Friday, Apr 17 2026 | Time 04:49 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


छत्तीसगढ़ : अंबिकापुर में पीलिया से दूसरी मौत, महापौर को 'मल युक्त पानी' की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार

अंबिकापुर, 25 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अंबिकापुर शहर के नमनाकला खटिकपारा में 13 साल के एक बच्चे की दूषित पानी पीने से पीलिया होने के कारण मौत हो गयी है। नगर निगम अंबिकापुर के रहवास इलाके में पीलिया से यह दूसरी मौत है।
महापौर मंजूषा भगत ने मंगलवार को पीलिया प्रभावित इलाकों का दौरा कर पानी का सैंपल लेने में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीलिया संबंधी आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिलने का दावा फिर से दोहराया। सुश्री भगत ने अपने स्तर पर पानी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं, जिसकी रिपोर्ट उन्हें बुधवार को मिलने की संभावना है।
नगर निगम के मीडिया प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, सुश्री भगत ने पीलिया प्रभावित वार्डों का दौरा किया। उन्होंने केवल दो घरों में 'मल युक्त पानी' की सप्लाई होने के तथ्य को स्वीकार किया और फिर से पानी के नमूने लेकर जांच करवाने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 फरवरी को झंझटपारा नवापारा में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की भी पीलिया से मौत हो गयी थी। नवागढ़, घुटरापारा सहित कई वार्डों में पीलिया के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में नमूनों की जांच तो तेज कर दी है, लेकिन नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल लगातार उठ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागढ़ की टीम ने 14 फरवरी को मोमिनपुरा क्षेत्र के विभिन्न घरों से पेयजल के नमूने एकत्र किए थे। यह कार्रवाई उस क्षेत्र में पीलिया के संदिग्ध मरीजों की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद की गयी थी। इन नमूनों को जांच के लिए राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर के माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजा गया था। इसके बाद 16 फरवरी को मिली लैब रिपोर्ट ने हड़कंप मचा दिया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र के कई नलों का पानी उपभोग के लिए अयोग्य है। पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पायी गयी। यह मलजल मिलने का संकेत है। कुछ उपभोक्ताओं के यहां से लिये गये नमूनों में एमपीएन काउंट 7-28 प्रति 100 मिलीलीटर के बीच पाया गया, जिसे 'अस्वीकार्य' श्रेणी में रखा गया है। रिपोर्ट में बैक्टीरियल लोड की पुष्टि करते हुए तुरंत कीटाणुशोधन और शुद्धिकरण के उपाय अपनाने की सलाह दी गयी थी।
इस रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) पी.एस. मार्को ने 17 फरवरी को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये थे। पत्र में मल युक्त पानी के सप्लाई की बात स्पष्ट रूप से स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग से जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा गया था। सीएमएचओ कार्यालय ने इस पत्र की प्रतिलिपियां कलेक्टर सरगुजा, आयुक्त नगर निगम अंबिकापुर, राज्य सर्विलेंस अधिकारी रायपुर, जिला सर्विलेंस अधिकारी तथा शहरी कार्यक्रम प्रबंधक को भी भेजी थीं।
सीएमएचओ पी.एस. मार्को ने पुष्टि की है कि मोमिनपुरा एवं नवागढ़ इलाके में 40 से अधिक पीलिया मरीजों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ गंभीर श्रेणी के हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि 17 फरवरी को ही सभी संबंधित अधिकारियों को भेजी गयी इस गंभीर रिपोर्ट के बारे में महापौर सुश्री भगत को 24 फरवरी तक कोई जानकारी नहीं थी।
महापौर ने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा, "मल युक्त पानी की रिपोर्ट की जानकारी नहीं है। मेरी अभी अधिकारियों से बात हुई है, उन्होंने ऐसी किसी रिपोर्ट के बारे में मुझे सूचित नहीं किया है।" महापौर ने मंगलवार को दौरे के दौरान भी केवल दो घरों में दूषित पानी मिलने की बात स्वीकार करते हुए नये सिरे से नमूने लेने की बात कही, जबकि शासकीय लैब रिपोर्ट पहले से ही मौजूद है।
नगर निगम की इस कार्यप्रणाली पर विपक्ष ने जमकर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस समिति ने बुधवार को नये नगर निगम भवन कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मामले पर गहरी चिंता जताई है। वह मोमिनपुरा इलाके के पूर्व पार्षद भी रह चुके हैं।
उन्होंने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा, "पानी की सप्लाई पाइप लाइन अक्सर नालियों के नीचे या आसपास से गुजरती हैं। गंदे पानी के बहाव के लिए बनाई गयी नालियों का पानी रिसकर पीने के पाइप लाइन तक पहुंच सकता है। जब लगातार मरीज मिल रहे हैं तो मेरी जिला और निगम प्रशासन के अधिकारियों से अपील है कि वे घर-घर जाकर सर्वे करें, लोगों के खून के नमूने लें तथा गंभीरता के साथ सभी नमूनों की जांच कराएं।"
श्री सिंहदेव ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट जारी कर भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा, "नमनाकला खटिकपारा, अंबिकापुर में पीलिया से 13 वर्षीय छात्र की मृत्यु का समाचार बेहद पीड़ादायक और अत्यंत चिंताजनक है। शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
उन्होंने आरोप लगाया, "हम पिछले कई हफ्तों से इस गंभीर स्वास्थ्य समस्या की ओर ध्यान दिला रहे थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन की लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि आज एक मासूम ज़िंदगी चली गयी। दो तीन दिन पहले भी पीलिया से एक युवक की दर्दनाक मृत्यु हुई थी। यह साफ़ संकेत है कि हालात को हल्के में लिया गया।"
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने मांग की कि जवाबदेही तय हो और गैर-जिम्मेदार लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जाये। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता शताब्दी पांडे ने मामले को विभागीय लापरवाही बताते हुए कहा, "स्वच्छ पानी की आपूर्ति में असफल अक्षम लोगों पर कार्रवाई जरूर होनी चाहिए, यह सरकार की जिम्मेदारी होती है।"
फिलहाल मोमिनपुरा क्षेत्र के नागरिकों में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भय और आक्रोश व्याप्त है।
सारथी. शादाब जितेन्द्र
वार्ता
More News

