Saturday, Apr 18 2026 | Time 00:32 Hrs(IST)
बिजनेस


पीएम गतिशक्ति के तहत जम्मू-कश्मीर, पंजाब में तीन रेल परियोजनाओं की समीक्षा

नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) नियोजन एवं क्रियान्व में सरकार सभी मंत्रालयों एवं विभागों के बीच समन्वय के सिद्धांत पर आधारित प्रधानमंत्री गतिशक्ति व्यस्था के अंतर्गत कुल चार और परियोजनाओं की समीक्षा की गयी है जिनमें तीन रेलवे और एक सड़क परियोजना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रलाय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग में लॉजिस्टिक्स के संयुक्त सचिव पंकज कुमार ने नेटवर्क योजना समूह की 99वीं बैठक में प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्र की चार परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। इनमें दो पुरानी परियोजनाओं के अलावा एक बिल्कुल नयी और एक पुरानी तथा नयी का मिलाजुला रूप है।
इन परियोजनाओं में रेल मंत्रालय की ओर से प्रस्तुत जम्मू-कश्मीर के बारामूला से उरी तक 40.2 किलोमीटर लंबी नयी ब्रॉड गेज लाइन का प्रस्ताव है जो पांच स्टेशनों को जोड़ेगी। यह परियोजना सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित रेलवे लाइन में तीन रोड अंडर ब्रिज और नौ रोड ओवर ब्रिज शामिल होंगे। इसे एक नयी सिंगल ब्रॉड-गेज लाइन के रूप में विकसित किया जायेगा, जिसके लिए नये सिरे से भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता होगी।
मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में 73.50 किलोमीटर लंबे काजीगुंड-बड़गाम रेलवे लाइन के दोहरीकरण का भी प्रस्ताव रखा है। वर्तमान में, काजीगुंड-बारामूला लाइन एकल ट्रैक पर चलती है। दोहरीकरण परियोजना सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है, जिससे सैन्य कर्मियों, उपकरणों और रसद को ले जाने वाली विशेष सैन्य ट्रेनों की निर्बाध आवाजाही संभव होगी।
इसे हिल एंड स्ट्रैटेजिक कॉरिडोर के अंतर्गत नामित किया गया है। इस मार्ग में 10 स्टेशन (नौ क्रॉसिंग स्टेशन और एक हॉल्ट) जोड़े जायेंगे। यह नया अलाइनमेंट मौजूदा लाइन के समानांतर चलेगा। दोहरीकरण से क्षमता बढ़ेगी, देरी कम होगी और घाटी में कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
बैठक में रेल मंत्रालय की ओर से लुधियाना-जालंधर कैंट के बीच तीसरी लाइन और अंबाला कैंट-साहनेवाल के बीच चौथी लाइन के विकास के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गयी। इस प्रस्ताव में 138 किलोमीटर मार्ग में ब्रॉड गेज लाइन बिछाने की योजना है। यह मार्ग पंजाब के प्रमुख जिलों (पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, कपूरथला, जालंधर) और हरियाणा के अंबाला जिले से होकर गुजरता है। इस परियोजना से यात्रा का समय कम होगा, भीड़भाड़ कम होगी और यात्री तथा मालगाड़ियों, दोनों की क्षमता बढ़ेगी। यह 21 स्टेशनों को कवर करेगी। मार्ग में 44 रोड अंडर ब्रिज और एक रोड ओवर ब्रिज बनाया जायेगा। यह खंड अंबाला-लुधियाना-जालंधर-अमृतसर कॉरिडोर का हिस्सा है। इस पर वर्तमान में प्रतिदिन प्रत्येक दिशा में लगभग 92 ट्रेनें चलती हैं। यह मार्ग रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह कॉरिडोर जम्मू-कश्मीर के लिए सबसे छोटा और सबसे महत्वपूर्ण रेल संपर्क है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रक्षा कर्मियों, रसद और आपूर्ति की तेज आवाजाही संभव हो पाती है।
बैठक में सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बिहार के खगड़िया से पूर्णिया तक चार-लेन वाले विभाजित कैरिएजवे के निर्माण की परियोजना की भी समीक्षा की गयी। मंत्रालय ने खगड़िया से पूर्णिया तक मौजूदा दो-लेन को चार-लेन विभाजित कैरिएजवे में अपग्रेड करने का प्रस्ताव रखा है।
मनोहर अजीत
वार्ता
More News

रुपया 24 पैसे मजूबत

17 Apr 2026 | 7:50 PM

मुंबई, 17 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया शुक्रवार को 23.75 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.91 रुपये का बोला गया। .

see more..
गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर इंसान

गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर इंसान

17 Apr 2026 | 7:10 PM

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (वार्ता) अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर इंसान बन गये हैं। . ब्लूमबर्ग के दुनिया के 500 सबसे अमीर अरबपतियों के दैनिक सूचकांक में श्री अडानी की संपत्ति का शुद्ध मूल्य 92.6 अरब डॉलर आंका गया है। पिछली सूची के बाद उनकी संपत्ति 3.56 अरब डॉलर बढ़ी है और वह दुनिया में 19वें स्थान पर पहुंच गये हैं। साथ ही वह एशिया के सबसे धनाढ्य व्यक्ति भी बन गये हैं। श्री अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की है। पिछली सूची के बाद श्री अंबानी की संपत्ति में 7.67 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ है और यह 90.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वह वैश्विक सूची में अब 20वें स्थान पर हैं।

see more..

शेयर बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 505 अंक उछला

17 Apr 2026 | 7:01 PM

मुंबई, 17 अप्रैल (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को चौतरफा लिवाली के बीच बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की बढ़त पर बंद हुआ।.

see more..

गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर कारोबारी

17 Apr 2026 | 6:23 PM

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (वार्ता) अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर इंसान बन गये हैं। .

see more..

देश का विदेशी मुद्रा भंडार फिर 700 अरब डॉलर के पार

17 Apr 2026 | 5:42 PM

मुंबई, 17 अप्रैल (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 3.825 अरब डॉलर बढ़कर 700.946 अरब डॉलर पर पहुंच गया। .

see more..