Sunday, Jul 12 2026 | Time 16:53 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


गांजा नुकसान की भरपाई के लिए पुत्र ने साथियों संग रची अपहरण और फिरौती की साजिश

सागर, 12 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश में सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में कथित अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि पूरी घटना स्वयं युवक और उसके साथियों द्वारा रची गई साजिश थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम डोंगर सलैया निवासी राजेश जाटव ने थाना देवरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 21 वर्षीय पुत्र पवन जाटव मित्र का जन्मदिन मनाने की बात कहकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने फोन कर पवन के अपहरण की जानकारी देते हुए उसे छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगी तथा रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना देवरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी हरिराम मानकर, उप निरीक्षक समरथ सीनम, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत, साइबर टीम और सूचना संकलन तंत्र की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने चितौरा टोल के पास एक ऑल्टो कार को चिन्हित कर उसमें सवार कथित अपहृत पवन जाटव सहित अरविंद दुबे, बलजीत सिंह और शुभम पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि पवन जाटव और बलजीत सिंह, सुनील पटेल के कहने पर अवैध रूप से गांजा लेने ओडिशा के संबलपुर गए थे। वहां से लगभग आठ किलोग्राम गांजा लेकर लौटते समय कटनी के पहले पुलिस जांच की आशंका में उन्होंने गांजे का पैकेट और पवन का मोबाइल फोन ट्रेन से बाहर फेंक दिया।
सूत्रों ने बताया कि गांजा खरीदने में लगी रकम डूब जाने के बाद आर्थिक नुकसान की भरपाई करने और खर्च की गई राशि वापस प्राप्त करने के उद्देश्य से सुनील पटेल, पवन जाटव, बलजीत सिंह, शुभम पटेल और अरविंद दुबे ने मिलकर अपहरण की झूठी कहानी रची। आरोपियों ने पवन के पिता को फोन कर दो लाख रुपये की फिरौती मांगनी शुरू कर दी। उनका उद्देश्य भय और दबाव बनाकर अपने ही परिजन से धन वसूलना था।
पुलिस ने अरविंद दुबे, बलजीत सिंह, शुभम पटेल और पवन जाटव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सुनील पटेल की तलाश जारी है। प्रकरण में प्रयुक्त ऑल्टो कार, मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि बलजीत सिंह और फरार आरोपी सुनील पटेल पूर्व में मादक पदार्थ से संबंधित एक प्रकरण में गाडरवारा जेल में साथ निरुद्ध रह चुके हैं। पुलिस आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि तथा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
सं.दिनेश
वार्ता
More News

शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की महिला की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

12 Jul 2026 | 3:42 PM

धार, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।.

see more..

खाटू श्याम मंदिर की दान पेटियों से नकदी चोरी, सीसीटीवी के तार काटे

12 Jul 2026 | 1:51 PM

बैतूल, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर स्थित खाटू श्याम हवेली मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने दान पेटियों से नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।.

see more..

बैतूल में युवक का शव फंदे पर मिला, पुलिस जांच में जुटी

12 Jul 2026 | 1:49 PM

बैतूल, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय एक युवक का शव घर में फाँसी फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।.

see more..

विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

12 Jul 2026 | 1:46 PM

रायसेन, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सिलवानी तहसील अंतर्गत ग्राम दैनी में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिलवानी-गैरतगंज मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।.

see more..

छत्तीसगढ़ में मानसून अब भी सुस्त, सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा ,13 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार

12 Jul 2026 | 1:36 PM

रायपुर, 12 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहा। .

see more..