Tuesday, Aug 18 2026 | Time 05:23 Hrs(IST)
राज्य » बिहार / झारखण्ड


रेबीज के लक्षण प्रकट होने के बाद भी उपचार की नई संभावनाओं पर तेजी से शोध : डॉ. अचल कुमार श्रीवास्तव

दरभंगा, 20 जुलाई (वार्ता)अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं अटैक्सिया क्लिनिक के प्रभारी डॉ. अचल कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को कहा है कि रेबीज के लक्षण प्रकट होने के बाद भी प्रभावी उपचार विकसित करने की दिशा में विश्वभर में अनुसंधान तेजी से आगे बढ़ रहा है। डॉ. श्रीवास्तव ने यहां एसोसिएशन फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ रैबिज इन इंडिया (एपीसीआरआरआई) के 26वें राष्ट्रीय सम्मेलन में "रेबीज के उपचार में हालिया प्रगति" विषय पर आयोजित व्याख्यान को संबोधित करते हुए कहा कि
मोनोक्लोनल एंटीबॉडी, जीन थेरेपी, एमआरएनए आधारित अगली पीढ़ी की वैक्सीन तथा आधुनिक आणविक जांच तकनीकों पर हो रहे शोध भविष्य में इस जानलेवा बीमारी के उपचार की नई संभावनाएं खोल सकते हैं। हालांकि वर्तमान में नैदानिक लक्षण प्रकट होने के बाद रेबीज लगभग शत-प्रतिशत घातक बना रहता है। इसलिए समय पर बचाव, शीघ्र निदान और पोस्ट एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (पीईपी) ही सबसे प्रभावी उपाय है।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि रेबीज आज भी दुनिया की सबसे घातक संक्रामक बीमारियों में से एक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार प्रतिवर्ष लगभग 59 हजार लोगों की मृत्यु रेबीज से होती है, जिनमें 95 प्रतिशत मामले एशिया और अफ्रीका में सामने आते हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ितों में लगभग 40 प्रतिशत बच्चे 15 वर्ष से कम आयु के होते हैं। एक बार रेबीज के लक्षण प्रकट होने के बाद मृत्यु की आशंका लगभग 100 प्रतिशत होती है। इसलिए समय पर टीकाकरण और पोस्ट एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (पीईपी) ही सबसे प्रभावी बचाव है।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि रेबीज वायरस शरीर में प्रवेश करने के बाद तंत्रिका तंत्र के माध्यम से मस्तिष्क तक पहुंचता है। केंद्रीय तंत्रिका तंत्र प्रभावित होने के बाद रोगी को बचाना अत्यंत कठिन हो जाता है। उन्होंने रेबीज के दो प्रमुख स्वरूप
फ्यूरियस (एन्सेफेलाइटिक) तथा पैरालिटिक (डम्ब) रेबीज की चर्चा करते हुए कहा कि लक्षण विकसित होने के बाद उपचार की संभावनाएं अत्यंत सीमित रह जाती हैं। इसलिए रोकथाम, शीघ्र निदान और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर अनुसंधान की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में एफ-11 मोनोक्लोनल एंटीबॉडी पर हुए प्रीक्लिनिकल अध्ययनों में उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। पशु मॉडलों में इस एंटीबॉडी ने बीमारी के लक्षण प्रकट होने के बाद भी तंत्रिका संबंधी लक्षणों को कम करने और जीवित रहने की संभावना बढ़ाने में सफलता दिखाई है। इसके अलावा अन्य मोनोक्लोनल एंटीबॉडी, जीन थेरेपी तथा एमआरएनए आधारित नई पीढ़ी की वैक्सीन पर भी तेजी से शोध चल रहा है। हालांकि इन तकनीकों को नियमित उपचार का हिस्सा बनने से पहले मानवों पर व्यापक क्लीनिकल परीक्षणों से गुजरना होगा।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान में रेबीज से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका संक्रमित पशु के काटने के तुरंत बाद घाव को साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना, एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाना तथा आवश्यकता पड़ने पर रेबीज इम्युनोग्लोब्युलिन अथवा मोनोक्लोनल एंटीबॉडी का उपयोग करना है। उन्होंने कहा कि उपचार में थोड़ी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती है।उन्होंने बताया कि कभी रेबीज के उपचार के लिए चर्चित मिलवॉकी प्रोटोकॉल अब वैज्ञानिक आधार पर प्रभावी नहीं माना जाता। अनेक देशों के अनुभवों में इसकी सफलता प्रमाणित नहीं हो सकी है। इसलिए अब विशेषज्ञ रोगियों को उच्च स्तरीय आईसीयू देखभाल, कृत्रिम श्वसन सहायता, दौरे तथा स्वायत्त तंत्रिका तंत्र से जुड़ी जटिलताओं के समुचित प्रबंधन पर अधिक जोर दे रहे हैं।उन्होंने कहा कि आधुनिक आणविक जांच तकनीकों, जैसे रियल टाइम आरटी-पीसीआर, एलएएमपी तथा अन्य उन्नत परीक्षणों से रेबीज की शीघ्र पहचान संभव हो रही है। इससे समय पर उपचार शुरू करने के साथ-साथ रोग की निगरानी और निदान की क्षमता भी पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि रेबीज उन्मूलन के लिए 'वन हेल्थ' दृष्टिकोण अपनाना समय की आवश्यकता है। इसके तहत बड़े पैमाने पर कुत्तों का टीकाकरण, लोगों में जागरूकता, समय पर पीईपी की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक अनुसंधान भविष्य में रेबीज के उपचार के नए रास्ते अवश्य खोलेंगे, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में बचाव ही सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है।
सं. प्रेम
वार्ता
More News

