Sunday, Jul 12 2026 | Time 17:30 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


हस्ताक्षर विवाद: सीआईडी ने ममता बनर्जी के आवास के पास तृणमूल दफ्तर की तलाशी ली, अभिषेक के कार्यालय भी पहुंची टीम

कोलकाता, 09 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल राज्य अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीघाट स्थित तृणमूल कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में तलाशी ली। यह कार्यालय पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के आवास के बिल्कुल पास स्थित है।
यह तलाशी अभियान पार्टी विधायकों के कथित जाली हस्ताक्षर विवाद से जुड़ी जांच के सिलसिले में चलाया गया। एक अन्य घटनाक्रम में, सीआईडी के जांचकर्ताओं की एक टीम तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय भी पहुंची।
इससे पहले राज्य पुलिस के जवानों, केंद्रीय बलों और महिला पुलिस अधिकारियों के साथ सीआईडी की एक बड़ी टीम दोपहर के वक्त कालीघाट कार्यालय पहुंची। हालांकि, जांचकर्ताओं को शुरुआत में परिसर के भीतर जाने से रोक दिया गया और उन्हें लगभग एक घंटे तक बाहर ही इंतजार करना पड़ा।
यह गतिरोध तब शुरू हुआ, जब तृणमूल के पूर्व सांसद और पार्टी कोषाध्यक्ष सुभाशीष चक्रवर्ती कार्यालय से बाहर आए और उन्होंने इस तलाशी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सीआईडी अधिकारियों को बताया कि सुश्री ममता बनर्जी और श्री अभिषेक बनर्जी दोनों, विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली गए हैं और उनकी अनुपस्थिति में कार्यालय का कामकाज वही संभाल रहे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि वे नेतृत्व की सहमति के बिना परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दे सकते।
दूसरी ओर, सीआईडी अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि यह तलाशी एक जारी कानूनी प्रक्रिया और जांच का हिस्सा है, जो किसी व्यक्ति विशेष की उपस्थिति पर निर्भर नहीं करती। जांचकर्ताओं ने श्री अभिषेक बनर्जी के नाम जारी नोटिस भी दिखाया और भीतर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन श्री सुभाशीष अपनी बात पर अड़े रहे। ज्ञात हो कि 30-बी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित यह परिसर तृणमूल का पार्टी कार्यालय होने के साथ-साथ ममता बनर्जी के आवास का पता भी है। पार्टी नेताओं के साथ लंबी बहस और बातचीत के बाद, जांच टीम को आखिरकार शाम चार बजे के कुछ देर बाद परिसर के भीतर जाने की अनुमति मिल गई।
यह तलाशी कथित जाली हस्ताक्षर मामले से संबंधित है। यह पूरा मामला इस दावे पर केंद्रित है कि विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को अभिषेक बनर्जी द्वारा भेजे गए एक प्रस्तावित पत्र पर कुछ तृणमूल विधायकों के जाली हस्ताक्षर किए गए थे। जिस बैठक में विधायकों के ये हस्ताक्षर कथित तौर पर लिए गए थे, वह इसी कालीघाट कार्यालय में आयोजित हुई थी। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उस बैठक में वास्तव में क्या हुआ था, कौन-कौन शामिल हुआ था और किन विधायकों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे। माना जा रहा है कि सीआईडी अधिकारी साक्ष्य के रूप में उस दिन की सीसीटीवी फुटेज भी मांग रहे हैं।
बाद में दोपहर में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष भी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं पार्टी दफ्तर में संगठन से जुड़े काम के लिए आया था। यहां पहुंचने के बाद मुझे पता चला कि सीआईडी की टीम जांच के सिलसिले में आई है।" श्री घोष ने कहा, "जब सीआईडी ने पहले हमसे संपर्क किया था, तो हमने पूरा सहयोग किया था।" हालांकि, उन्होंने सुश्री ममता बनर्जी की अनुपस्थिति में उनके आवास के पास तलाशी लेने की कार्रवाई को "अनुचित" बताया, क्योंकि उनका दिल्ली दौरा पहले से तय था।
सीआईडी की जांच का दायरा अब अभिषेक बनर्जी पर ज्यादा केंद्रित हो गया है। जांच अधिकारी इससे पहले 30 मई को उनके कालीघाट स्थित आवास पर गए थे और उन्हें 1 जून को पेश होने का निर्देश दिया था। हालांकि, वे पेश नहीं हुए और उन्होंने 14 दिन का समय मांगा था। सीआईडी ने उनका यह अनुरोध ठुकरा दिया था और बाद में एक नया नोटिस जारी कर उन्हें सात दिनों के भीतर पेश होने को कहा था। तय समय सीमा के तहत वे सोमवार को भी जांच अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए।
अंतिम रिपोर्ट मिलने तक कालीघाट दफ्तर में भारी सुरक्षा के बीच सीआईडी का तलाशी अभियान जारी था, और परिसर के बाहर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों के जवान तैनात थे।
शोभित जितेन्द्र
वार्ता
More News

तेलंगाना के शाबाद में छह लोगों की हत्या के आरोपी की तलाश में नौ टीमें जुटीं

12 Jul 2026 | 5:21 PM

हैदराबाद, 12 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल के दैवालागुडा गांव में छह लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए नौ विशेष टीमें तैनात की गई हैं।.

see more..

मिजोरम की सीईओ गरिमा गुप्ता का हुआ तबादला

12 Jul 2026 | 4:57 PM

एजल, 12 जुलाई (वार्ता) मिजोरम की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गरिमा गुप्ता का तबादला दिल्ली कर दिया गया है। यह तबादला ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम चल रहा है।.

see more..

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम पहले से है, तो किसी दस्तावेज की ज़रूरत नहीं: चुनाव आयोग

12 Jul 2026 | 4:30 PM

बेंगलुरु, 12 जुलाई (वार्ता) निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिन मतदाताओं के नाम पहले से ही मौजूदा मतदाता सूची में हैं, उन्हें मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की ज़रूरत नहीं होगी।.

see more..

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ नहीं :हरीश राव

12 Jul 2026 | 4:21 PM

हैदराबाद, 12 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के पूर्व मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उपमुख्य सचेतक टी. हरीश राव ने रविवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरों के ऑपरेशन पर उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ भी नहीं है।.

see more..

यूनेस्को बंगाल के इकलौते लकड़ी की गुड़िया बनाने वाले केंद्र के लिए मार्केटिंग के रास्ते तलाश रहा है

12 Jul 2026 | 4:02 PM

कलना, 12 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल में संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) से जुड़ी एक एजेंसी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद पूर्वी बर्दवान के एक छोटे से गांव नतुनग्राम में लकड़ी की गुड़िया बनाने का इकलौता उद्योग अब वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए तैयार है। .

see more..