Saturday, Aug 8 2026 | Time 03:07 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


धमतरी का पीएसीएस -आधारित ड्रोन कृषि मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

धमतरी, 19 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विकसित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पीएसीएस) आधारित ड्रोन कृषि सेवा मॉडल को कोलकाता में आयोजित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।जिसकी जानकारी जिला प्रशासन ने आज दी। ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित कृषि सेवाओं के प्रभावी विस्तार तथा किसानों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में इस पहल को एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में सराहा गया।
समारोह के दौरान आयोजित “बेहतर कृषि सेवाओं की उपलब्धता के लिए पीएसीएस का सशक्तिकरण” विषयक पैनल चर्चा में धमतरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईएएस जयंत नाहटा ने जिले में विकसित इस मॉडल और इसकी आगामी कार्ययोजना को देशभर से आए विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया।
श्री नाहटा ने कहा कि धमतरी में पीएसीएस समितियों को केवल सहकारी संस्था के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण वन-स्टॉप एग्रीकल्चर सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को ड्रोन सेवा, कृषि यंत्रीकरण, डिजिटल सेवाएं, बैंकिंग, किसान पंजीयन, कृषि परामर्श तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से वर्तमान में ड्रोन द्वारा तरल उर्वरकों का छिड़काव किया जा रहा है। इस व्यवस्था से किसानों का समय और श्रम बच रहा है, उर्वरकों का वैज्ञानिक एवं समान वितरण सुनिश्चित हो रहा है तथा खेती की लागत घटाने के साथ उत्पादन बढ़ाने में भी सहायता मिल रही है। इस पहल को छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश में अपनी तरह का एक अभिनव प्रयोग माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में जिले की 10 पीएसीएस समितियों में ड्रोन स्प्रेयर सेवा का शुभारंभ किया गया था। इसके साथ ही धमतरी देश का पहला जिला बन गया, जहां सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लोहरसी समिति में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने सफल प्रदर्शन कर कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक की उपयोगिता का प्रदर्शन किया था।
जिले की बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंदेल, गड़ाडीह, जुगदेही और करेली पीएसीएस समितियों के माध्यम से किसानों को आवश्यकता के अनुसार ड्रोन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पैनल चर्चा में देशभर के कृषि एवं सहकारिता विशेषज्ञों ने ड्रोन तकनीक, डिजिटल कृषि सेवाओं तथा पीएसीएस की भूमिका पर विस्तार से विचार साझा किए। विशेषज्ञों ने कहा कि ड्रोन तकनीक जल, उर्वरक और श्रम के बेहतर उपयोग के साथ कृषि को अधिक टिकाऊ, आधुनिक और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार पीएसीएस समितियों को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य किसानों को गांव स्तर पर आधुनिक तकनीक और आवश्यक कृषि सेवाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना तथा सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती प्रदान करना है। धमतरी का यह मॉडल अब तकनीक आधारित कृषि विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रेरक उदाहरण के रूप में उभरकर सामने आया है।
पंकज सैनी
वार्ता
More News

कोसा की चमक अब वैश्विक बाजार तक: मुख्यमंत्री साय ने प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड 'कोशल फैब' का शुभारंभ किया

07 Aug 2026 | 10:20 PM

रायपुर, 07 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा संघ के नए प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड 'कोशल फैब' का शुभारंभ करते हुए इसके लोगो व कैटलॉग का विमोचन किया, साथ ही हथकरघा इन्वेंट्री मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर भी लॉन्च किया।.

see more..

मातृशक्ति के खातों में पहुँची महतारी वंदन योजना की 30 वीं किस्त

07 Aug 2026 | 10:15 PM

रायपुर, 07 अगस्त ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रमुख सचिव शहला निगार तथा संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित थीं।.

see more..

मुख्य सचिव ने नक्सल मुक्त क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

07 Aug 2026 | 9:42 PM

रायपुर, 07 अगस्त ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में वनों के संरक्षण, पर्यावरण विकास और वन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।.

see more..

बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों को लेकर एनडीएमए द्वारा कान्फ्रेंस का आयोजन

07 Aug 2026 | 8:55 PM

रायपुर, 07 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ में बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। .

see more..

एनडीएमए एवं एनडीआरएफ की संयुक्त बैठक सम्पन्न

07 Aug 2026 | 8:42 PM

रायपुर, 07 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण( सीजीएसडीएमए) में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई। .

see more..