Thursday, Jul 16 2026 | Time 10:58 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


कोंडागांव में शिक्षकों से 10-12 करोड़ की लोन ठगी का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव, 09 जुलाई ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की फरसगांव और केशकाल पुलिस ने शिक्षकों को मल्टीपल बैंक लोन दिलाने के नाम पर 10 से 12 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 43 शिक्षकों को झांसा देकर विभिन्न बैंकों से व्यक्तिगत ऋण स्वीकृत कराने और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार फरसगांव और केशकाल थानों में दर्ज चार अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने शिक्षकों को मल्टीपल बैंक लोन योजना का लालच देकर कई बैंकों से एक साथ ऋण स्वीकृत कराया। आरोपियों ने ऋण राशि का लगभग 40 प्रतिशत संबंधित शिक्षक को देकर शेष 60 प्रतिशत अपने तथा सहयोगियों के खातों में स्थानांतरित करा लिया। शिक्षकों को यह भरोसा दिलाया गया कि दो से तीन वर्षों के भीतर ऋण की पूरी ईएमआई गिरोह की ओर से जमा कर दी जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक, आईडीएफसी, आईडीबीआई सहित अन्य बैंकों की विभिन्न शाखाओं से ऋण स्वीकृत कराए। कई मामलों में पीड़ितों के नाम से कूटरचित आधार कार्ड तैयार कर बैंक अभिलेखों में लगाए जाने के भी आरोप हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में एसडीओपी अभिनव उपाध्याय और अरुण नेताम के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया। करीब तीन महीने तक बैंक खातों, ऋण दस्तावेजों और धनराशि के लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने अंबिकापुर, जशपुर और सारंगढ़ में दबिश देकर दिलीप कुमार सोनी, अंशुमान सिंह, श्यामसुन्दर जांगड़े और विरेन्द्र तिर्की को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी शिवशंकर दास को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, डायरी, रजिस्टर, लैपटॉप और डेस्कटॉप कंप्यूटर जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार मामले में फरसगांव और केशकाल थानों में कुल चार प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों, बैंक कर्मचारियों तथा लोन एजेंटों की भूमिका की भी जांच जारी है।
पंकज सैनी
वार्ता
More News

मध्यप्रदेश में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश, 19 जुलाई से तेज वर्षा के आसार

16 Jul 2026 | 10:49 AM

भोपाल, 16 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में पिछले एक सप्ताह से भारी वर्षा नहीं होने के कारण मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि जबलपुर समेत 35 जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने 19 जुलाई से नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने के बाद प्रदेश में फिर से तेज वर्षा की संभावना जताई है।.

see more..

भौम अमावस्या पर मंगलनाथ मंदिर में 4.82 लाख रुपये की रिकॉर्ड आय

16 Jul 2026 | 10:41 AM

उज्जैन, 16 जुलाई (वार्ता)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित भगवान श्री मंगलनाथ मंदिर में भौम अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भात पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर प्रबंध समिति को एक ही दिन में चार लाख 82 हजार 500 रुपये की रिकॉर्ड आय प्राप्त हुई।.

see more..

सिंहस्थ-2028 के लिए सर्वसुविधायुक्त पड़ाव स्थलों की तैयारी शुरू

16 Jul 2026 | 10:34 AM

आगरमालवा, 15 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सर्वसुविधायुक्त पड़ाव (हाल्ट) स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।.

see more..

अल्प वर्षा के बीच महिलाओं ने सैरा नृत्य कर इंद्रदेव से की वर्षा की प्रार्थना

16 Jul 2026 | 10:32 AM

रायसेन, 15 जुलाई (वार्ता)। मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र के ग्राम मढ़िया गुसाई में अल्प वर्षा के बीच ग्रामीण महिलाओं ने सदियों पुरानी लोक परंपरा का निर्वहन करते हुए इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए पारंपरिक सैरा (डांडिया) नृत्य किया।.

see more..

पति-पत्नी के विवाद में पिता ने रची थी बेटे के कथित अपहरण की साजिश

16 Jul 2026 | 10:30 AM

मुरैना, 15 जुलाई (वार्ता)। मध्यप्रदेश के मुरैना शहर स्थित एक निजी स्कूल से तीन वर्षीय बालक के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि इस घटना की साजिश स्वयं बच्चे के पिता ने रची थी। पुलिस बच्चे की बरामदगी के लिए राजस्थान रवाना हो गई है।.

see more..