Sunday, Jul 12 2026 | Time 17:22 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


कुष्ठ उन्मूलन के ‘जीरो ट्रांसमिशन’ लक्ष्य पर नया रायपुर में क्षेत्रीय कार्यशाला शुरू

रायपुर, 13 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी नया रायपुर में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) के तहत कुष्ठ रोग के संक्रमण को समाप्त करने और ‘‘जीरो ट्रांसमिशन’’ के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में दो दिवसीय क्षेत्रीय समीक्षा एवं रणनीतिक कार्ययोजना कार्यशाला का आज शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यशाला में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक आराधना पटनायक, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवाएं आयुक्त एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक संजीव कुमार झा, भारत सरकार के संयुक्त सचिव निखिल गजराज तथा कुष्ठ रोग प्रकोष्ठ के उप महानिदेशक डॉ. सुनील वी. गिट्टे सहित विभिन्न राज्यों के मिशन संचालक, राज्य कुष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय निदेशक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कहा, “इस क्षेत्रीय कार्यशाला में पांच राज्यों के स्वास्थ्य विशेषज्ञ, कार्यक्रम प्रबंधक और तकनीकी विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्र हुए हैं। कुष्ठ रोग केवल स्वास्थ्य संबंधी चुनौती नहीं है, बल्कि इससे जुड़ा सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) भी रोगियों के जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए उपचार के साथ-साथ समाज के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ इस चुनौती को गंभीरता से स्वीकार करते हुए ‘कुष्ठ मुक्त छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की दिशा में योजनाबद्ध और प्रतिबद्ध प्रयास कर रहा है।”
आराधना पटनायक ने अपने मुख्य वक्तव्य में कहा, “कुष्ठ रोग के शून्य संक्रमण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान, बेहतर समन्वय और साक्ष्य आधारित योजना निर्माण आवश्यक है।” उन्होंने प्रभावित समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा रोगियों के प्रति भेदभाव और पूर्वाग्रह समाप्त करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
कार्यशाला के दौरान महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ ने राज्य स्तरीय प्रस्तुतियों के माध्यम से नए मामलों की पहचान, उपचार सेवाओं की उपलब्धता, संपर्क अनुवर्ती जांच, विकलांगता रोकथाम, पुनर्वास तथा जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की। साथ ही राज्यों ने अपने क्षेत्रों में लागू नवाचार आधारित पहल और सफल मॉडल भी साझा किए।
उप महानिदेशक डॉ. सुनील वी. गिट्टे ने राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति पर जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में देशभर में 91,783 नए कुष्ठ रोगियों की पहचान की गई है। इस अवधि में रोग की प्रचलन दर 0.56 प्रति 10 हजार आबादी दर्ज की गई, जबकि नए मामलों में 2.12 प्रतिशत रोगियों में ग्रेड-2 विकलांगता और 4.18 प्रतिशत मामले बच्चों से संबंधित पाए गए।
उन्होंने बताया कि रोगियों के पुनर्वास एवं विकलांगता रोकथाम के लिए देशभर में 1,591 पुनर्निर्माण शल्यक्रियाएं की गईं। इसके अलावा 1.03 लाख से अधिक एमसीआर फुटवियर तथा 1.25 लाख से अधिक सेल्फ-केयर किट वितरित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय रोगी खोज, समय पर उपचार, विकलांगता की रोकथाम और सामाजिक जागरूकता के जरिए कुष्ठ रोग के शून्य संक्रमण लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।
बाद में आयोजित संवाद सत्र में केंद्र और राज्यों के अधिकारियों तथा तकनीकी विशेषज्ञों ने जिलावार चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया। प्रतिभागियों ने रोग की शीघ्र पहचान, उपचार अनुपालन, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक व्यवहार परिवर्तन को कार्यक्रम की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विशेषज्ञों ने कहा कि कुष्ठ रोग के शून्य संक्रमण और विकलांगता मुक्त समाज का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब स्वास्थ्य तंत्र, समुदाय और सहयोगी संस्थाएं समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार, राज्यों और तकनीकी सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से देश को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने तथा प्रभावित लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति संभव होगी।
पंकज , जांगिड़
वार्ता
More News

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में चाकू से हमला, तीन कर्मचारी घायल

12 Jul 2026 | 4:02 PM

भोपाल, 12 जुलाई (वार्ता) गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में कर्मचारियों पर चाकू से हमले के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) भोपाल ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।.

see more..

शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की महिला की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

12 Jul 2026 | 3:42 PM

धार, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।.

see more..

खाटू श्याम मंदिर की दान पेटियों से नकदी चोरी, सीसीटीवी के तार काटे

12 Jul 2026 | 1:51 PM

बैतूल, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर स्थित खाटू श्याम हवेली मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने दान पेटियों से नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।.

see more..

बैतूल में युवक का शव फंदे पर मिला, पुलिस जांच में जुटी

12 Jul 2026 | 1:49 PM

बैतूल, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय एक युवक का शव घर में फाँसी फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।.

see more..

विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

12 Jul 2026 | 1:46 PM

रायसेन, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सिलवानी तहसील अंतर्गत ग्राम दैनी में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिलवानी-गैरतगंज मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।.

see more..