बलरामपुर में विधायक पैंकरा ने अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी

16 Apr 2026 | 10:41 PM

बलरामपुर, 16 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक उधेश्वरी पैंकरा ने राजपुर एसडीएम और तहसीलदार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।.

see more..

महासमुंद में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार

16 Apr 2026 | 10:33 PM

महासमुंद,16 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेमचा ग्राम के सरपंच देवेन्द्र चन्द्राकर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।.

see more..

वेदांता ऊर्जा संयंत्र हादसा: प्रबंधन की लापरवाही के संकेत, अनिल अग्रवाल समेत 19 पर प्राथमिकी दर्ज

16 Apr 2026 | 10:30 PM

सक्ती, 16 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले स्थित वेदांता ऊर्जा संयंत्र में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट मामले में प्रारंभिक जांच में प्रबंधन की लापरवाही के संकेत सामने आए हैं। .

see more..

महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़ के श्रमिक को बंधक बनाने का आरोप, बिलासपुर में परिवार ने लगायी न्याय की गुहार

16 Apr 2026 | 10:20 PM

बिलासपुर, 16 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए एक श्रमिक परिवार के साथ मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। .

see more..

सिम्हांस अस्पताल में साथी ने ही की थी के मरीज की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

16 Apr 2026 | 10:14 PM

राजनांदगांव, 16 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की सोमनी पुलिस ने देवादा स्थित सिम्हांस मेंटल अस्पताल में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। मानसिक रोग का इलाज कराने आए एक मरीज की उसी के साथी मरीज ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।.

see more..