Tuesday, Apr 14 2026 | Time 11:26 Hrs(IST)
पार्लियामेंट


पश्चिम बंगाल सरकार न कानून का सम्मान करती है, न लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का: नड्डा

नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को राज्यसभा में आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार न देश के कानून का सम्मान करती है और न लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का।
सदन में प्रश्नकाल के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय स्वास्थ्य मंत्रालय से संबंधित पूरक प्रश्न पूछ रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलग से एक टिप्पणी में कहा कि यह सरकार सहकारी संघवाद की बात करती है, उसे इस बात की जांच करनी चाहिये कि पश्चिम बंगाल की एक मात्र मुख्यमंत्री लाखों लोगों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सड़कों पर धरना क्यों दे रही हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से वहां एक प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की और कहा कि बंगाल के लोग पूछ रहे हैं कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही यह कठोर कदम क्यों उठाया जा रहा है।
सदन के नेता श्री नड्डा ने अपने तेवर तीखे करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल देश का एक मात्र राज्य है जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा, "वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान नहीं करते, राजनीतिक परंपराओं का सम्मान नहीं करते, लोकतांत्रिक गतिविधियों में विश्वास नहीं करते। उन्होंने न्यायपालिका को भी धमकी दी है। और हाल ही में एक महिला मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) ने जनजाति समुदाय की एक महिला राष्ट्रपति का अपमान किया है। उनके मन में कानून के लिए कोई सम्मान नहीं है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सभी को डराने की कोशिश कर रही हैं और चुनाव आयोग तक का सम्मान नहीं कर रही हैं।
इस दौरान तृणमूल सदस्यों ने कुछ आपत्ति की, लेकिन सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि जैसा सवाल पूछा गया है, मंत्री वैसा ही उत्तर दे रहे हैं।
अजीत अशोक
वार्ता