Monday, Dec 15 2025 | Time 17:39 Hrs(IST)
राज्य » बिहार / झारखण्ड


बिहार में कई दिग्गज नेताओं के रिश्तेदार का सितारा चमका, कुछ के तारे गर्दिश में

बिहार में कई दिग्गज नेताओं के रिश्तेदार का सितारा चमका, कुछ के तारे गर्दिश में

पटना, 18 नवंबर (वार्ता) बिहार में इस बार विधानसभा के चुनाव में कई दिग्गज नेताओं के रिश्तेदार चुनावी समर के अभेद दुर्ग तोड़कर पहली बार सत्ता के सिंहासन पर विराजमान हुये, लेकिन कुछ के सपने चूर हो गये।


 


बिहार विधानसभा चुनाव में कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी विरासत उत्तराधिकारी को सौंपने के लिए दांव-पेच आजमाया। इस बार के चुनाव में कई उम्मीदवार थे, जिनके पिता,माता या रिश्तेदार की बिहार की राजनीति में मजबूत दखल है। कई दिग्गज नेताओं के रिश्तेदार अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए सियासी जमीं पर अपना खुद का 'आशियाना' बनाने के लिए चुनावी समर में उतरे। इनमें कई दिग्गज नेताओं के रिश्तेदरों का सितारा चमका और वह सत्ता के नये सिकंदर बने, जबकि कुछ के तारे गर्दिश में रह गये।


 


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह के पुत्र त्रिविक्रम सिंह ने औरंगाबाद से, गौराबौराम से निवर्तमान विधायक श्रवर्णा सिंह के पति और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के पूर्व अधिकारी सुजीत कुमार सिंह ने इसी सीट से चुनाव जीता और पहली बार विधानसभा पहुंचे। पूर्व विधायक राजीव रंजन सिंह के पुत्र राहुल रंजन इस्लामपुर से, पूर्व मंत्री अशोक राम के पुत्र अतिरेक कुमार कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) से, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पुत्र अभिषेक आनंद चेरियाबरियारपुर ,पूर्व मंत्री दिनेश कुशवाहा के पुत्र अजय कुमार मीनापुर सीट से चुनाव जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंचे।


 


इसी तरह सकरा (सुरक्षित) से निवर्तमान विधायक अशोक कुमार चौधरी के पुत्र आदित्य कुमार इसी सीट से,वारिसनगर से निवर्तमान विधायक अशोक कुमार के पुत्र मांजरीक मृणाल इसी सीट से ,पूर्व विधायक स्व. प्रो. आरपी शर्मा के पुत्र कुमार पुष्पंजय बरबीघा से, दिग्गज कांग्रेसी नेता स्वर्गीय सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश कहलगांव से, पूर्व विधायक दिलीप वर्मा के पुत्र समृद्ध वर्मा सिकटा से, पूर्व सांसद दिवंगत ब्रह्मानंद मंडल के पुत्र नचिकेता मंडल जमालपुर से,पूर्व सांसद अरूण कुमार के पुत्र ऋतुराज कुमार घोसी से, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार के भतीजा रोमित कुमार अतरी से ,बिहार सरकार में मंत्री संतोष सिंह के भाई आलोक कुमार सिंह दिनारा से और पूर्व सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन के पुत्र ओसामा शाहाब रघुनाथपुर से चुनाव जीत कर सत्ता के नये सिकंदर बने।


 


इस बार के चुनाव में राजनीतिक दलों के दिग्गजों की रिश्तेदार कई महिला उम्मीदवरों ने भी पहली बार जीत का परचम लहराया। इनमें पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद औराई सीट से,सांसद वीणा देवी और विधान पार्षद दिनेश सिंह की पुत्री कोमल सिंह गायघाट सीट से, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता सासाराम सीट से और पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री करिश्मा राय ने परसा सीट पर अपना ‘करिश्मा’ दिखाया और पहली बार विधानसभा पहुंची।


 


यह तो थी वैसे उम्मीदवारों की बात जो राजनीतिक परिवार से आये और जीत का परचम लहराया वहीं कई ऐसे भी उम्मीदवार भी रहे जिनके सत्ता के नये सिकंदर बनने के सपने चूर हो गये। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के भांजा सीमांत मृणाल गरखा (सुरक्षित) से चुनाव हार गये। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के पुत्र यशराज पासवान ने अलौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा लेकिन अपना यश नहीं दिखा सके। पूर्व सासंद छेदी पासवान के पुत्र रवि शंकर पासवान मोहनिया (सुरक्षित) सीट से चुनाव हार गये। पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुनाथ झा के पौत्र नवनीत झा ने शिवहर विधानसभा सीट के किस्मत आजमायी लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।


 


