Thursday, Jul 16 2026 | Time 10:11 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


छत्तीसगढ़ में अगले सत्र से पहली कक्षा में प्रवेश की न्यूनतम आयु छह वर्ष, एक अप्रैल से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

रायपुर, 09 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी स्कूलों में पहली कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चों की न्यूनतम आयु छह वर्ष निर्धारित की है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं।
सूत्रों के अनुसार नई व्यवस्था के अनुसार वर्ष 2027 से प्रदेश में शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से प्रारंभ होकर 31 मार्च तक संचालित होगा। इसके साथ ही स्कूल 16 जून के बजाय एक अप्रैल से खुलेंगे। अप्रैल माह में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के साथ विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल का वितरण किया जाएगा। इसके बाद एक मई से 15 जून तक ग्रीष्मावकाश रहेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह ने गुरुवार को कहा, "इन बदलाव का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। अभी पुस्तकों के वितरण का लक्ष्य जून तक रहता है लेकिन कई बार यह जुलाई तक पहुंच जाता है। नई व्यवस्था में हमारी कोशिश है कि एक अप्रैल से ही स्कूल खुलें, बच्चों को समय पर पुस्तकें मिलें।"
विभाग का मानना है कि इस बदलाव से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अधिक समय उपलब्ध होगा, पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जा सकेगा तथा बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी सुधार आने की संभावना है। नई व्यवस्था केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप लागू की जाएगी।
वर्तमान व्यवस्था के तहत प्रदेश में स्कूल प्रत्येक वर्ष 16 जून से खुलते हैं। स्कूल खुलने के बाद कई दिनों तक प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यपुस्तकों, यूनिफॉर्म, साइकिल और अन्य शासकीय सुविधाओं के वितरण का कार्य चलता रहता है, जिससे नियमित पढ़ाई प्रभावित होती है और अनेक स्कूलों में जुलाई तक शिक्षण कार्य पूरी तरह गति नहीं पकड़ पाता।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार अब तक सीबीएसई और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के स्कूलों के शैक्षणिक कैलेंडर में लगभग ढाई महीने का अंतर रहता था। सीबीएसई स्कूल अप्रैल से शिक्षण प्रारंभ कर देते हैं, जबकि राज्य बोर्ड के स्कूल जून के मध्य में खुलते हैं। इस अंतर के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, बोर्ड परीक्षा की रणनीति और पाठ्यक्रम पूर्ण करने में भी प्रभाव पड़ता था। नई व्यवस्था से यह अंतर काफी हद तक समाप्त हो जाएगा।
आदेश के अनुसार यदि कोई बच्चा एक अप्रैल तक निर्धारित आयु पूरी नहीं करता लेकिन एक जुलाई तक उसकी आयु छह वर्ष हो जाती है, तो उसे अधिकतम तीन माह की छूट देते हुए पहली कक्षा में प्रवेश दिया जा सकेगा।
यह प्रावधान शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर होने वाले प्रवेश भी इसी आयु सीमा के अनुसार किए जाएंगे। हालांकि, किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय की प्री-प्राइमरी (केजी) उत्तीर्ण कर पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले बच्चों पर नई आयु सीमा लागू नहीं होगी। ऐसे विद्यार्थियों को उनके स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), अंकसूची अथवा स्कोर कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
पंकज उप्रेती
वार्ता
More News

महासमुंद में साही के अवैध शिकार का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

16 Jul 2026 | 9:17 AM

महासमुंद, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने साही (इंडियन पोर्क्यूपाइन) के अवैध शिकार के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।.

see more..

बस्तर में उर्वरक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, दो प्राथमिकी दर्ज, कृषि केंद्र का लाइसेंस निरस्त

16 Jul 2026 | 9:15 AM

जगदलपुर, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में उर्वरक नियमों के उल्लंघन के मामलों में कृषि विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई है तथा एक कृषि केंद्र का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।.

see more..

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर 50 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

16 Jul 2026 | 8:33 AM

महासमुंद, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतरराज्यीय सीमा पर महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम 200 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है।.

see more..

छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण, उत्कृष्ट विधायक और संसदीय पत्रकार सम्मानित

16 Jul 2026 | 8:24 AM

रायपुर, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार रात विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं प्रिंट मीडिया में दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारिता सम्मान प्रदान किया गया।.

see more..

बीजापुर में जिला अस्पताल के सामने अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पहचान में जुटी पुलिस

16 Jul 2026 | 8:22 AM

बीजापुर, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जिला अस्पताल के सामने बुधवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान तथा मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी है।.

see more..