Monday, Dec 15 2025 | Time 11:36 Hrs(IST)
भारत


भारत, पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकी, ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तानी सेना की कमर टूटी

भारत, पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकी, ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तानी सेना की कमर टूटी

नयी दिल्ली 10 मई (वार्ता) पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में आतंकवादी अड्डों को निशाना बना कर बीते पांच दिनों से जारी भारत के ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ से पस्त हुई पाकिस्तानी सेना की पहल पर दोनों पक्ष सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए और शनिवार शाम को दोनों ओर से बंदूकें शांत हो गयीं।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शाम करीब छह बजे एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में सैन्य कार्रवाई रोके जाने की सहमति की जानकारी दी।

भारतीय सेनाओं की पाकिस्तान स्थित आतंकवादी अड्डों और पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को जबरदस्त नुकसान पहुंचने के बाद पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने आज अपराह्न भारतीय सेना के डीजीएमओ से टेलीफोन पर बात की और दोनों पक्षों ने भारतीय समयानुसार शाम पांच बजे से ज़मीन, हवा, एवं समुद्र से एक दूसरे के विरुद्ध सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जतायी। पर सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर बनी सहमति पर भारत ने स्पष्ट किया है कि यह सहमति केवल सैन्य कार्रवाई तक सीमित है और भारत की ओर से पाकिस्तान पर सिंधु जल संधि पर रोक सहित सभी प्रतिबंध यथावत जारी रहेंगे।

बीते पांच दिनों में पाकिस्तान ने भारत पर पांच सौ से अधिक ड्रोन, राकेट एवं मिसाइलों से हमला किया लेकिन भारतीय वायु प्रतिरक्षा प्रणाली ने किसी भी भारतीय सैन्य एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जबकि ऑपरेशन सिन्दूर में पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठानों एवं आतंकवादी ठिकानों के ध्वस्त होने से पाकिस्तान रक्षा प्रणाली की कमर टूट गयी और पाकिस्तानी सैनिकाें का हौसला पस्त हो गया।

विदेश सचिव ने संवाददाताओं के समक्ष एक वक्तव्य में कहा, “पाकिस्तान के डीजीएमओ ने अपने भारतीय समकक्ष के साथ दिन में तीन बजकर 35 मिनट पर बातचीत की थी। दोनों पक्ष भारतीय समय के अनुसार शाम पांच बजे से जमीन, हवा और समुद्र सभी क्षेत्रों में सैन्य कार्रवाई बंद करने पर सहमत हुए हैं। इस संबंध में दोनों देशों ने अपने सशस्त्र बलों को इस पर अमल के आदेश जारी कर दिये हैं। दोनों डीजीएमओ स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार यानी 12 मई को दिन में बारह बजे फिर से बात करेंगे।”

विदेश सचिव की घोषणा के कुछ देर बाद रक्षा मंत्रालय की नौसेना वायुसेना एवं थल सेना की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गयी। भारतीय नौसेना के कमोडोर रघु आर नायर ने कहा कि उच्चस्तर पर समुद्र, हवा और जमीन पर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने के लिए सहमति बन गई है। भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेनाओं को इस सहमति का पालन करने का निर्देश दे दिया गया है। लेकिन इस संघर्ष के दौरान पाकिस्तान की ओर से दुष्प्रचार अभियान चलाया गया था।

पाकिस्तान के दुष्प्रचार अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने अपने जेएफ-17 से हमारे एस-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया, जो पूरी तरह से गलत है। दूसरे, उसने एक गलत सूचना अभियान भी चलाया कि सिरसा, जम्मू, पठानकोट, भटिंडा, नलिया और भुज में हमारे हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाया गया, उसकी यह दावा भी पूरी तरह से गलत है। तीसरे, चंडीगढ़ और व्यास में हमारे गोला-बारूद डिपो को नुकसान पहुंचाया गया, यह भी पूरी तरह से गलत है।

