Friday, Jul 17 2026 | Time 07:48 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़ » HBPLE


महाजन के बयान पर महाराष्ट्र में बवाल, पवार और फडणवीस ने किये पलवार

मुंबई, 10 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गिरीश महाजन की पंजाब यात्रा के दौरान की गयी हालिया टिप्पणियों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच तीखी बहस हुई है।
गौरलब है कि श्री महाजन ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने सिख समुदाय के खिलाफ अत्याचार किए थे। इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री पवार ने श्री महाजन की आलोचना की और आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से देश की बदनामी होती है।
श्री पवार की आलोचना का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "यह एक निर्विवाद सत्य है कि कांग्रेस के नेतृत्व में दिल्ली और पूरे भारत में सिखों का नरसंहार हुआ था। हम जीवन भर इन अत्याचारों की निंदा करते रहेंगे।"
श्री महाजन की यात्रा के संदर्भ को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता को पंजाब सरकार ने सिखों के नौवें गुरु के 300वें शहीदी दिवस के लिए भव्य कार्यक्रमों के आयोजन में महाराष्ट्र सरकार के प्रयासों को सराहने के लिए आमंत्रित किया था।
श्री फडणवीस ने कहा, "श्री महाजन कार्यक्रम में बहुत कम समय के लिए मौजूद थे और उन्हें वहाँ लगी तस्वीरों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके भाषण का पूरा ध्यान सिख समुदाय के योगदान और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए केंद्र सरकार की कोशिशों पर था। उन्होंने पंजाब में ड्रग्स की बढ़ती समस्या पर भी चिंता जताई। उनके बयानों को राजनीतिक नज़रिए से नहीं देखा जाना चाहिए।"
इसी बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ़ की, जिन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिन पूरे करके एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ़ समय की अवधि नहीं है। यह एक सुनहरा दौर है जिसमें भारत की तरक्की का खाका तैयार किया गया है।"
मोदी सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने राजमार्ग , रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों समेत अवसंरचना के बड़े पैमाने पर विस्तार का श्रेय भी प्रधानमंत्री को दिया। उन्होंने कहा, "भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। हमने 'आत्मनिर्भर भारत' को आकार लेते देखा है। हथियारों के बड़े आयातक होने से लेकर अब हम हज़ारों करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण निर्यात कर रहे हैं। इसके अलावा, भारत के यूपीआई डिजिटल पेमेंट गेटवे को दुनिया भर के 30 देशों ने अपनाया है।"
श्री फडणवीस ने कहा कि पिछले 12 वर्षाें में केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र को बहुत ज़्यादा मदद दी है। इसमें लगभग 100 बांधों को पूरा करने के लिए राशि देना और वधावन बंदरगाह , नवी मुंबई हवाई अड्डा और बड़े मेट्रो नेटवर्क जैसे लंबे समय से अटके परियोजनाओं पूरा करना शामिल है।
संतोष जितेन्द्र
वार्ता
There is no row at position 0.