Wednesday, Jul 15 2026 | Time 19:04 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल के अहम फैसले स्वामित्व दस्तावेज और सिली-सिलाई गणवेश को मंजूरी

भोपाल, 02 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल ने आज मंगलवार को स्वामित्व योजना के तहत आबादी क्षेत्र में निवासरत लाखों परिवारों को उनकी संपत्तियों के पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को सिली-सिलाई गणवेश देने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिमंडल बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रदेश के 55 जिलों में ड्रोन और उपग्रह सर्वेक्षण के माध्यम से आबादी क्षेत्र की संपत्तियों का चिन्हांकन किया गया है। अब लगभग 48.80 लाख निजी संपत्तियों के स्वामियों को पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रक्रिया में लगने वाला पंचायत उपकर और पंजीयन शुल्क राज्य सरकार वहन करेगी, जिस पर लगभग 3800 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत दस्तावेज मिलने से हितग्राहियों को बैंक ऋण सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। राज्य सरकार का दावा है कि इस प्रकार की व्यवस्था लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा।
मंत्रिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को सिली-सिलाई गणवेश उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया। अभी तक विद्यार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 600 रुपये की राशि भेजी जाती थी। नई व्यवस्था के तहत निविदा प्रक्रिया से कपड़ा क्रय कर गणवेश तैयार कर विद्यार्थियों को वितरित की जाएगी।
बैठक में गेहूं उपार्जन की समीक्षा भी की गई। सरकार ने दावा किया कि इस वर्ष देश में सर्वाधिक गेहूं खरीदी मध्यप्रदेश में हुई है। समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया 30 जुलाई तक पूर्ण किए जाने की जानकारी भी दी गई।
मंत्रिमंडल ने बरगी बांध क्रूज दुर्घटना में हुई जनहानि की घटना की न्यायिक जांच को मंजूरी दी। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 18 कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से संशोधित वेतनमान देने, राज्य आनंद संस्थान में सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी आशीष कुमार की मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर संविदा नियुक्ति तथा पंचायत राज ग्राम स्वराज अधिनियम और उपकर अधिनियम में संशोधन संबंधी अध्यादेशों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमंडल ने हिंदी फीचर फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को प्रदेश में करमुक्त करने के आदेश का अनुमोदन किया। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एमबीबीएस सीटों में वृद्धि और नए चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इंदौर के पिपल्याहाना क्षेत्र में निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन की लागत 400 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 626 करोड़ रुपये करने की भी मंजूरी दी गई।
मंत्री काश्यप ने बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़कर 11 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया है। पशुपालकों को मौसम, पशु आहार और पशु देखभाल संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ‘गोरस’ मोबाइल अनुप्रयोग भी प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अब तक चार लाख घरों में छत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
दिनेश
वार्ता
More News

आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझ रही है कांग्रेस-पाण्डेय

15 Jul 2026 | 6:23 PM

रायपुर, 15 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझ रही है तथा बघेल का राजनीतिक प्रभाव लगातार कम हो रहा है।.

see more..

सीएम हेल्पलाइन 1076 से 24 घंटे में मिला जाति प्रमाण पत्र

15 Jul 2026 | 6:12 PM

रायपुर, 15 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एक ग्रामीण की लंबे समय से लंबित जाति प्रमाण पत्र की समस्या का 24 घंटे के भीतर समाधान किए जाने का मामला सामने आया है।.

see more..

ग्रामीण विद्यार्थियों तक एआई, रोबोटिक्स की शिक्षा पहुंचाएगी मोबाइल साइंस लैब : साय

15 Jul 2026 | 6:06 PM

रायपुर, 15 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं उभरती प्रौद्योगिकियों से जोड़ने की दिशा में बुधवार को एक नई पहल की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा परिसर से 'भावना दीदी की साइंस पाठशाला' के तहत संचालित निःशुल्क मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीकों की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।.

see more..

जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा भोपाल पहुंची, कांग्रेस का भाजपा पर हमला

15 Jul 2026 | 6:01 PM

भोपाल, 15 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर-भोपाल साइकिल यात्रा आज बुधवार को दूसरे दिन भोपाल पहुंची। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं, बेरोजगारी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।.

see more..

रिटायर्ड दंपती हत्याकांड का खुलासा, संपत्ति हड़पने की साजिश में दो प्रॉपर्टी डीलर भाई गिरफ्तार

15 Jul 2026 | 5:56 PM

भोपाल, 15 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सुदामा नगर स्थित रिटायर्ड दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक फिलेमोन की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो प्रॉपर्टी डीलर सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से पहले दंपती से कथित रूप से धोखाधड़ी कर दानपत्र (गिफ्ट डीड) तैयार कराया और बाद में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।.

see more..