Friday, Apr 17 2026 | Time 05:14 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


डेरेक ओ'ब्रायन ने 'मॉर्निंग वॉक' वीडियो सीरिज में मतदाता सूची विवाद पर ममता के धरने का मुद्दा उठाया

कोलकाता, 07 मार्च (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने शनिवार को अपने वीडियो सीरीज 'मॉर्निंग वॉक' के नए एपिसोड में कोलकाता की सड़कों से एक जमीनी रिपोर्ट साझा की जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के खिलाफ किए जा रहे धरने के बारे में बताया।
श्री ओ'ब्रायन ने अपनी सीरीज के 15वें एपिसोड में कहा कि यह वीडियो उसी प्रदर्शन स्थल से बनाया जा रहा है जहां सुश्री बनर्जी ने "असली मतदाताओं के हक की रक्षा" के लिए धरना शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्त चौराहे, एस्प्लेनेड के मेट्रो चैनल इलाके में यह धरना शुरू किया था और पूरी रात वहीं बिताई।
वीडियो में श्री ओ'ब्रायन ने कहा, "आज की सुबह की बात थोड़ी अलग है। असली मतदाताओं के वोट देने के अधिकार को बचाने की लड़ाई में सुश्री बनर्जी यहां धरने के पहले दिन मौजूद हैं। उन्होंने रात यहीं बिताई और आज धरने का दूसरा दिन है।"
‎सुश्री बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर "बंगाली मतदाताओं के मत देने के अधिकार को छीनने" का षडयंत्र रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में सुधार के नाम पर कई ऐसे लोगों को भी मृत घोषित कर दिया गया है, जो वास्तव में जीवित हैं। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि यह सब राजनीति से प्रेरित है ताकि चुनावों को प्रभावित किया जा सके, जबकि चुनाव आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया केवल फर्जी या गलत नामों को हटाने के लिए की जा रही है।
सुश्री बनर्जी ने धरने की शुरुआत में कहा , ‎"मैं बंगाली मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की भाजपा-चुनाव आयोग की साजिश का पर्दाफाश करूंगी।"
सुश्री बनर्जी के राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों के लिए मेट्रो चैनल स्थित यह स्थान लंबे समय से प्रतीकात्मक महत्व रखता है। तृणमूल कांग्रेस नेता ने पहले भी कई आंदोलनों के दौरान इसी स्थान पर प्रदर्शन किये, जिनमें नंदीग्राम आंदोलन के दौरान विरोध प्रदर्शन और बाद में केंद्रीय एजेंसियों के साथ राजनीतिक टकराव शामिल हैं।
सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने चुनावी पुनरीक्षण प्रक्रिया के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है, यह आरोप लगाते हुए कि इससे लाखों वैध मतदाता अपने मतदान अधिकार खो सकते हैं। पार्टी नेताओं का तर्क है कि यह प्रक्रिया राजनीतिक रूप से प्रेरित है और अप्रैल में प्रदेश में होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव के परिणामों को प्रभावित कर सकती है। चुनाव आयोग ने हालांकि इन आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में डुप्लिकेट, स्थानांतरित, मृत या अयोग्य मतदाताओं को हटाने के लिए मानक प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है।
श्री ओ'ब्रायन का वीडियो संदेश पार्टी के सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उजागर करने और विरोध प्रदर्शन के इर्द-गिर्द जनता का ध्यान आकर्षित करने के व्यापक राजनीतिक अभियान का हिस्सा है। सुश्री बनर्जी के धरने के दूसरे दिन भी जारी रहने पर तृणमूल नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन जारी रहेगा और यह सुनिश्चित करने के उनके अभियान का हिस्सा है कि "मतदाता सूची से किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम न हटे।"
‎सुश्री बनर्जी की राजनीतिक मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने की विशिष्ट राजनीति की वापसी का यह विरोध प्रदर्शन एक प्रतीक है और संकेत देता है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची विवाद एक प्रमुख मुद्दा बना रहेगा।पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल नवंबर से अब तक करीब 63.66 लाख नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 8.3 प्रतिशत है। इस वजह से राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7.66 करोड़ से घटकर 7.04 करोड़ रह गई है।
मनोज अशोक
वार्ता
More News

मेघालय की आधिकारिक भाषाएं बनेंगी खासी, गारो, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

17 Apr 2026 | 12:14 AM

शिलॉन्ग, 16 अप्रैल (वार्ता) मेघालय सरकार ने अंग्रेजी के बाद खासी और गारो को आधिकारिक भाषाओं के रूप में मान्यता दे दी है। .

see more..

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने किच्छा नगर पालिका चुनाव के मामले में चुनाव आयोग-सरकार से मांगा जवाब

16 Apr 2026 | 9:52 PM

नैनीताल, 16 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने ऊधम सिंह नगर की किच्छा नगर पालिका के चुनाव के मामले में राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग से मंगलवार को ठोस जवाब पेश करने को कहा।.

see more..

कैड़ा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिये समस्याओं का समाधान करने के निर्देश

16 Apr 2026 | 9:15 PM

भीमताल 16अप्रैल (वार्ता) |उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को भीमताल विधानसभा के, शीतला, हरतोला, नथुवाखान, चाफी, अलचोना, ताडा, आदि गावों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के आदेश दिये। .

see more..

पश्चिम बंगाल चुनाव पहला चरण: 345 आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार मैदान में

16 Apr 2026 | 9:08 PM

कोलकाता, 16 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 345 ऐसे उम्मीदवार मैदान में हैं जिनके खिलाफ राज्यभर के विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। .

see more..

पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता एवं भाजपा उम्मीदवार शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ 29 आपराधिक मामले

16 Apr 2026 | 9:05 PM

कोलकाता, 16 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता एवं नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ पूरे राज्य में 29 आपराधिक मामले दर्ज है। .

see more..