Sunday, Feb 15 2026 | Time 15:41 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


मोदी ने सिंगूर में 830 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

कोलकाता, 18 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिंगूर, हुगली में 830 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
श्री मोदी ने इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह पिछले दिन मालदा में थे और अब हुगली आये हैं। उन्होंने दो दिन के इस कार्यक्रम को पूर्वी भारत में विकास को तेज करने की दिशा में ठोस कदम बताते हुए कहा कि पूर्वी भारत का विकास सरकार के एक विकसित भारत के दृष्टिकोण का केंद्रबिंदु है। प्रधानमंत्री ने कहा, "आज पश्चिम बंगाल को पिछले 24 घंटों में लगभग आधा दर्जन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिलीं। संभवत: 100 सालों में राज्य को सिर्फ 24 घंटों में इतनी ट्रेनें नहीं मिली होंगी।"
उन्होंने बुनियादी ढांचे पर आधारित विकास के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा, "ये वो आधार हैं, जिन पर पश्चिम बंगाल विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स केंद्र के तौर पर उभर सकता है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।"
इस कार्यक्रम की खास बात बालागढ़ में विस्तारित बंदरगाह गेट सिस्टम की नींव रखना था। इस परियोजना में एक अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्लूटी) टर्मिनल और एक रोड ओवर ब्रिज बनाना शामिल है। लगभग 900 एकड़ में फैले बालागढ़ को आधुनिक कार्गो हैंडलिंग टर्मिनल के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसकी सालाना क्षमता लगभग 27 लाख टन होने का अनुमान है। इसमें दो खास कार्गो हैंडलिंग जेट्टी होंगी। एक कंटेनर वाले कार्गो के लिए और दूसरी ड्राई बल्क कार्गो के लिए।
प्रधानमंत्री ने कहा, "श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह की क्षमता बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं और वहां बालागढ़ विस्तारित बंदरगाह गेट सिस्टम व्यापार के लिए नये मार्ग खोलेगा और सड़क परिवहन पर दबाव कम करेगा।" परियोजना का मकसद भारी कार्गो यातायात को भीड़भाड़ वाले शहरी कॉरिडोर से मोड़कर कार्गो निकालने की क्षमता बेहतर बनाना है। इससे कोलकाता में सड़क सुरक्षा बढ़ने और भीड़भाड़ और प्रदूषण कम होने की उम्मीद है।
श्री मोदी ने बहुविध परिवहन और पर्यावरण-अनुकूल आवागमन पर जोर देते हुए कहा कि इन कोशिशों से परिवहन समय कम होगा और परिवहन के पुराने तरीकों पर निर्भरता कम होगी।
बालागढ़ परियोजना से बहुविध संपर्क मजबूत होने, लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार आने और क्षेत्रीय उद्योगों, एमएसएमई तथा कृषि उत्पादकों को किफायती बाजार पहुंच मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही, लॉजिस्टिक्स, टर्मिनल संचालन और संबंधित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की भी संभावना है।
प्रधानमंत्री ने कोलकाता में एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कैटामरान (इलेक्ट्रिक जहाज) का भी शुभारंभ किया। यह कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के अंतर्देशीय जल परिवहन के लिए स्वदेशी रूप से निर्मित छह इलेक्ट्रिक कैटामरान में से एक है। 50 यात्रियों की क्षमता वाला यह हाइब्रिड इलेक्ट्रिक एल्यूमीनियम कैटामरान अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक प्रणोदन प्रणाली और लिथियम-टाइटेनेट बैटरी तकनीक से लैस है। यह शून्य-उत्सर्जन मोड के साथ-साथ हाइब्रिड मोड में भी संचालित होने में सक्षम है।" इससे हुगली नदी के किनारे शहरी नदी आवागमन, पारिस्थितिकी-पर्यटन और यात्रियों के लिए अंतिम छोर तक संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेल सेवा क्षेत्र में श्री मोदी ने जयरामबटी-बारोगोपीनाथपुर-मायनापुर नयी रेल लाइन का उद्घाटन किया, जो तारकेश्वर-बिशनपुर रेल लाइन परियोजना का एक प्रमुख खंड है और बारोगोपीनाथपुर में हॉल्ट के साथ मायनापुर और जयरामबती के बीच एक नयी ट्रेन सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, "इस लाइन से बांकुरा जिले में यात्रियों, छात्रों और तीर्थयात्रियों के लिए रेल आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है।"
तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों कोलकाता (हावड़ा)-आनंद विहार टर्मिनल, कोलकाता (सियालदह)-बनारस और कोलकाता (सांतरागाची)-तांबरम को भी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे राज्य से लंबी दूरी की रेल आवागमन को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने बंगाल की आर्थिक क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य को कृषि और मत्स्य पालन के क्षेत्र में नेतृत्व करना चाहिए, जिसमें बेहतर बुनियादी ढांचे और सुगम आवागमन के जरिये किसानों और संबंधित क्षेत्रों को सहायता प्रदान की जाए।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को मालदा में एक रैली को संबोधित किया था। वहां उन्होंने 3,250 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की थी। मालदा कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने हावड़ा और कामाख्या को जोड़ने वाली पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को भी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो पूर्वी क्षेत्र में लंबी दूरी की प्रीमियम रेल सेवाओं में एक महत्वपूर्ण बढ़ोत्तरी है।
आलम जितेन्द्र
वार्ता
More News

महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में लाखों भक्त उमड़े

15 Feb 2026 | 3:06 PM

चेन्नई, 15 फरवरी (वार्ता) महाशिवरात्रि के मौके पर देश भर से आये लाखों श्रद्धालुओं ने यहां भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। लगभग सभी शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और दर्शन के लिए लोगों को कई घंटों तक कतार में प्रतीक्षा करनी पड़ी।.

see more..

आरबीआई ने मणप्पुरम फाइनेंस में बैन कैपिटल के संयुक्त नियंत्रण को मंजूरी दी

15 Feb 2026 | 2:28 PM

त्रिशूर, 15 फरवरी (वार्ता) भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने बैन कैपिटल से संबद्ध कंपनियों को मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड में संयुक्त नियंत्रण तथा चुकता इक्विटी पूंजी और परिवर्तनीय साधनों में 41.66 प्रतिशत तक हिस्सेदारी अधिग्रहण की अंतिम मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी कंपनी की रणनीतिक विकास योजनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। .

see more..

कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में 283.60 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे पी. विजयन

15 Feb 2026 | 2:21 PM

कोट्टायम, 15 फरवरी (वार्ता) केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन सोमवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज, कोट्टायम में 283.60 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।.

see more..

केरल ने 'सर्वम एआई मयम' लॉन्च किया, छात्र छह लाख अभिभावकों को देंगे एआई का प्रशिक्षण

15 Feb 2026 | 2:13 PM

तिरुवनंतपुरम, 15 फरवरी (वार्ता) केरल के सामान्य शिक्षा विभाग की प्रौद्योगिकी शाखा 'केरल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड टेक्नोलॉजी फॉर एजुकेशन' (काइट) ने 'सर्वम एआई मयम' (एआई सर्वत्र) की आधिकारिक शुरुआत की है। यह वयस्कों को लक्षित करने वाला भारत का सबसे बड़ा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जागरूकता कार्यक्रम है।.

see more..

22 अप्रैल को खुलेंगे भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट

15 Feb 2026 | 2:07 PM

उखीमठ/देहरादून 15 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जनपद अंतर्गत स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रात: आठ बजे आगामी ग्रीष्मकालीन दर्शनार्थ खुलेंगे।.

see more..