Sunday, Jun 14 2026 | Time 21:50 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 मिशन की उल्टी गिनती शुरू, सोमवार सुबह 10:17 पर होगा लॉन्च

चेन्नई, 11 जनवरी (वार्ता)आंध्रप्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र में पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 'पृथ्वी अवलोकन उपग्रह' अभियान और 15 अन्य उपग्रहों के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती रविवार सुबह शुरू हो गयी है। यह मिशन सोमवार सुबह 10:17 पर यह श्रीहरिकोटा से उड़ान भरेगा।
नये साल में इसरो का यह पहला लॉन्च होगा। ईओएस-एन1, जिसे अन्वेषा भी कहा जाता है, एक भारतीय हाइपरस्पेक्ट्रल अर्थ इमेजिंग सैटेलाइट है, जिसे डीआरडीओ ने रणनीतिक रक्षा उद्देश्यों के साथ-साथ कृषि, शहरी मानचित्रण और पर्यावरण मूल्यांकन में नागरिक निगरानी के लिए बनाया है।
इसरो ने कहा कि प्रक्षेपण प्राधिकरण बोर्ड (एलएबी) की मंजूरी मिलने और मिशन तैयारी समीक्षा (एमआरआर) से प्रक्षेपण की अनुमति मिलने के बाद, रविवार दोपहर 12:17 बजे 22 घंटे की उल्टी गिनती शुरू हो गयी। इस अवधि के दौरान चार चरणों वाले इस रॉकेट में प्रणोदक (ईंधन) भरा जायेगा।
इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "मिलिए पीएसएलवी-सी62 से - यह PSLV की 64वीं उड़ान और पीएसएलवी-डीएल संस्करण का 5वां मिशन है। रॉकेट की मुख्य विशेषताएं: ऊंचाई 44.4 मीटर, उड़ान द्रव्यमान 260 टन, 4 चरण।"
इसरो ने कहा कि वाहन और उपग्रहों के एकीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है और प्रक्षेपण-पूर्व जांच और अंतिम जांच की प्रक्रिया निरंतर जारी रही हैं। पीएसएलवी-सी62 मिशन सोमवार सुबह 10:17 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के प्रथम लॉन्च पैड से उड़ान भरेगा।
पीएसएलवी 44.4 मीटर ऊंचा और 260 टन उड़ान द्रव्यमान वाला चार चरणों वाला रॉकेट है, जो ठोस और तरल प्रणोदकों (ईंधन) से संचालित होता है। यह इसरो का बहुमुखी, सबसे भरोसेमंद और सबसे अधिक काम आने वाला प्रक्षेपण यान है। ईओएस-एन1 और 14 अन्य उपग्रहों को 505 किमी की ऊंचाई पर 97.5 डिग्री के झुकाव के साथ सूर्य तुल्यकालिक कक्षा में स्थापित किया जायेगा, जबकि केआईडी कैप्सूल को पुन: प्रवेश पथ पर भेजा जायेगा।
ईओएस-एन1 और 14 उपग्रहों को उनकी कक्षा में स्थापित करने के बाद पीएस4 चरण (चौथे चरण) को गति कम करने के लिए फिर से चालू किया जायेगा, ताकि वह पुन: प्रवेश पथ पर आ सके। इसके बाद केआईडी कैप्सूल को अलग किया जायेगा। पीएस4 चरण और केआईडी कैप्सूल दोनों ही पृथ्वी के वायुमंडल में पुन: प्रवेश करेंगे और दक्षिण प्रशांत महासागर में गिरेंगे।
पीएसएलवी-सी62 मिशन इसरो की चलाई जाने वाली सबसे लंबी उड़ानों में से एक है। रॉकेट की उड़ान के लगभग 16 मिनट बाद इसके चौथे चरण का इंजन बंद कर दिया जायेगा और करीब एक मिनट तक जड़त्वीय गति से आगे बढ़ेगा और उड़ान भरने के करीब 17 मिनट बाद भारतीय उपग्रह 'अन्वेषा/ईओएस-एन1' और 14 अन्य उपग्रहों को अलग कर दिया जायेगा।
इस मिशन में छोड़े जाने वाले दिलचस्प उपग्रहों में से एक 'आयुलसैट' होगा, जिसे भारतीय कंपनी 'ऑर्बिटएड' ने विकसित किया है, जो अंतरिक्ष यानों के लिए एक प्रकार का 'अंतरिक्ष ईंधन टैंकर' है। पृथ्वी कीकक्षा में ईंधन भरने की इस सुविधा से चक्कर लगा रहे उपग्रहों का जीवनकाल बढ़ जाएगा, जिससे कुल लागत और अंतरिक्ष कचरे दोनों में कमी आयेगी।
इसरो ने कहा कि यह न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) संचालित 9वां समर्पित वाणिज्यिक मिशन है, जिसके तहत उपयोगकर्ता के लिए ईओएस-एन1 पृथ्वी अवलोकन उपग्रह का निर्माण और प्रक्षेपण किया जा रहा है। इसके साथ ही, इसके माध्यम से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के 14 अन्य उपग्रहों को भी प्रक्षेपण सेवायें दी जा रही हैं।
पीएसएलवी-सी62 मिशन के दौरान एक स्पेनिश स्टार्टअप 'केआईडी' (केस्ट्रेल इनिशियल टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेटर) का भी प्रदर्शन किया जायेगा, जो उस स्टार्टअप के विकसित किये जा रहे पुन: प्रवेश यान के एक छोटे पैमाने का प्रोटोटाइप है। केआईडी अलग होने वाला अंतिम उपग्रह होगा, जिसके बाद इसे पृथ्वी के वायुमंडल में पुन: प्रवेश करने और दक्षिण प्रशांत महासागर में गिरने के लिए निर्धारित किया गया है।
इस प्रक्षेपण में पीएसएलवी-डीएल संस्करण का उपयोग किया जायेगा, जिसमें ठोस ईंधन वाले दो 'स्ट्रैप-ऑन' मोटर लगे होंगे। यह पीएसएलवी-डीएल संस्करण का पांचवां मिशन होगा। यह मिशन पीएसएलवी की 64वीं उड़ान होगी।पीएसएलवी प्रक्षेपण यान ने अब तक 63 उड़ानें पूरी की हैं। इनमें चंद्रयान-1, मार्स ऑर्बिटर मिशन (मंगलयान), आदित्य-एल1 और एस्ट्रोसैट मिशन जैसे उल्लेखनीय अभियान शामिल हैं।
वर्ष 2017 में पीएसएलवी ने एक ही मिशन में 104 उपग्रहों को प्रक्षेपित कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के कई महत्वपूर्ण मिशनों की तैयारी के बीच हाल के वर्षों में मिले कुछ झटकों के बाद इन आगामी प्रक्षेपणों का महत्व और भी बढ़ गया है।
आलम जितेन्द्र
वार्ता
More News

