Sunday, Jul 12 2026 | Time 17:29 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरी छात्रा की हालत नाजुक

देहरादून 13 जून (वार्ता) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में एनडीए परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा हॉस्टल की तीसरी मंजिल से संदिग्ध अवस्था में नीचे गिर जाने के कारण गंभीर रुप से घायल हो गई है।
स्थानीय निजी अस्पताल में जीवन मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही छात्रा के परिजनों की शिकायत और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की संस्तुति के बावजूद घटना के नौ दिन बाद भी पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के फोन न उठाने पर उनके जनसंपर्क अधिकारी ने यूनीवार्ता से कहा कि मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण अभी विवेचना की जा रही है।
बाल आयोग अध्यक्ष डॉ गीता खन्ना ने शनिवार को बताया कि इस मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद की मूल निवासी पीड़िता 17 वर्षीया छात्रा मैक्स हॉस्पिटल में उपचाराधीन है, जिसकी स्थिति चिकित्सकों के अनुसार बेहद नाजुक बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि 11 जून को दून डिफेंस ड्रीमर्स में अध्ययनरत एक बालिका के माता-पिता राहुल भगौरे एवं श्रीमती गगौर, निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश उनसे मिले तथा अपनी पुत्री के साथ घटित अत्यंत गंभीर घटना के संबंध में विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की। जिन्होंने बताया कि घटना के पश्चात कोचिंग संस्थान अथवा छात्रावास प्रबंधन द्वारा तत्काल कोई सूचना नहीं दी गई। अभिभावकों को घटना की जानकारी किसी अन्य छात्रा के दूरभाष के माध्यम से प्राप्त हुई।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के अनुसार बालिका को गंभीर अवस्था में दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे मैक्स अस्पताल रेफर किया गया और वर्तमान में उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अभिभावकों ने आयोग को बताया कि घटना के समय छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कमजोर थी। रात्रिकाल में छात्रावास परिसर के बाहर कोई सुरक्षा कर्मी अथवा चौकीदार मौजूद नहीं था। बालिका को अस्पताल पहुँचाने में संस्थान प्रबंधन की अपेक्षा स्थानीय लोगों एवं एक रसोइए की भूमिका रही। साथ ही घटना की सूचना समय पर अभिभावकों, पुलिस अथवा अन्य संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई। बालिका के परिजनों ने आयोग को यह भी अवगत कराया कि उन्हें वर्तमान में चल रही जांच की निष्पक्षता पर गंभीर संदेह है। उनके अनुसार अब तक की जांच में सभी तथ्यों को समुचित रूप से नहीं देखा जा रहा है तथा मामले की वस्तुस्थिति सामने लाने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है, जिसमें एक बालिका का जीवन संकट में है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी उक्त कोचिंग संस्थान के संबंध में विभिन्न प्रकार की शिकायतें आयोग के संज्ञान में आती रही हैं। इसके अतिरिक्त आयोग को समय-समय पर विभिन्न कोचिंग संस्थानों एवं उनसे संबद्ध छात्रावासों के संबंध में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था, मानसिक स्वास्थ्य, आवासीय सुविधाओं तथा बाल अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। यह विषय अत्यंत गंभीर है तथा ऐसे संस्थानों के संचालन में बाल संरक्षण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने 04 जून को आईटी पार्क चौकी प्रभारी और राजपुर थाना में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन शिकायत दायर करने के एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई और ना ही घटनास्थल को विधिवत रूप से सुरक्षित रखा गया। इसके चलते, उनका कहना है, महत्वपूर्ण साक्ष्यों में छेड़छाड़ की संभावनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय मौजूद अन्य छात्राओं के बयानों पर संदेह है और पूरे कृत्य को “नाइट आउट” बताकर हल्का दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। पिता ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद उनकी पुत्री के मोबाइल फोन के साथ भी छेड़छाड़ हुई, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
उल्लेखनीय है कि उक्त कोचिंग संस्थान में उत्तराखंड पुलिस के उधमसिंह नगर में तैनात एक पुलिस उपाधीक्षक की पार्टनरशिप है, जिसके दबाव में अक्सर यहां छात्र, छात्राओं के उत्पीड़न की घटनाओं पर कोई कार्यवाही अमूमन नहीं होती है। सुमिताभ , जांगिड़ वार्ता
More News

तेलंगाना के शाबाद में छह लोगों की हत्या के आरोपी की तलाश में नौ टीमें जुटीं

12 Jul 2026 | 5:21 PM

हैदराबाद, 12 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल के दैवालागुडा गांव में छह लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए नौ विशेष टीमें तैनात की गई हैं।.

see more..

मिजोरम की सीईओ गरिमा गुप्ता का हुआ तबादला

12 Jul 2026 | 4:57 PM

एजल, 12 जुलाई (वार्ता) मिजोरम की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गरिमा गुप्ता का तबादला दिल्ली कर दिया गया है। यह तबादला ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम चल रहा है।.

see more..

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम पहले से है, तो किसी दस्तावेज की ज़रूरत नहीं: चुनाव आयोग

12 Jul 2026 | 4:30 PM

बेंगलुरु, 12 जुलाई (वार्ता) निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिन मतदाताओं के नाम पहले से ही मौजूदा मतदाता सूची में हैं, उन्हें मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की ज़रूरत नहीं होगी।.

see more..

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ नहीं :हरीश राव

12 Jul 2026 | 4:21 PM

हैदराबाद, 12 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के पूर्व मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उपमुख्य सचेतक टी. हरीश राव ने रविवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरों के ऑपरेशन पर उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ भी नहीं है।.

see more..

यूनेस्को बंगाल के इकलौते लकड़ी की गुड़िया बनाने वाले केंद्र के लिए मार्केटिंग के रास्ते तलाश रहा है

12 Jul 2026 | 4:02 PM

कलना, 12 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल में संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) से जुड़ी एक एजेंसी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद पूर्वी बर्दवान के एक छोटे से गांव नतुनग्राम में लकड़ी की गुड़िया बनाने का इकलौता उद्योग अब वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए तैयार है। .

see more..