Tuesday, May 12 2026 | Time 23:26 Hrs(IST)
राज्य » जम्मू-कश्मीर


अनंतनाग में पीएचसी में ताला लगाने को लेकर कांग्रेस विधायक की पत्नी और पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

श्रीनगर, 06 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में ताला लगाने और सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने को लेकर कांग्रेस विधायक पीरज़ादा मोहम्मद सैयद की पत्नी और पुत्र के खिलाफ कथित तौर पर मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह मामला अनंतनाग जिले के अचबल पुलिस थाना में श्री सैयद की पत्नी डॉ. तबस्सुम और उनके पुत्र के खिलाफ दर्ज किया गया है। इन पर आरोप है कि जब स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा (एचएमई) और राजस्व विभागों के अधिकारी अपने सरकारी कर्तव्यों का पालन कर रहे थे, तब इन्होंने उनके काम में दखल दिया।
प्राथमिकी चार मई को कोकरनाग के तहसीलदार की शिकायत के बाद दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि इन दोनों ने अधिकारियों को परेशान किया, धमकियां दीं और सरकारी काम में बाधा डाली। इसमें कहा गया है कि उन्होंने लारनू मेडिकल ब्लॉक के डी.के. पोरा स्थित पीएचसी में गैर-कानूनी रूप से ताला लगा दिया, जिससे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुईं और जनता को असुविधा हुई।
पुलिस ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 132 और 351(2) के तहत दर्ज किया गया है और जाँच शुरू कर दी गयी है। श्री सैयद के परिवार ने कहा कि विधायक ने अनंतनाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर इमारत खाली करने की मांग की थी, जिसमें उन्होंने तर्क दिया था कि इमारत जर्जर और असुरक्षित हो गई है।
डॉ. तबस्सुम ने कहा कि यह इमारत उनके परिवार की है और इसे कई साल पहले मानवीय आधार पर तब दिया गया था, जब इस इलाके में कोई पीएचसी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कोई औपचारिक समझौता या किराए की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में बार-बार अनुरोध करने के बावजूद अधिकारी परिसर खाली करने में विफल रहे।
उन्होंने कहा, "अब हमारे पास दमहाल में एक पीएचसी और एक डिस्पेंसरी है, फिर भी वे मेरे घर पर कब्ज़ा जमाए हुए हैं।" जब अधिकारियों ने इमारत खाली करने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने परिसर में ताला लगा दिया और उनसे वहाँ से चले जाने को कहा।
उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने और उनके बच्चे पर हमला करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अगर हमारे साथ ऐसा हो सकता है, तो आम लोगों का क्या होगा? यह संपत्ति हमारा निजी निवास है। हम भी सरकार का ही एक हिस्सा हैं। मेरे पति एक जनप्रतिनिधि हैं। अगर हमारे साथ ऐसा हो रहा है, तो आम लोगों का क्या होगा? यह मेरा घर है।"
कोकरनाग के तहसीलदार सैयद मुइज़ कादरी ने हालाँकि, उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया और कहा कि पीएचसी में इमारत के मालिकों ने ताला लगा दिया था, जिससे ज़रूरी स्वास्थ्य सेवाएँ बाधित हो गयीं। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र पिछले 15 वर्षों से इसी जगह से संचालित हो रहा था और बड़ी संख्या में मरीज़ों का इलाज होता था।
उन्होंने कहा, "जाँच के दौरान हमने पाया कि पीएचसी का मुख्य दरवाज़ा बंद था, जिसके अंदर एक एम्बुलेंस और ज़रूरी दवाएँ मौजूद थीं, जबकि डॉक्टर और अर्धचिकित्सकीय कर्मचारी बाहर ही खड़े रहे। शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और मालिकों को समझाने-बुझाने की कोशिश की कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित किए बिना, इमारत खाली करने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करें।"
उन्होंने कहा, "लेकिन, उन्होंने मना कर दिया और कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा कर दी, जिससे हमें जनहित में पीएचसी का ताला खोलना पड़ा।" उन्होंने आरोप लगाया कि दरवाजा खुलने के बाद मालिकों ने अधिकारियों पर आरोप लगाने के लिए हंगामा करके स्थिति को "मनचाहे ढंग से दिखाने" की कोशिश की। उन्होंने कहा, "किसी भी अधिकारी ने इमारत में प्रवेश नहीं किया और न ही किसी के साथ ज़ोर-ज़बरदस्ती की। हमने सिर्फ़ मुख्य दरवाजा का ताला खोला और वहाँ से चले गए। "
तहसीलदार ने बताया कि अधिकारियों के काम में कथित तौर पर रुकावट डालने, चिकित्सकीय कर्मचारी के साथ बदतमीज़ी करने और लगभग एक हफ़्ते तक ज़रूरी सेवाओं में बाधा डालने के आरोप में उन लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
संतोष जितेन्द्र
वार्ता
More News

जम्मू में हेरोइन और हथियार के साथ वांछित अपराधी गिरफ्तार

12 May 2026 | 7:41 PM

जम्मू, 12 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध पिस्तौल के साथ एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। .

see more..

नायब सूबेदार को चिनार कॉर्प्स ने दी श्रद्धांजलि

12 May 2026 | 4:01 PM

श्रीनगर, 12 मई (वार्ता) भारतीय सेना ने मंगलवार को नायब सूबेदार हीरा बहादुर पांडेय को उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए श्रद्धांजलि दी। वे जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।.

see more..

केंद्र राजस्व भरपाई कर दे तो, जम्मू-कश्मीर सरकार दो मिनट में शराब पर प्रतिबंध लगा सकती है: फारूक

12 May 2026 | 1:52 PM

श्रीनगर, 12 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि यदि केंद्र सरकार राजस्व के नुकसान की भरपाई कर दे, तो राज्य सरकार दो मिनट में शराब पर प्रतिबंध लगा सकती है।.

see more..

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मदरसे में आग लगने से एक छात्र की मौत, चार झुलसे

12 May 2026 | 1:36 PM

श्रीनगर, 12 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार देर रात एक मदरसे में भीषण आग लगने से 12 साल के एक किशोर की मौत हो गयी और चार अन्य झुलस गये।.

see more..

कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा ने नौकरी दिलाने के बहाने कई लोगों को ठगने वाले व्यक्ति के खिलाफ तीन मामले दर्ज किये

12 May 2026 | 1:34 PM

श्रीनगर, 12 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार को कुपवाड़ा के स्थानीय निवासी के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किये। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने विभिन्न सरकारी विभागों और वित्तीय संस्थानों में नौकरी दिलाने के बहाने कई लोगों को ठगा था।.

see more..