लोकसभा में अलग गुट बनाने की बागी सांसदों की कोशिश; अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को पत्र लिखकर विभाजन को अमान्य करने की मांग की

14 Jun 2026 | 8:52 PM

कोलकाता, 14 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर संसद में एक अलग गुट के रूप में मान्यता मांगने की योजना से ठीक एक दिन पहले, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने मोर्चा खोल दिया है। श्री बनर्जी ने श्री बिरला को तीन पन्नों का एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे पार्टी के भीतर किसी भी विभाजित या अलग हुए समूह को मान्यता न दें।.

see more..

केंद्र की मंजूरी के बाद कोलकाता हवाई अड्डे की मस्जिद का स्थानांतरण संभव, रनवे विस्तार परियोजना बढ़ेगी आगे

14 Jun 2026 | 8:42 PM

कोलकाता, 14 जून (वार्ता) नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे के पास स्थित ऐतिहासिक मस्जिद के स्थानांतरण से जुड़े काफी समय से लंबित मामले का समाधान निकलने की उम्मीद है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने संकेत दिया है कि केंद्र सरकार से औपचारिक निर्देश मिलते ही काम शुरू हो जायेगा।.

see more..

तेलंगाना में ड्रग तस्कर पकड़ा गया, एमडीएमए, गांजा जब्त किया गया

14 Jun 2026 | 8:25 PM

हैदराबाद, 14 जून (वार्ता) तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में माधापुर पुलिस और कुकटपल्ली विशेष अभियान दल (एसओटी) ने एक संयुक्त कार्रवाई में एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से एमडीएमए और गांजा जब्त किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।.

see more..

मिजोरम: चकमा स्वायत्त जिला परिषद में फिर राजनीतिक संकट; जेडपीएम के तीन सदस्यों का इस्तीफा

14 Jun 2026 | 7:43 PM

आइजोल, 14 जून (वार्ता) मिजोरम के चकमा स्वायत्त जिला परिषद (सीएडीसी) में लंबे समय से जारी राजनीतिक अस्थिरता और अधिक गहरा गई है। परिषद में सत्ताधारी दल 'जोराम पीपुल्स मूवमेंट' (जेडपीएम) के तीन निर्वाचित सदस्यों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है।.

see more..

पश्चिम बंगाल: भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार करेगी सरकार

14 Jun 2026 | 7:38 PM

सिलीगुड़ी, 14 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक डॉ. शंकर घोष ने रविवार को राज्य की पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों के दौरान राज्य ने "धोखे की सरकार" देखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रशासन अवैधता और भ्रष्टाचार की संस्कृति को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।.

see more..