Saturday, Jul 11 2026 | Time 08:24 Hrs(IST)
राज्य » पंजाब / हरियाणा / हिमाचल


अमृतसर में अफगान नागरिक समेत चार गिरफ्तार, आठ अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

अमृतसर, 08 जून (वार्ता) पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए
एक अफगान नागरिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ अत्याधुनिक पिस्तौल, सात कारतूस और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किया गया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफगानिस्तान निवासी और वर्तमान में पुणे (महाराष्ट्र) में रह
रहे 30 वर्षीय इस्माइलखेल तौहीद, तरनतारन जिले के गांव फतेहाबाद निवासी 20 वर्षीय मनजीत सिंह और 26 वर्षीय शमशेर सिंह तथा अमृतसर के गांव राजाताल निवासी 42 वर्षीय गुरलाल सिंह के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक .30 बोर बेरेटा पिस्तौल, चार 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, तीन अन्य .30 बोर पिस्तौल तथा सात जिंदा कारतूस शामिल हैं।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो गुप्त ड्रॉप प्वाइंट्स के माध्यम से अवैध हथियारों की खेप भेजता था। आरोपियों का काम इन हथियारों को प्राप्त कर आपराधिक तत्वों तक पहुंचाना और आगे सप्लाई करना था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने तथा अतिरिक्त बरामदगी और गिरफ्तारियां सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले मनजीत सिंह और शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और सात कारतूस बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस ने गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके पास से तीन और पिस्तौल बरामद किए गए। गुरलाल से पूछताछ के बाद उसके बताए स्थान से दो अतिरिक्त पिस्तौल भी बरामद किये गये। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर इस्माइलखेल तौहीद को भी गिरफ्तार किया गया। वह सूखे मेवों के कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क चला रहा था और अवैध हथियार तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन को संचालित कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि मनजीत सिंह और शमशेर सिंह एक ही गांव के निवासी हैं और दोनों मिलकर हथियार तस्करी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस के अनुसार मनजीत सिंह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी अमृतसर के सुल्तानविंड थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस संबंध में थाना इस्लामाबाद और थाना गेट हकीमा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गयी हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
ठाकुर.श्रवण
वार्ता
More News

हिमाचल प्रदेश आपदाओं से निपटने के लिए सुरक्षित बुनियादी ढांचे में निवेश करेगा 3,500 करोड़ रुपये

10 Jul 2026 | 8:47 PM

शिमला, 10 जुलाई (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं को सहने और जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाले भविष्य के नुकसान को कम करने की राज्य की क्षमता को बढ़ाने के लिए 3,500 करोड़ रुपये का आपदा-सुरक्षित बुनियादी ढांचा विकसित करेगी।.

see more..

तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को कुचला मौके पर मौत बस छोड़कर चालक फरार

10 Jul 2026 | 8:42 PM

सोनीपत, 10 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत के खरखोदा क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई, जिसके कारण चालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।.

see more..

अवैध खनन पर छापेमारी के दौरान प्रवर्तन टीम पर हमला, दो के खिलाफ नामजद मामला दर्ज

10 Jul 2026 | 8:41 PM

सोनीपत, 10 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खान एवं भूविज्ञान विभाग की प्रवर्तन टीम पर कथित तौर पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। आरोपियों पर अधिकारियों के साथ मारपीट, मोबाइल फोन छीनने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। सहायक खनन अभियंता की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।.

see more..

हरियाणा में राज्य डेटा की सुरक्षा मजबूत करने पर साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित

10 Jul 2026 | 8:35 PM

चंडीगढ़, 10 जुलाई (वार्ता ) हरियाणा सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग (डीआईटेक) और नागरिक संसाधन सूचना विभाग (सीआरआईडी) ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से चंडीगढ़ में "राज्य डेटा के लिए साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करना" विषय पर राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया।.

see more..

हरियाणा में पूर्व सीएपीएफ कर्मियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

10 Jul 2026 | 8:33 PM

चंडीगढ़, 10 जुलाई (वार्ता ) हरियाणा सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पूर्व कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा शुरू की है। सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पूर्व सीएपीएफ कर्मियों को पूर्व सैनिकों के समान विभिन्न कल्याणकारी लाभ प्रदान कर रहा है।.

see more..