Sunday, Jul 12 2026 | Time 17:13 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


पश्चिम बंगाल को कंक्रीट के जंगलों से बचाने के लिए एक करोड़ से ज्यादा पेड़ लगायेंगे : अधिकारी

कोलकाता, 05 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल को कंक्रीट के जंगलों से बचाने के लिए प्रदेश भर में विभिन्न प्रजातियों के 1.10 करोड़ पेड़ लगाये जायेंगे।
श्री अधिकारी ने आज यहां औपचारिक रूप से एक साल के वनीकरण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि जब तक वे पौधे पेड़ नहीं बन जाते, तब तक उनका संरक्षण और पोषण भी करना चाहिये।
"एकटी गाछ मायेर नामे/एक पेड़ मां के नाम" नामक इस पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 में दिल्ली में की थी। श्री मोदी ने नयी दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क में पीपल का पेड़ लगाया था और नागरिकों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने का आग्रह किया था। पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तुरंत इस पहल की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने साल्ट लेक स्थित नलवन में राज्य सरकार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में इस हरित अभियान का शुभारंभ किया और नलवन जल संरचना के किनारे एक स्थानीय पौधा लगाया।
राज्य के वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य भर में इस अभियान की शुरुआत ब्लॉक विकास कार्यालयों, नगर पालिकाओं, नगर निगमों, पुलिस स्टेशनों, स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी पार्कों सहित लगभग 500 स्थानों पर छह लाख पौधे लगाने के साथ हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा , "हम 1.10 करोड़ पेड़ लगायेंगे और उनका रख-रखाव करेंगे। केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, पौधों को तब तक संरक्षित और पोषित किया जाना चाहिये जब तक कि वे बड़े पेड़ न बन जायें। यह किया जायेगा।" उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत एक-तिहाई पेड़ राज्य भर के बड़े आवासीय परिसरों, मिश्रित-उपयोग वाले विकास क्षेत्रों और कार्यालय परिसरों में लगाये जायेंगे।
उन्होंने कहा, "यदि आप बारासात से बारुईपुर तक फैले वृहत्तर कोलकाता क्षेत्र को देखें, जिसमें हुगली के दोनों किनारों के शहरी केंद्र शामिल हैं, तो आप पायेंगे कि हर जगह कंक्रीट के जंगल उग आये हैं। अब कोई हरित क्षेत्र नहीं बचा है।" उनके अनुसार, राज्य सरकार के निर्देशों में पहले से ही नागरिक निकायों और योजना अधिकारियों के लिये यह सुनिश्चित करना आवश्यक था कि प्रमुख विकास परियोजनाओं में कम से कम एक-तिहाई भूमि हरियाली और वृक्षारोपण के लिये आरक्षित की जाये।
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि किसी ने इन निर्देशों का ठीक से पालन किया है। यही कारण है कि अब हम अधिक सतर्क रहेंगे। हमें शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अधिक विकास के रूप में अधिक बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है। यह सब वनों और पर्यावरण की सुरक्षा के साथ चलना चाहिये।" उन्होंने पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों सहित जंगल महल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे वनों के विनाश पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, "वहां के अपने दौरों के दौरान, मैं यह देखकर चिंतित था कि कैसे अधिकांश पेड़ों को काट दिया गया है। वनभूमि को बड़े पैमाने पर अवैध रूप से स्थानांतरित और बेचा जा रहा है। हम इस पर रोक लगायेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "जंगलों को नष्ट किया जा रहा है, इसलिये जानवर भोजन की तलाश में राजमार्गों पर आने और मानव बस्तियों में प्रवेश करने के लिये मजबूर हो रहे हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी ने घोषणा की कि राज्य सरकार 14 जुलाई से 20 जुलाई तक मनाये जाने वाले 'अरण्य सप्ताह' के दौरान वृक्षारोपण और संरक्षण कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित करेगी।"
उन्होंने कहा कि 29 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर भी वनीकरण और वन्यजीव संरक्षण पहल की जायेगी। उन्होंने कहा, "मैं स्कूली बच्चों से 'इको क्लब' स्थापित करने का आग्रह करता हूं। इन क्लबों को वृक्षारोपण अभियान जैसे संरक्षण कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए राज्य सरकार से वित्तीय सहायता सहित सभी प्रकार का सहयोग मिलेगा।"
नलवन में आयोजित समारोह में मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के राज्य सलाहकार और पर्यावरण, वन, स्वास्थ्य तथा मत्स्य पालन विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये। 'मिशन लाइफ' के तहत पर्यावरण राजदूत के रूप में चुने गये पचास छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।
मनोज अशोक
वार्ता
More News

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम पहले से है, तो किसी दस्तावेज की ज़रूरत नहीं: चुनाव आयोग

12 Jul 2026 | 4:30 PM

बेंगलुरु, 12 जुलाई (वार्ता) निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिन मतदाताओं के नाम पहले से ही मौजूदा मतदाता सूची में हैं, उन्हें मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की ज़रूरत नहीं होगी।.

see more..

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ नहीं :हरीश राव

12 Jul 2026 | 4:21 PM

हैदराबाद, 12 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के पूर्व मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उपमुख्य सचेतक टी. हरीश राव ने रविवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरों के ऑपरेशन पर उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ भी नहीं है।.

see more..

यूनेस्को बंगाल के इकलौते लकड़ी की गुड़िया बनाने वाले केंद्र के लिए मार्केटिंग के रास्ते तलाश रहा है

12 Jul 2026 | 4:02 PM

कलना, 12 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल में संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) से जुड़ी एक एजेंसी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद पूर्वी बर्दवान के एक छोटे से गांव नतुनग्राम में लकड़ी की गुड़िया बनाने का इकलौता उद्योग अब वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए तैयार है। .

see more..

बेंगलुरु में आईआईएम बीयूई 2026 लीडरशिप सम्मेलन एक-दो अगस्त को

12 Jul 2026 | 3:58 PM

चेन्नई, 12 जुलाई (वार्ता) कर्नाटक के बेंगलुरु में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएम) के प्रमुख लीडरशिप सम्मेलन आईआईएमबीयूई 2026 सम्मेलन में देश के कुछ प्रभावशाली लोग शामिल होंगे और अपनी और अपनी कंपनियों की दिशा (ऑर्बिट) कैसे बदल सकते हैं, इस पर चर्चा करेंगे।.

see more..

ऑपरेशन प्रहार के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के साथ किया तस्कर गिरफ्तार

12 Jul 2026 | 3:50 PM

हरिद्वार, 12 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के "ऑपरेशन प्रहार-2026" अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बहादराबाद क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।.

see more..