इसी तरह बक्सर सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री के.के तिवारी के पुत्र तथागत हर्षवर्धन, धौरैया सुरक्षित सीट से पूर्व विधायक स्व.नरेश दास के पुत्र त्रिभुवन दास, करहगर सीट से पूर्व मंत्री रामधनी सिंह के पुत्र उदय प्रताप सिंह,चैनपुर सीट से पूर्व सासंद स्व.लालमुनि चौबे के पुत्र हेमंत चौबे,कहलगांव सीट से झारखंड सरकार में मंत्री संजय यादव के पु्त्र रजनीश भारती, संदेश की निवर्तमान विधायक किरण देवी और पूर्व विधायक अरूण यादव के पुत्र दीपू सिंह को इसी सीट पर हार का सामना करना पड़ा।


 


पूर्व मुख्यमंत्रियों के कई परिजन भी चुनावी समर में सत्ता के नये सिकंदर बनने की आस में थे लेकिन उनके अरमानो पर जनता ने पानी फेर दिया।मोरवा विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर को शिकस्त का सामना करना पड़ा।पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह के पुत्र सुशील कुमार को चेरियबरियारपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा।नरकटियागंज सीट से पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय के पुत्र शाश्वत केदार को भी चुनावी अखाड़े में मात मिली।


 


इस बार के चुनाव में दिग्गज राजनेताओं की कई महिला उम्मीदवार पहली बार सत्ता पाने के इरादे से समर में उतरी लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लगी।पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह को अस्थावां विधानसभा सीट पर हुये चुनाव में शिकस्त मिली।पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला और पूर्व विधायक अन्नू शुक्ला की पुत्री शिवानी शुक्ला लालगंज सीट पर चुनाव हार गयी।परिहार विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे की बहू स्मिता पूर्वे गुप्ता को हार सामना करना पड़ा। हसनुपर सीट से पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम की पत्नी माला पुष्पम, विभूतीपुर से पूर्व विधायक राम बालक सिंह की पत्नी रवीना कुशवाहा, दरभंगा से पूर्व विधान पार्षद स्व.विनोद कुमार चौधरी की पुत्री और प्लूरल्स पार्टी प्रमुख पुष्पम प्रिया, पूर्व मंत्री इलयास हुसैन की पुत्री और पेशे से चिकित्सक आसमा प्रवीण, महुआ से, गोपालगंज सीट से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साला पूर्व सांसद अनिरूद्ध प्रसाद यादव उर्फ साधु यादव की पत्नी इंदिरा देवी चुनाव हार गयी।


 


प्रेम

वाता

More News

पश्चिमी चम्पारण: 129 लीटर विदेशी शराब के साथ ट्रैक्टर जब्त, तस्कर गिरफ्तार

15 Dec 2025 | 5:00 PM

बेतिया,15 दिसंबर(वार्ता)। बिहार के पश्चिमी चम्पारण मद्य निषेध और उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की सुबह नौतन के शिवराजपुर नहर के समीप छापेमारी कर 129.6 लीटर विदेशी शराब के साथ एक ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया है।.

see more..

सारण: सड़क दुर्घटना में ऑटो रिक्शा चालक की मौत

15 Dec 2025 | 4:47 PM

छपरा, 15 दिसम्बर (वार्ता) बिहार में सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र में सड़क दुघर्टना में घायल एक ऑटो रिक्शा चालक की मौत अस्पताल ले जाने के दौरांन हो गई।.

see more..

बिहार की राजनीति में जनसुराज का इंतेजार भले बढ़ गया है, लेकिन उम्मीदें खत्म नही हुई हैं: के.सी. सिन्हा

15 Dec 2025 | 4:19 PM

पटना,15 दिसंबर (वार्ता) प्रसिद्ध गणितज्ञ और हाल ही में संपन्न हुए बिहार चुनाव में कुम्हरार विधानसभा सीट पर जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी केसी सिन्हा ने कहा कि बिहार की राजनीति में जनसुराज का इंतजार भले बढ़ गया है, लेकिन उम्मीदें खत्म नही हुई हैं।.

see more..

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचना जरूरी :अनिल कुमार

15 Dec 2025 | 3:43 PM

पटना, 15 दिसंबर (वार्ता)सूचना एवं जनसंपर्क विभाग(आईपीआरडी), पटना के निदेशक अनिल कुमार ने सोमवार को कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचना जरूरी है। श्री कुमार ने आज आईपीआरडी, पटना के निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद निदेशक अनिल कुमार ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर कामकाज की जानकारी ली और सभी शाखाओं का निरिक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना रहेगी। खासकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और गांवों में रहने वाले लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए व.

see more..

झारखंड हाईकोर्ट से गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को बड़ी राहत, मारपीट मामले में दर्ज प्राथमिकी रद्द

15 Dec 2025 | 3:35 PM

रांची, 15 दिसंबर (वार्ता) झारखंड हाईकोर्ट ने गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द कर दिया है। .

see more..