Monday, May 18 2026 | Time 09:40 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


आयकर विभाग ने चुनाव से पहले निवर्तमान तृणमूल विधायक के ठिकानों पर की छापेमारी

कोलकाता, 17 अप्रैल (वार्ता) आयकर विभाग ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र से निवर्तमान विधायक देवाशीष कुमार के आवास पर छापेमारी की, जिससे विधानसभा चुनाव से पहले इलाके में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है।
सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित श्री कुमार के आवास पर सुबह तलाशी शुरू की। जब छापेमारी शुरू हुई उस समय तृणमूल उम्मीदवार घर पर ही मौजूद थे। इसके साथ ही पास में स्थित उनके चुनाव कार्यालय और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित एक पार्टी कार्यालय में भी तलाशी ली जा रही है।
तीनों स्थानों के बाहर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है और आयकर अधिकारी तलाशी ले रहे हैं। छापेमारी के पीछे के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल पाया है।
यह घटनाक्रम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तृणमूल नेता की चल रही जांच के बीच आया है। श्री कुमार को जमीन हड़पने के मामले में कई बार समन भेजा गया था और एक, तीन और नौ अप्रैल को साल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उनसे पूछताछ की गई थी।
ईडी के सामने पेश होने के बाद श्री कुमार ने विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया था और कहा था कि उनकी पार्टी इसका जवाब देगी।
मोतीलाल नेहरू रोड पर पार्टी कार्यालय के बाहर तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों के इकट्ठा होने और विरोध प्रदर्शन करने से राजनीतिक तनाव बढ़ गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कार्यालय से 'फाइलें चोरी की जा रही हैं'।
एक प्रदर्शनकारी ने दावा किया, "उन्होंने ताला तोड़ा और बिना किसी को बताए अंदर घुस गए। हमारे बूथ स्तर के एजेंटों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज अंदर थे। इन फाइलों की नकल करने और उन्हें विपक्षी उम्मीदवार को सौंपने की एक गहरी साजिश है।"
यह पार्टी कार्यालय कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शोभनदेब चट्टोपाध्याय की चुनावी गतिविधियों के प्रबंधन के लिए उपयोग किया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान चुनाव से संबंधित संवेदनशील दस्तावेजों को चुराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस सीट से भाजपा ने श्री कुमार के खिलाफ स्वपन दासगुप्ता को मैदान में उतारा है। भाजपा नेता इस सीट पर अपनी संभावनाओं को लेकर काफी आशान्वित हैं।
यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा तृणमूल कांग्रेस नेताओं की संभावित गिरफ्तारी पर आशंका व्यक्त करने के एक दिन बाद आया है। गुरुवार को अलीपुरद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा था, "किसे और कब गिरफ्तार करना है, इसके निर्देश दिए जा चुके हैं।" उन्होंने इससे पहले पूर्व वर्धमान के खंडाघोष में एक रैली में भी इसी तरह की टिप्पणी की थी।
जैसे-जैसे तलाशी जारी है, इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है और सत्ताधारी पार्टी के समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी है।
भारत उप्रेती
वार्ता
More News

वी. डी. सतीशन आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

18 May 2026 | 8:45 AM

तिरुवनंतपुरम, 18 मई (वार्ता) केरल में आज कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चो (यूडीएफ) सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जायेगा , जहां वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।.

see more..

शरणार्थियों का नया जत्था आने से मिजोरम में विस्थापितों की संख्या बढ़कर हुई 40 हजार

17 May 2026 | 10:47 PM

आइजोल, 17 मई (वार्ता) पश्चिमी म्यांमार में जारी हिंसा के कारण पिछले दो हफ्तों में 1,000 से अधिक नए नागरिक मिजोरम के चंफाई जिले में दाखिल हुए हैं। शरणार्थियों के इस नए आगमन के साथ ही राज्य में शरण लेने वाले म्यांमार के नागरिकों की कुल संख्या अब लगभग 40,000 के करीब पहुंच गई है।.

see more..

हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

17 May 2026 | 9:04 PM

हरिद्वार,17 मई (वार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर रविवार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने 112 नंबर पर फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी।.

see more..

पौड़ी में केंद्रीय विद्यालय लैंसडाउन के समीप जंगल में लगी भीषण आग

17 May 2026 | 9:00 PM

पौड़ी, 17 मई, (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी में केंद्रीय विद्यालय लैंसडाउन के समीप जंगल में रविवार देर शाम को लगी भीषण आग ने कुछ देर के लिए क्षेत्र में दहशत उत्पन्न कर दी। आग तेजी से स्कूल और आसपास के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस और सेना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और आग पर काबू प्राप्त किया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।.

see more..

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने सड़क सुधार की समीक्षा की

17 May 2026 | 8:56 PM

इंफाल, 17 मई (वार्ता) मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने रविवार को इंफाल-सैकुल रोड पर चल रहे सड़क सुधार के काम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए परियोजना को तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।.

see more..