कर्नल कुरैशी ने कहा, “पाकिस्तान ने झूठे आरोप लगाए कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और हमारी सेना भारत के संवैधानिक मूल्य का एक बहुत ही सुंदर प्रतिबिंब है। ...हमारे अभियान विशेष रूप से भारत विरोधी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे आतंकवादी ठिकानों पर लक्षित रहे। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किसी भी धार्मिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया है।”

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तानी को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह से तैयार, सतर्क और भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जैसा कि हमने देखा है, पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान को हमारे ठिकानों पर बिना उकसावे के हमला करने के बाद बहुत भारी और असहनीय क्षति हुई है। उसे ज़मीन और हवा दोनों जगहों पर नुकसान उठाना पड़ा है। महत्वपूर्ण पाकिस्तानी हवाई ठिकानों- स्कार्दू, जैकोबाबाद, सरगोधा और भोलारी को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, एडी हथियार प्रणाली और रडार के नुकसान ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को अस्थिर बना दिया है।

विंग कमांडर सिंह ने कहा कि नियंत्रण रेखा के पार, सैन्य बुनियादी ढांचे, कमांड कंट्रोल सेंटर और लॉजिस्टिक प्रतिष्ठानों को व्यापक और सटीक नुकसान पहुँचा है, इसके अलावा, दो सैन्य कर्मियों की मौत ने इसकी रक्षात्मक और आक्रामक क्षमता और पाकिस्तानी मनोबल को पूरी तरह से तोड़ दिया है।

कमोडोर रघु आर नायर ने कहा, “हम भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के बीच बनी सहमति का पालन करेंगे, हम मातृभूमि की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार और सतर्क और प्रतिबद्ध हैं। पाकिस्तान के हर दुस्साहस का जवाब ताकत से दिया गया है। भविष्य में हर उकसावा एक निर्णायक जवाब को आमंत्रित करेगा। हम राष्ट्र की रक्षा के लिए जो भी कार्रवाई आवश्यक हो उसे शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।”

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए कोई शर्त नहीं लगायी गयी है और यह सहमति बिना किसी पूर्व या बाद की शर्तों के हुई है। सूत्रों ने कहा कि सिंधु जल संधि स्थगित रहेगी, अटारी-वाघा सीमा चौकी बंद रहेगी, नागरिकों की आवाजाही सहित अन्य सभी पाबंदियां भी लागू रहेंगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर भारत का दृष्टिकोण पहले जैसा ही है और उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच किसी तीसरे पक्ष के साथ कहीं तीसरी जगह पर बातचीत की भी कोई शर्त नहीं रखी गयी है।

सचिन संजीव

वार्ता

More News

मेसी के कार्यक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस ने किया परामर्श जारी

15 Dec 2025 | 10:43 AM

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी के दौरे के मद्देनजर यातायात परामर्श जारी किया है। .

see more..

घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 40 उड़ानें रद्द

15 Dec 2025 | 9:47 AM

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह 40 उड़ानें रद्द करनी पड़ी और चार को डायवर्ट किया गया है जबकि बड़ी संख्या में उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हो रही है।.

see more..

मोदी जॉर्डन , इथियोपिया और ओमान की चार दिन की यात्रा पर रवाना

15 Dec 2025 | 9:46 AM

नयी दिल्ली 15 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की चार दिन की यात्रा पर सोमवार को जॉर्डन के लिए रवाना हो गये। .

see more..

दिल्ली में घना कोहरा, इंडिगो और एयर इंडिया ने उड़ानों में देरी की चेतावनी जारी की

15 Dec 2025 | 8:43 AM

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सोमवार सुबह घने कोहरा छाया रहा, जिसके कारण यहां के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर दृश्यता कम रही और इंडिगो और एयर इंडिया सहित विभिन्न विमानन कंपनियों ने उड़ानों में संभावित देरी को लेकर चेतावनी जारी की। .

see more..

आज का इतिहास (प्रकाशनार्थ 16 दिसंबर)

15 Dec 2025 | 8:10 AM

नयी दिल्ली 15 दिसंबर (वार्ता) भारतीय एवं विश्व इतिहास में 16 दिसंबर की महत्त्वपूर्ण घटनाएँ निम्न प्रकार है।.

see more..