बेंगलुरु, 13 मार्च (वार्ता) सूचना-प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस ने 21 अक्टूबर 2024 और 04 नवंबर 2024 बैच के प्रशिक्षुओं के लिए निर्धारित आंतरिक मूल्यांकन को स्थगित कर दिया है।
पहले यह मूल्यांकन 24 फरवरी 2025 को होना था, जिसे अब 18 मार्च 2025 तक के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। इस फैसले से लगभग 1200 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। यह निर्णय नैसेंट इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉइज सीनेट (एनआईअीईएस) द्वारा इंफोसिस के खिलाफ 700 से अधिक प्रशिक्षुओं की कथित अनुचित और गैरकानूनी बर्खास्तगी को लेकर की गई शिकायत के बाद लिया गया है।
वहीं, इंफोसिस ने इस स्थगन को प्रशिक्षुओं को अतिरिक्त तैयारी का समय देने की पहल बताया है लेकिन यह तर्क संदेह के घेरे में है क्योंकि 07 अक्टूबर 2024 बैच के प्रशिक्षुओं को बिना किसी अतिरिक्त अवसर के बर्खास्त कर दिया गया था।
इंफोसिस के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी शाजी मैथ्यू ने कहा, “हम चाहते हैं कि प्रशिक्षु प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करें ताकि वे कंपनी में अपनी जगह बना सकें। हमारा उद्देश्य उन्हें पूरा समर्थन देना है।”
एनआईटीईएस के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सलूजा ने कहा, “हम इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि आईटी क्षेत्र में नए कर्मचारियों के साथ न्यायसंगत व्यवहार हो।”
सूरज
वार्ता