाकर अपने दीर्घकालिक विकास को गति देने में मदद करेगा। दोनों कंपनियों के बीच यह साझेदारी सतत विकास और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया अहम कदम मानी जा रही है।
श्रीराम फाइनेंस के कार्यकारी उपाध्यक्ष उमेश रेवणकर ने कहा, “ यह सौदा एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एमयूएफजी के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत है। इससे कंपनी को नवाचार, सस्ते और विविध फंडिंग विकल्प, बेहतर जोखिम प्रबंधन और गवर्नेंस के वैश्विक मानकों को अपनाने में मदद मिलेगी। यह निवेश कंपनी की पूंजी को मजबूत करेगा। प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में तेजी से विस्तार का आधार बनेगा।”
एमयूएफजी के अध्यक्ष एवं समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जुनिची हंजावा ने कहा, "श्रीराम फाइनेंस भारत की एक मजबूत वित्तीय संस्था है। जिसमें एमएसएमई और रिटेल खंडों में बड़ी संभावनाएं हैं। यह निवेश भारत के प्रति एमयूएफजी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है और देश की आर्थिक वृद्धि तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देगा।"
अजीत.श्रवण
वार्ता
More News

भारत-रुस ने इस्पात क्षेत्र में सहयोग के विस्तार के लिए की बैठक

16 Apr 2026 | 8:15 PM

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता) भारत और रुस के प्रतिनिधियों में इस्पात उद्योग के क्षेत्र में, विशेष रूप से कच्चे माल की आपूर्ति, मशीनरी और अनुसंधान के क्षेत्र में परस्पर सहयोग बढ़ाने के विषय में चर्चा के लिए गुरुवार को राजधानी में एक गोल मेज बैठक में भाग लिया । इस बैठक में सहयोग के वर्तमान पहलुओं की समीक्षा भी की गयी।.

see more..

एसएंडपी ग्लोबल ने 3500 कर्मियों के लिए बनाया आधुनिक कार्यालय

16 Apr 2026 | 8:02 PM

गुरुग्राम, 16 अप्रैल (वार्ता) न्यूयार्क स्टाक एक्सचेंज में सूचीबद्ध एसएंडपी ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपने अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन करने की घोषणा की है जहां एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक कर्मी कार्य करेंगे। .

see more..

रुपया 19 पैसे मजबूत

16 Apr 2026 | 7:53 PM

मुंबई, 16 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 19 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 93.1475 रुपये का बोला गया। .

see more..

वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी का 15वां दौर शुक्रवार को

16 Apr 2026 | 6:35 PM

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता) कोयला मंत्रालय वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 15वें दौर की शुरुआत शुक्रवार को करने के साथ-साथ मुंबई में हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित कर रहा है।.

see more..

दोपहर बाद मुनाफावसूली से टूटे प्रमुख सूचकांक

16 Apr 2026 | 6:20 PM

मुंबई, 16 अप्रैल (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को दिग्गज कंपनियों में ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली से प्रमुख सूचकांक शुरुआती तेजी के बाद अंततः गिरावट में बंद हुए।.

see more..