Monday, Feb 16 2026 | Time 04:35 Hrs(IST)
राज्य » पंजाब / हरियाणा / हिमाचल


पाकिस्तान उच्चायुक्त से अधिकतम श्रद्धालुओं को वीजा जारी करने की मांग

अमृतसर, 24 जनवरी (वार्ता) शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर एसजीपीसी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद अहमद वराइच से मुलाकात की और मांग की कि एसजीपीसी द्वारा पाकिस्तान में गुरुद्वारों के दर्शन के लिए सहमत जत्थों के तहत भेजी गई सिख तीर्थयात्रियों की पूरी सूची को वीजा दिया जाए तथा श्री गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर स्वीकृत नानकशाही कैलेंडर के अनुसार सिख जत्थे को भेजने की अनुमति दी जाए।
प्रतिनिधिमंडल में इसके मुख्य सचिव एवं सदस्य कुलवंत सिंह मन्नन, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, सचिव प्रताप सिंह और सहायक सचिव जसविंदर सिंह शामिल थे।
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कुलवंत सिंह मन्नण और भाई राजिंदर सिंह मेहता ने बताया कि पिछले दिनों एसजीपीसी द्वारा पाकिस्तान उच्चायोग को भेजी गई सूची में से सिख श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में वीजा काटे गए थे, जिसको लेकर आज पाकिस्तान के अधिकारियों के साथ बैठक हुई है। बताया गया है कि एसजीपीसी सिखों का प्रतिनिधि संगठन है, जो हर साल खालसा साजना दिवस (वैसाखी), श्री गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस, महाराजा रणजीत सिंह की बरसी (पुण्यतिथि) और श्री गुरु नानक देव के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर पाकिस्तान के विभिन्न गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जत्थे भेजता है। इन जत्थों के लिए पंजाब राज्य के पास क्रमश: 1800, 600, 300 और 1800 वीजा का स्वीकृत कोटा है। लेकिन पिछले कुछ सालों से एसजीपीसी द्वारा भेजी गई सिख श्रद्धालुओं की पूरी सूची को पाकिस्तान उच्चायोग द्वारा वीजा नहीं दिया जाता और बड़ी संख्या में नाम एसजीपीसी की सूची से काट दिए जाते हैं।
एसजीपीसी पदाधिकारियों ने बताया कि आज यह मामला पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया तथा मांग की गई कि पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के प्रति सिख श्रद्धालुओं की श्रद्धा व धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए एसजीपीसी सूची में से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया जाए। उन्होंने बताया कि पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा स्वीकृत नानकशाही कैलेंडर के अनुसार सिख श्रद्धालुओं के जत्थे को पाकिस्तान भेजने की अनुमति देने की भी मांग की गई है।
पाकिस्तान उच्चायोग को दिए गए पत्र में कहा गया है कि पांचवें गुरु के शहीदी दिवस के अवसर पर हर वर्ष सिख जत्था पाकिस्तान भेजा जाता है। एसजीपीसी सिख समुदाय की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा स्वीकृत नानकशाही कैलेंडर के अनुसार हर वर्ष श्री गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस मनाती है, जबकि पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (पीएसजीपीसी) हर वर्ष निर्धारित तिथि 16 जून को यह दिवस मनाती है। तिथियों में अंतर के कारण एसजीपीसी वर्ष 2012 से सिख श्रद्धालुओं का जत्था नहीं भेज पा रही है। तिथियों में अंतर के कारण पाकिस्तान उच्चायोग एसजीपीसी द्वारा स्वीकृत नानकशाही कैलेंडर के अनुसार भेजी गई सिख श्रद्धालुओं की सूची को वीजा जारी नहीं करता है, जिससे भारतीय सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्री गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस एसजीपीसी और सिख संगत द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा स्वीकृत नानकशाही कैलेंडर के अनुसार 30 मई, 2025 (जयत सुदी 4) को मनाया जा रहा है। इसलिए भारतीय सिख श्रद्धालुओं को 30 मई, 2025 की तिथि के लिए वीजा जारी किया जाए, ताकि सिख जत्था गुरुद्वारा देहरा साहिब, लाहौर जाकर पांचवें गुरु को उनके शहीदी दिवस पर नमन कर सके।
ठाकुर.संजय
वार्ता
More News

महाशिवरात्रि पर श्री बाबा तारा जी कुटिया में उमड़ा आस्था का सैलाब

15 Feb 2026 | 7:12 PM

सिरसा 15 फरवरी (वार्ता) हरियाणा के सिरसा में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रविवार को शहर के सभी शिवालयों में भगवान शिव के भक्तों कि भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। .

see more..

धमकी देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

15 Feb 2026 | 7:09 PM

सिरसा 15 फरवरी (वार्ता) हरियाणा में महिला विरुद्व अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की सदर थाना सिरसा पुलिस ने धमकी देकर ब्लैकमेल कर नाबालिग से दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन युवकोंं को गिरफ्तार किया है । .

see more..

हमीरपुर में एलपीजी सिलेंडरों के अचानक विस्फोट से दो लोग घायल

15 Feb 2026 | 6:48 PM

हमीरपुर, 15 फरवरी (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले के बस्सी इलाके में एलपीजी सिलेंडर बदलने के दौरान हुए विस्फोट में एक मां और बेटे घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।.

see more..

हिमाचल में बनेगा एशिया का सबसे लंबा जिपलाइन प्रोजेक्ट

15 Feb 2026 | 6:21 PM

शिमला, 15 फरवरी (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुरम्य धौलाधार घाटी के नड्डी में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है।.

see more..

हिमाचल कांग्रेस ने राजस्व घाटा अनुदान जारी रखने के मुद्दे पर भाजपा से मांगा समर्थन

15 Feb 2026 | 6:13 PM

शिमला, 15 फरवरी (वार्ता) हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने विपक्षी भारतीय जनता पार्टी से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार का समर्थन करने का आग्रह किया है क्योंकि यह मुद्दा दलीय सीमाओं से परे है और व्यापक जनहित से संबंधित है।.

see more..