Tuesday, Jan 13 2026 | Time 23:57 Hrs(IST)
बिजनेस


इंडिगो की 800 से अधिक उड़ानें रद्द, यात्री परेशान, सरकार ने तय किया अधिकतम किराया

इंडिगो की 800 से अधिक उड़ानें रद्द, यात्री परेशान, सरकार ने तय किया अधिकतम किराया

नयी दिल्ली, 06 दिसंबर (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो की शनिवार को देशभर में 800 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।




एयरलाइंस ने आज एक मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि शनिवार को रद्द उड़ानों की संख्या घटकर 850 से कम रह गयी है। उसने कहा है कि आने वाले दिनों में इस संख्या को और कम करने तथा परिचालन सामान्य करने के लिए वह प्रयासरत है।


 


उल्लेखनीय है कि गत 01 नवंबर को फ्लाइट ड्यूटी संबंधी नये नियम लागू होने के बाद पायलट की कमी के कारण उत्पन्न यह संकट दिसंबर आते-आते काफी गहरा गया। एयरलाइंस ने उड़ानों में लगातार बढ़ती देरी के बाद सैकड़ों की संख्या में उड़ानें रद्द करने का फैसला किया।


 


तीन दिन में दो हजार से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। गत 04 दिसंबर में करीब 400, 05 दिसंबर को 1,000 से अधिक और 06 दिसंबर को 800 से ज्यादा उड़ानें रद्द रही हैं। आज दिल्ली में कम से कम 106, मुंबई में 109, चेन्नई में 50 से अधिक, अहमदाबाद में 62 और जयपुर में 25 उड़ानें रद्द हुई हैं। अन्य शहरों से भी उड़ानें रद्द होने की खबरें हैं।


 


इस बीच, इंडिगो संकट के कारण आसमान छूते हवाई किराये और यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए सरकार ने दूरी के हिसाब से अधिकतम किराया तय कर दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि 500 किलोमीटर तक की दूरी तक के लिए अधिकतम किराया 7,500 रुपये होगा। वहीं, 500 किमी से 1,000 किमी तक की दूरी के लिए किराये की सीमा 12,000 रुपये तय की गयी है।


 


एयरलाइंस 1,000 किमी से 1,500 किमी के लिए 15,000 रुपये से ज्यादा नहीं ले सकेंगी। वहीं, 1,500 किमी से ज्यादा की सभी दूरी के लिए अधिकतम किराया 18,000 रुपये तय किया गया है।


 


मंत्रालय ने कहा है कि अधिकतम किराया सीमा में यूजर डेवलपमेंट फी, यात्री सेवा शुल्क और कर शामिल नहीं हैं। साथ ही, बिजनेस श्रेणी की सीटों और उड़ान योजना के तहत आरक्षित सीटों पर यह सीमा लागू नहीं होगी। उसने कहा है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेगी।


 


मंत्रालय ने इंडिगो से कहा है कि वह बिना किसी देरी के सभी प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दे। रद्द या प्रभावित उड़ानों के मामले में रिफंड का काम रविवार 07 दिसंबर 2025 को रात आठ बजे तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, इंडिगो संकट के प्रभावित यात्री अगर अपनी यात्रा की तारीख या समय में बदलाव करते हैं तो उनसे कोई रिशिड्यूलिंग चार्ज न लेने की सलाह दी गयी है।


 


एयरलाइंस से कहा गया है कि जिन यात्रियों ने बैगेज चेक-इन करा लिया था उसके बाद उनकी उड़ान रद्द हो गयी या उसमें देरी हुई, उनके बैगेज यात्री के घर पर या उनके द्वारा उपलब्ध कराये गये पते पर भिजवा दिये जाएं।


 


इससे पहले, शुक्रवार को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अपना वह आदेश वापस ले लिया था जिसमें हर सप्ताह पायलट के 48 घंटे की अनिवार्य विश्राम की अवधि को साप्ताहिक अवकाश से मिलाने की मनाही की गयी थी। साथ ही उसने इंडिगो को नाइट ड्यूटी संबंधी नियमों में भी 10 फरवरी तक कुछ रियायत दी है।


 


इंडिगो ने बताया है कि वह 10-15 दिसंबर के बीच परिचालन सामान्य होने की उम्मीद कर रही है।


 


सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए डीजीसीए के एक संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति इंडिगो संकट के कारणों की जांच करेगी और भविष्य ऐसी स्थिति से बचने के उपाय सुझायेगी।


 


अजीत, मधुकांत

वार्ता

More News

पीएफआरडीए ने पेंशन फंड के पंजीकरण के लिए जारी किये दिशा-निर्देश

13 Jan 2026 | 9:01 PM

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने पेंशन निधियों के पंजीकरण के लिए मंगलवार को दिशा-निर्देश जारी किये। .

see more..

वित्तीय समावेशन की सफलता की माप वास्तविकआर्थिक गतिविधियों के विस्तार से होती है: डॉ नागेश्वरन

13 Jan 2026 | 8:15 PM

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) वित्त मंत्रालय के आर्थिक मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने मंगलवार को कहा कि वित्तीय समावेशन कार्यक्रम की सफलता अंतत: इस बात पर निर्भर करती है कि उससे वास्तविक आर्थिक गतिविधियों को कितना बल और प्रोत्साहन मिल रहा है।.

see more..
शेयर बाजारों में गिरावट, बैंकिंग और आईटी शेयर मजबूत

शेयर बाजारों में गिरावट, बैंकिंग और आईटी शेयर मजबूत

13 Jan 2026 | 8:04 PM

मुंबई, 13 जनवरी (वार्ता) विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को एक बार फिर गिरावट देखी गयी हालांकि बैंकिंग और आईटी कंपनियों के शेयर ऊपर रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 250.48 अंक (0.30 फीसदी) टूटकर 83,627.69 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 57.95 अंक यानी 0.22 प्रतिशत गिरकर 25,732.30 अंक पर रहा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलिटी, फार्मा, तेल एवं गैस, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। आईटी, बैंकिंग, मीडिया और रसायन समूहों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।

see more..

महाराष्ट्र सरकार का निवेश-व्यापार में सहयोग बढ़ाने के लिए इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स से करार

13 Jan 2026 | 7:54 PM

मुंबई, 13 जनवरी (वार्ता) इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) और महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय व्यवसायों और महाराष्ट्र राज्य के बीच सहयोग बढ़ाने और परस्पर जुड़ाव को मजबूत करने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये जिसके तहत निवेश सुविधा, कारोबार की आसानी और उद्योग-सरकार के बीच संवाद पर फोकस किया गया जायेगा।.

see more..

रुपया छह पैसे लुढ़का

13 Jan 2026 | 7:44 PM

मुंबई, 13 जनवरी (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को 5.50 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.23 रुपये का बोला गया।.

see more..