Monday, Sep 7 2026 | Time 18:39 Hrs(IST)
राज्य » अन्य राज्य


धामी ने किया दून विश्वविद्यालय के दीक्षारम्भ सत्र का शुभारंभ, प्रयोगशाला-पुस्तकालय भवन और कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन का लोकार्पण

देहरादून 13 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 एवं युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
श्री धामी ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन तथा 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन का भी लोकार्पण किया। साथ ही, दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ये संस्थागत सुविधाएं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति देने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि दून विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा। दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम के सफल संचालन के लिये कार्यक्रम समन्वयक एवं तकनीकी सहायक के दो पद सृजित किये जायेंगे। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जायेगी। यहां विदेशी भाषा विभागों को सुदृढ़ किया जायेगा। ताकि वे राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने और राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो सके। उन्होंने घोषणा की कि विदेशी भाषाओं स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाईनीज एवं जापानी भाषा विभागों के लिये यथोचित पदों का सृजन किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। जिस देश का युवा सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और कठिन परिश्रम करने की क्षमता रखता है, उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। भारत की विशाल युवा आबादी विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसी महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं। आज युवा नौकरी तलाशने के साथ-साथ उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
श्री धामी ने कहा कि आज का युग नवाचार का है। राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही शिक्षा और शोध की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में नए महाविद्यालयों और मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब एवं परीक्षा भवन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्तियों के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं । मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के माध्यम से प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का शोध अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उत्कृष्ट शोध कार्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सरकार द्वारा आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। यूपीएससी, एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसी पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है, जिसमें युवाओं की मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो। राज्य में देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानूनों में से एक लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि इसी पारदर्शी व्यवस्था के परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं, अपनी क्षमताओं को पहचानें, नई सोच के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, अपर सचिव मनमोहन मैनाली एवं दून विश्वविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे।
सुमिताभ उप्रेती
वार्ता
More News

तेलंगाना में 93 लाख 'बिना मैपिंग और गड़बड़ी वाले' मतदाताओं की जानकारी ऑनलाइन अपलोड की जाएगी

07 Sep 2026 | 6:24 PM

हैदराबाद, 07 सितंबर (वार्ता) तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) चुनाव आयोग समन्वय समिति के अध्यक्ष पुलिपति राजेश कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य में 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत 'बिना मैपिंग और गड़बड़ी' वाली सूची में शामिल 93 लाख मतदाताओं की जानकारी अगले कुछ दिनों में ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। .

see more..

चंपावत में कार के ऊपर गिरा बोल्डर, एक की मौत, चार घायल

07 Sep 2026 | 6:09 PM

चंपावत, 07 सितंबर (वार्ता) उत्तराखंड के चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए (एनएच-309ए) घाट-पनार रोड पर सोमवार को कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।.

see more..

बंगाल में खान-पान का चुनाव निजी मामला है, बागेश्वर बाबा ने अपनी राय रखी: सामिक भट्टाचार्य

07 Sep 2026 | 6:05 PM

कोलकाता, 07 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने खान-पान को निजी मामला बताते हुए बागेश्वर बाबा यानि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन नहीं करने के सुझाव को उनका नितांत निजी विचार बताया है।.

see more..

ज्योलिकोट संक्रमण मामले में डीएम और सीएमओ 24 घंटे के अंदर तलब

07 Sep 2026 | 5:47 PM

नैनीताल, 07 सितम्बर (वार्ता) उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने नैनीताल जिला मुख्यालय से सटे ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण गांवों में फैले संक्रमण के मामले में सोमवार को सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी (डीएम) नैनीताल और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को 24 घंटे के अंदर तलब किया है। .

see more..

कविता ने हनमकोंडा में छात्रों की रैली का नेतृत्व किया, शुल्क वापसी की मांग की

07 Sep 2026 | 5:36 PM

हनमकोंडा, 07 सितंबर (वार्ता) तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष कलवकुंतला कविता ने सोमवार को अंबेडकर प्रतिमा से हनमकोंडा कलेक्ट्रेट तक छात्रों की एक रैली का नेतृत्व करते हुए शुल्क वापसी और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की।.

see more..