Wednesday, Jul 15 2026 | Time 19:50 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती नहीं बरतकर ममता से हुई गलती : बाबुल सुप्रियो

कोलकाता, 04 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकाल के शुरुआती वर्षों में भ्रष्टाचार और सरकारी धन के कथित गबन के खिलाफ पर्याप्त सख्त कार्रवाई न करके एक 'बड़ी गलती' की थी।
श्री सुप्रियो ने हालांकि स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर व्यक्त किए गए उनके विचार पूरी तरह से व्यक्तिगत थे और इससे पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। बुधवार रात सोशल मीडिया पर लिखे एक लंबे लेख में उन्होंने सबसे पहले उन नेताओं का जिक्र किया जो पार्टी के चुनाव चिह्न, नेतृत्व और संगठन के दम पर चुने जाने के बाद अपनी राजनीतिक पार्टियां छोड़ देते हैं।
सांसद ने तर्क दिया कि चुनाव जीतने के बाद जो भी सांसद या विधायक पार्टी छोड़ता है, उसे अपने पद से भी इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद अपनी लोकसभा सीट से इस्तीफा देने की बात याद करते हुए लिखा, "आप अपनी ही पार्टी के खिलाफ रुख अपना सकते हैं। मैंने अतीत में ऐसा किया है लेकिन उस फैसले का सम्मान करने के लिए, व्यक्ति को सांसद या विधायक के पद से भी हट जाना चाहिए।"
तृणमूल सांसद ने इसके बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बात की और कहा कि सुश्री बनर्जी ने अपनी सरकार के कार्यकाल की शुरुआत से ही भ्रष्टाचार, सरकारी धन की हेराफेरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ दृढ़ता से कार्रवाई न करके एक बड़ी भूल की थी। उन्होंने लिखा, "दीदी से निश्चित रूप से एक गंभीर चूक हुई। सत्ता में आने के पहले दिन से ही जो लोग भ्रष्टाचार, जनता के पैसे की हेराफेरी और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए, उनके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए थी। ऐसा न करने से समय के साथ स्थिति और अधिक जटिल होती चली गई।"
एक अन्य महत्वपूर्ण टिप्पणी में, श्री सुप्रियो ने दावा किया कि उस दौर के कई विवादित चेहरे अब '60' वाले समूह का हिस्सा हैं। उन्होंने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि इस शब्द से उनका क्या मतलब था लेकिन इस संदर्भ ने राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गयी हैं, खासकर तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही उथल-पुथल के बीच जहां 60 तृणमूल विधायकों ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी द्वारा नामित सोवनदेब चट्टोपाध्याय को दरकिनार कर ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता चुना है। उन्होंने यह भी कहा कि उनमें से कुछ लोग चुनाव हार चुके हैं, जबकि अन्य जेल में हैं।
इस लेख के सबसे चौंकाने वाले हिस्से में, राज्यसभा सांसद ने एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बात की जिसने उन्हें बेहद निराश किया था। उन्होंने लिखा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि इंसान के रूप में छुपा हुआ एक सांप हमारे बीच घूम रहा था।" उन्होंने हालांकि उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की, जिससे राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
तृणमूल नेता ने भाजपा को भी एक तरह से सचेत किया। विभिन्न राज्यों में विपक्षी दलों के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने की भाजपा की कार्यशैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को भविष्य में ऐसी गलतियों को दोहराने से बचना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने स्वीकार किया कि राजनीति अक्सर इस कहावत पर चलती है कि 'प्यार और युद्ध में सब कुछ जायज है।'
श्री सुप्रियो की टिप्पणियों ने राजनीतिक हलकों में एक नई बहस छेड़ दी है। जानकारों का कहना है कि ऐसे समय में जब सत्ताधारी पार्टी आंतरिक चुनौतियों और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों पर भारी दबाव का सामना कर रही है, एक मौजूदा तृणमूल सांसद द्वारा सुश्री बनर्जी के फैसलों की सार्वजनिक रूप से आलोचना करना राजनीतिक रूप से काफी अहम है।
भारत उप्रेती
वार्ता
More News

घर से लापता युवक का शव बरामद

15 Jul 2026 | 7:29 PM

देहरादून 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के देहरादून में गत आठ जुलाई से संदिग्ध स्थिति में लापता हुए युवक का शव मसूरी से आगे एक गहरी खाई से बरामद हुआ है।.

see more..

रेखा आर्या ने जनकल्याण शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

15 Jul 2026 | 7:25 PM

पिथौरागढ़, 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड की केबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के सीमांत तोली बरम में बुधवार को "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और एक सप्ताह के अंदर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।.

see more..

ऊधम सिंह नगर जिले में बंद मकानों में सेंध लगाने वाला अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

15 Jul 2026 | 6:30 PM

रुद्रपुर, 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बंद मकानों में सेंध लगाने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। .

see more..

सीतक्का ने तेलंगाना में आंगनवाड़ी नाश्ता योजना लागू करने का दिया आदेश, घटिया पोषण के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

15 Jul 2026 | 6:25 PM

हैदराबाद, 15 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री डॉ. दानसारी अनसूया सीतक्का ने बुधवार को अधिकारियों को अगले महीने से पूरे राज्य में आंगनवाड़ी नाश्ता योजना का विस्तार करने के निर्देश दिये।.

see more..

बिदादी विवाद: शिवकुमार ने कुमारस्वामी पर राजनीतिक पाखंड करने का लगाया आरोप

15 Jul 2026 | 6:07 PM

बेंगलुरु, 15 जुलाई (वार्ता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को बिदादी एकीकृत टाउनशिप परियोजना को लेकर केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी पर राजनीतिक पाखंड करने का आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि यह विवादित परियोजना श्री कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली जनता दल सेक्युलर (जदएस) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार के समय मंज़ूर और आगे बढ़ाई गई थी।.

see more..