झारखंड में जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा रद्द,अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में रिफॉर्म कमेटी

17 Aug 2026 | 11:04 PM

रांची, 17 अगस्त (वार्ता) झारखंड सरकार ने जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।.

see more..

झारखंड में जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा रद्द

17 Aug 2026 | 10:10 PM

रांची, 17 अगस्त (वार्ता) झारखंड में जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा रद्द कर दिया गया है।.

see more..

स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति बाबू देवशरण सिंह को 126 वीं जयंती पर नमन: सभापति

17 Aug 2026 | 9:44 PM

पटना, 17 अगस्त (वार्ता)बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति बाबू देवशरण सिंह की 126 वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर सभापति श्री सिंह ने कहा कि स्वर्गीय देवशरण बाबू स्वतंत्रता आंदोलन के कर्मठ सेनानी, जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। बिहार विधान परिषद के सभापति के रूप में उन्होंने सदन की गरिमा, संसदीय परंपराओं और जनहित के मुद्दों को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके योगदान को बिहार की राजनीति.

see more..

दशरथ मांझी को भारत रत्न से सम्मानित करे केंद्र सरकार : डॉ. संतोष कुमार सुमन

17 Aug 2026 | 9:39 PM

पटना, 17 अगस्त (वार्ता)हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने माउंटेन मैन दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार से उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। श्री सुमन ने कहा कि दशरथ मांझी केवल गया और बिहार के गौरव नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के महान प्रतीक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और 22 वर्षों के अथक संघर्ष से पहाड़ का सीना चीरकर रास्ता बनाया। उनका यह कार्य मानव संकल्प, सामाजिक सरोकार और जनसेवा की ऐसी मिसाल है, जिसे देश हमेश.

see more..

जिला पदाधिकारी ने गोपालगंज मंडल कारा का निरीक्षण किया

17 Aug 2026 | 9:31 PM

गोपालगंज,17 अगस्त (वार्ता) बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने सोमवार को गोपालगंज मंडल कारा (चनावे) का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल कारा परिसर में बंदी दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।.

see more..