Wednesday, Jul 15 2026 | Time 18:26 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


पुलिस ने जिनकी जान बचाई, वही निकले मोटरसाइकिल चोर, टिहरी पुलिस ने किया 24 घंटे में खुलासा

टिहरी, 09 जून (वार्ता) उत्तराखंड में टिहरी पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। वहीं जांच में दोनों युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़े गए। घनसाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार सात जून की रात चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना घनसाली पुलिस को मोटरसाइकिल सड़क किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। दुर्घटना में घायल दो युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर, चमियाला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। दोनों ने अपना नाम अनुज सिंह राणा और साहिल सिंह निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर बताया।
अगले दिन आठ जून को स्थानीय निवासी वीर सिंह ने थाना घनसाली में उक्त मोटरसाइकिल के बस स्टेशन घनसाली से चोरी होने की तहरीर दी। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल वही चोरी की गई मोटरसाइकिल थी और घायल दोनों युवक ही चोरी की घटना में शामिल थे। मोटरसाइकिल चोरी कर भागने के दौरान ही वे हादसे का शिकार हो गए थे।
मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पूछताछ के लिए जब पुलिस एम्स ऋषिकेश पहुंची तो दोनों युवक पुलिस कार्रवाई के भय से अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो चुके थे।
इसके बाद घनसाली पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर सघन तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयासों के बाद बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है । आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
सं उप्रेती
वार्ता
More News

रोडवेज कर्मचारी सोसाइटी विवाद मामले में हाईकोर्ट ने सरकार और रोडवेज से किया जवाब तलब

15 Jul 2026 | 6:01 PM

नैनीताल, 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) के कर्मचारियों के वेतन से सोसाइटी के नाम पर की जा रही कटौती और कटौती के अंशदान को सोसाइटी में जमा नहीं किये जाने के मामले में उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने बुधवार को सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और निगम से तीन सप्ताह में जवाबी हलफनामा दायर करने के निर्देश दिए हैं।.

see more..

पश्चिम बंगाल सरकार पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के घर पर सुरक्षा बहाल करेगी

15 Jul 2026 | 5:54 PM

कोलकाता, 15 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य के पाम एवेन्यू स्थित घर पर सुरक्षा बहाल करने का फैसला किया है।.

see more..

धामी ने दी चमोली को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात

15 Jul 2026 | 5:43 PM

देहरादून 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के अंतर्गत चमोली जिला के विकास को नई गति देते हुए विभिन्न विभागों की कुल 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।.

see more..

मोदी ने कामराज को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

15 Jul 2026 | 5:21 PM

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि शिक्षा, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उनका आजीवन समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने श्री कामराज को एक असाधारण जननेता बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।.

see more..

कलबुर्गी जेल से भागा कैदी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी

15 Jul 2026 | 5:13 PM

कलबुर्गी, 15 जुलाई (वार्ता) कर्नाटक में कलबुर्गी केंद्रीय कारागार से भागने वाले तीन कैदियों में से एक को बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। .

see more..