Monday, Jun 15 2026 | Time 07:53 Hrs(IST)
इलेक्ट्रॉनिक


9,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने हैदराबाद पहुंचे मोदी

9,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने हैदराबाद पहुंचे मोदी

हैदराबाद, 10 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार दोपहर तेलंगाना पहुंचे, जो लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला तेलंगाना दौरा है।

.

प्रधानमंत्री विशेष विमान से बेंगलुरु से बेगमपेट हवाईअड्डे पहुंचे। यहां तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार, राज्य मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और पोन्नम प्रभाकर, पूर्व क्रिकेटर एवं कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन, सांसद ईटाला राजेंदर, राठौड़ रमेश और धर्मपुरी अरविंद, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव, पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।




पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री मोदी बेगमपेट हवाईअड्डे से माधापुर स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) जाएंगे, जहां वह 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा। इसके बाद श्री मोदी गाचीबौली स्थित साई सिंधु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में शाम 4:15 बजे से 4:45 बजे तक हिस्सा लेंगे।




अपने दौरे के दौरान श्री मोदी के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण से भी मुलाकात करने की संभावना है। इसके बाद वह बेगमपेट हवाईअड्डे लौटेंगे और सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड पहुंचकर शाम को एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री के शाम लगभग 7:40 बजे बेगमपेट हवाईअड्डे से गुजरात रवाना होने की संभावना है। श्री मोदी के दौरे को लेकर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध भी लागू किये गये हैं।


 


शादाब जितेन्द्र

वार्ता

There is no row at position 0.