Sunday, Jan 18 2026 | Time 14:06 Hrs(IST)
खेल


इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिये भारतीय टीम घोषित, शमी की वापसी

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिये भारतीय टीम घोषित, शमी की वापसी

मुंबई, 11 जनवरी (वार्ता) अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इंग्लैंड के खिलाफ आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

चोट से उबरने के बाद टीम इंडिया में उनकी यह वापसी करीब 14 महीने बाद हुयी है। यह सीरीज 22 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होने वाली है।

बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने शनिवार को टीम की घोषणा की, जिसमें सूर्यकुमार यादव कप्तान और अक्षर पटेल उप-कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे। शमी के शामिल होने से भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण को धार मिलेगी। टीम में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की मौजूदगी इसे और भी पैना बनायेगी। अपने अनुभव और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए माने जाने वाले शमी की वापसी से गेंदबाजी लाइनअप में गहराई और नेतृत्व बढ़ने की उम्मीद है।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने दाहिनी एड़ी की सर्जरी के बाद मोहम्मद शमी की रिकवरी और पुनर्वास पर बारीकी से नजर रखी। शमी ने नवंबर में मध्य प्रदेश के खिलाफ बंगाल के रणजी ट्रॉफी मैच में 43 ओवर गेंदबाजी करके अपनी फिटनेस और फॉर्म का सबूत दिया था। शमी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) के सभी नौ मैचों में भी भाग लिया और आगामी टेस्ट मैचों की तैयारी के लिए अपनी क्षमता को आंकने के लिये अतिरिक्त गेंदबाजी सत्र के साथ मैदान पर अपने प्रदर्शन को बढ़ाया।

इन प्रयासों के बावजूद, शमी को महत्वपूर्ण बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए नजरअंदाज कर दिया गया, जहां भारत को ऑस्ट्रेलिया से 1-3 श्रृंखला हार का सामना करना पड़ा और पहली बार आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहा।

घोषित टीम अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण है। संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बल्लेबाजी लाइनअप में तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा के साथ-साथ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और अक्षर को शामिल किया गया हैं।

भारत के स्पिन आक्रमण का नेतृत्व वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और वाशिंगटन सुंदर करेंगे। रिंकू सिंह और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ियों का समावेश भविष्य के लिए युवा प्रतिभाओं को तैयार करने पर टीम के फोकस को उजागर करता है।

अब तक शानदार फार्म में चल रहे जसप्रीत बुमराह को टी20 सीरीज में आराम दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पांचवें टेस्ट में बुमराह को पीठ में खिंचाव की समस्या हुयी थी और वह कुछ समय मैदान से बाहर भी रहे थे। ऋषभ पंत को भी टी20 सीरीज के लिये भारतीय दल में जगह नहीं मिली है।

टीम इस प्रकार है: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल (उपकप्तान), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।

भारत 22 जनवरी से दो फ़रवरी के बीच कोलकाता, चेन्नई, राजकोट, पुणे और मुंबई में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेज़बानी करेगा जिसके बाद तीन वनडे मैच नागपुर (6 फ़रवरी), कटक (9 फ़रवरी) और अहमदाबाद (12 फ़रवरी) में खेले जाएंगे।

प्रदीप

वार्ता

More News

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टी20 दल में फूलमाली और पाटिल की वापसी

18 Jan 2026 | 1:51 PM

मुंबई, 18 जनवरी (वार्ता) बल्लेबाज भारती फूलमाली ने 2019 के बाद पहली बार भारत की टी20 टीम में वापसी की है। उनके साथ ऑफ़ स्पिनर श्रेयंका पाटिल को भी फरवरी में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुना गया है। 17 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज जी कमलिनी और बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को पहली बार वनडे टीम से बुलावा मिला है। ये दोनों खिलाड़ी पिछले साल दिसंबर में श्रीलंका के ख़िलाफ खेलने वाली भारतीय टी20 टीम का हिस्सा थीं।.

see more..

कर्नाटक ने आईपीएल मैचों से पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को सशर्त मंज़ूरी दी

18 Jan 2026 | 1:38 PM

बेंगलुरु, 18 जनवरी (वार्ता) भले ही 4 जून, 2025 को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की यादें अभी भी ताज़ा हैं, लेकिन कर्नाटक सरकार ने इस जगह को इंटरनेशनल क्रिकेट मैच और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मेज़बानी के लिए सशर्त मंज़ूरी दे दी है।.

see more..

एशियाई बॉक्सिंग ने विजेंदर सिंह को एथलीट कमीशन का सदस्य नियुक्त किया

18 Jan 2026 | 1:32 PM

नयी दिल्ली, 18 जनवरी (वार्ता) बीजिंग ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट विजेंदर सिंह को एशियाई बॉक्सिंग एथलीट कमीशन का सदस्य नियुक्त किया गया है, जबकि राजेंद्रन रविंद्रन को रेफरी और जज कमीशन सदस्यों का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है।.

see more..

भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

18 Jan 2026 | 1:24 PM

इंदौर, 18 जनवरी (वार्ता) भारत ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे में रविवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। .

see more..

जापानी दिग्गज युई सुसाकी के नेतृत्व में हरियाणा थंडर्स दिल्ली को 6–3 से हराया

18 Jan 2026 | 1:08 PM

नोएडा, 18 जनवरी (वार्ता) जापानी दिग्गज युई सुसाकी ने एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा थंडर्स को प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) 2026 के मैच 5 में दिल्ली दंगल वॉरियर्स के खिलाफ शनिवार को 6–3 की प्रभावशाली जीत दिलाई। कई बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुसाकी ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मात्र 57 सेकंड में मुकाबला जीतकर लीग इतिहास की सबसे तेज तकनीकी जीत का रिकॉर्ड बनाया। इस जीत के साथ हरियाणा ने अपना अपराजेय अभियान जारी रखते हुए चार अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। सुसाकी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि दिल्ली दंगल वॉरियर्स के तुरान बायरामोव को फाइटर ऑ.

see more..