Friday, Apr 17 2026 | Time 06:36 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


आयोग ने पुडुचेरी में चुनाव तैयारी की समीक्षा की; पार्टियों ने धनबल बल,सोशल मीडिया के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया

पुडुचेरी/नई दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) चुनाव आयोग ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ अलग अलग बैठकों में आगामी विधान सभा चुनाव के लिए तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इन समीक्षा बैठकों में आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और डॉ विवेक जोशी भी शामिल रहे। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुख तथा नोडल अधिकारी उपस्थित थे। इसका उद्येश्य नागरिक और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है।
आयोग के अनुसार अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री कुमार ने कहा, "स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। प्रत्येक हितधारक को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए ताकि मतदाता बिना भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।"
चुनाव आयुक्त श्री संधू ने सक्रिय प्रवर्तन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "धनबल, शक्ति और प्रलोभनों के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रवर्तन एजेंसियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।" वहीं चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने जमीनी स्तर पर तैयारियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "मतदान केंद्रों की व्यवस्था से लेकर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा तैनाती तक हर पहलू की सूक्ष्म योजना और क्रियान्वयन आवश्यक है।"
बैठक में पुडुचेरी के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने आयोग को जिला-वार तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों, व्यय निगरानी तथा चुनावी अनियमितताओं की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
श्री कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम ने बाद में पुडुचेरी में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के साथ विस्तृत परामर्श बैठक की। बैठक में पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक में शामिल दलों में राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त दलों -आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया माकपा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस बैठक में शामिल राज्य स्तरीय दलों में आल इंडिया अन्ना द्रविण मुनेत्र कझगम, आल इंडिया एन आर कांग्रेस और द्रविण मुनेत्र कझगम के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आयोग के अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश राजनीतिक दलों ने हाल ही में पुडुचेरी में संपन्न विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण की शांतिपूर्ण और सुचारु प्रक्रिया की सराहना की तथा मतदाता सूची अद्यतन और पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों को सकारात्मक बताया।
दलों ने मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और प्रथम बार मतदान करने वालों के लिए सुविधाएं और सुलभता बढ़ाने के सुझाव भी दिए। बेहतर संकेतक, रैंप और कतार प्रबंधन की व्यवस्था पर बल दिया गया।
कई दलों ने चुनाव के दौरान धनबल और मुफ्त वस्तुओं के वितरण पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने आयोग से कड़े प्रवर्तन उपाय अपनाने और समान अवसर सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त, चुनाव अवधि में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग की गई, ताकि भ्रामक सूचनाओं और डिजिटल प्रचार के अनुचित प्रभाव को नियंत्रित किया जा सके।
इन चिंताओं के जवाब में मुख्य चुनाव आयुक्त ने आश्वासन दिया कि आयोग आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से पालन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "हम सभी हितधारकों के सुझावों को महत्व देते हैं। आयोग चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।"
यह दौरा चुनाव से पूर्व जमीनी तैयारियों की समीक्षा और हितधारकों से सीधे संवाद की आयोग की सक्रिय पहल को दर्शाता है। अधिकारियों ने संकेत दिया कि प्रशासनिक तंत्र और राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्ण तैयारी के साथ आयोग ने पुडुचेरी में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और समावेशी चुनाव कराने के अपने संकल्प को दोहराया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का विश्वास और मजबूत हो।
मनोहर, मधुकांत
वार्ता
More News

मेघालय की आधिकारिक भाषाएं बनेंगी खासी, गारो, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

17 Apr 2026 | 12:14 AM

शिलॉन्ग, 16 अप्रैल (वार्ता) मेघालय सरकार ने अंग्रेजी के बाद खासी और गारो को आधिकारिक भाषाओं के रूप में मान्यता दे दी है। .

see more..

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने किच्छा नगर पालिका चुनाव के मामले में चुनाव आयोग-सरकार से मांगा जवाब

16 Apr 2026 | 9:52 PM

नैनीताल, 16 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने ऊधम सिंह नगर की किच्छा नगर पालिका के चुनाव के मामले में राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग से मंगलवार को ठोस जवाब पेश करने को कहा।.

see more..

कैड़ा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिये समस्याओं का समाधान करने के निर्देश

16 Apr 2026 | 9:15 PM

भीमताल 16अप्रैल (वार्ता) |उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को भीमताल विधानसभा के, शीतला, हरतोला, नथुवाखान, चाफी, अलचोना, ताडा, आदि गावों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के आदेश दिये। .

see more..

पश्चिम बंगाल चुनाव पहला चरण: 345 आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार मैदान में

16 Apr 2026 | 9:08 PM

कोलकाता, 16 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 345 ऐसे उम्मीदवार मैदान में हैं जिनके खिलाफ राज्यभर के विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। .

see more..

पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता एवं भाजपा उम्मीदवार शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ 29 आपराधिक मामले

16 Apr 2026 | 9:05 PM

कोलकाता, 16 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता एवं नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ पूरे राज्य में 29 आपराधिक मामले दर्ज है। .

see more..