Tuesday, Aug 18 2026 | Time 13:18 Hrs(IST)
राज्य » राजस्थान


राजस्थान के निवेश प्रोत्साहन प्रयासों पर लगी राष्ट्रीय मुहर

जयपुर, 19 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा निवेश प्रोत्साहन के लिए किये जा रहे प्रयासों पर राष्ट्रीय स्तर पर मुहर लगी है और नीति आयोग द्वारा जारी निवेश अनुकूलता सूचकांक में राजस्थान को ‘अग्रणी राज्य’ की श्रेणी में स्थान मिला है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार समग्र रैंकिंग में राज्य देशभर में दसवें तथा बड़े राज्यों में आठवें स्थान पर रहा, वहीं बड़े राज्यों की श्रेणी में नियमों के सरलीकरण में राजस्थान ने दूसरा, निवेश प्रोत्साहन नीतियों में तीसरा तथा संसाधनों के क्षेत्र में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। यह राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और कारोबार को आसान बनाने की दिशा में किये गये सुधारों का परिणाम है।
राज्य में उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया को सरल बनाने, निवेशकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने, औद्योगिक भूमि, आधारभूत सुविधाओं तथा निवेश-अनुकूल वातावरण विकसित करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाये गये हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब नीति आयोग की रिपोर्ट में भी दिखाई दिया है। बड़े राज्यों की श्रेणी में नियामकीय सुगमता के क्षेत्र में राजस्थान ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
राज्य सरकार ने निवेशकों को तेज, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज निवेश पोर्टल को लगातार सुदृढ़ किया है। वर्तमान में इस पोर्टल पर 18 विभागों की 190 सेवाएं उपलब्ध हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में पोर्टल पर कुल 34,704 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि वित्त वर्ष 2026-27 में 30 जून तक कुल 30 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 17 हजार से अधिक का निस्तारण किया जा चुका है। इस अवधि में आवेदनों के निस्तारण की समग्र दर 64 प्रतिशत रही, जबकि सर्वाधिक उपयोग वाली 11 प्रमुख सेवाओं में यह दर 68 प्रतिशत रही। साथ ही, प्रमुख सेवाओं के औसत निस्तारण समय में कमी दर्ज की गयी है।
प्रदेश में नये विद्युत कनेक्शन की औसत स्वीकृति अवधि पिछले वित्त वर्ष के 20 दिनों से घटकर 10 दिन हो गये हैं, इसी प्रकार पर्यटन परियोजनाओं की स्वीकृति अवधि 22 दिनों से घटकर 16 दिन हो गयी है।
राज्य सरकार द्वारा पिछले ढाई वर्षों में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 30 से अधिक नयी नीतियां लागू की गयी हैं। इनमें एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन, टेक्सटाइल एवं अपैरल, लॉजिस्टिक्स, स्वच्छ ऊर्जा, डेटा सेंटर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस एवं डिफेंस जैसी सेक्टर आधारित नीतियां शामिल हैं। साथ ही, इसमें कई ऐसे क्षेत्र भी शामिल हैं, जिनके लिए राजस्थान में पहली बार नीतियां बनायी गयी हैं। इन्हीं व्यापक नीतिगत सुधारों का परिणाम है कि नीति आयोग ने निवेश प्रोत्साहन के लिए बनाई गई सरकारी नीतियों के मामले में बड़े राज्यों की श्रेणी में राजस्थान को देश में तीसरा स्थान दिया है।
नीति आयोग के इस सूचकांक की विशेषता यह है कि इसमें केवल सरकारी आंकड़ों के आधार पर ही मूल्यांकन नहीं किया गया है, बल्कि देशभर के निवेशकों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को भी शामिल किया गया है। इस कारण यह रिपोर्ट निवेशकों की वास्तविक धारणा को भी सामने लाती है। रिपोर्ट से स्पष्ट है कि राजस्थान में निवेशकों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है और राज्य निवेश के लिए अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय तथा उद्योग-अनुकूल गंतव्य के रूप में उभरा है।
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट ने प्रदेश में निवेश का नया माहौल तैयार किया है। समिट के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते (एमओयू) हुए, जिनमें से करीब नौ लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग भी हो चुकी है। इन निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार नियमित समीक्षा, विभागों के बीच समन्वय और निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।
जोरा.श्रवण
वार्ता
More News

अलवर में पुलिस ने दुकान से चाेरी करने के आरोपी को किया गिरफ्तार

18 Aug 2026 | 12:01 PM

अलवर, 18 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में किराना दुकान से काजू, बादाम, इलायची सहित कीमती किराना सामान और नकदी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। .

see more..

पति ने पत्नी को गोली मारी तो गुस्साए बेटे ने की पिता की हत्या

18 Aug 2026 | 11:57 AM

चित्तौड़गढ़, 18 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में तीन पत्नियों और पति के आपसी झगड़े में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हाे गई। .

see more..

ईओडब्ल्यू कश्मीर ने जांच को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले बडगाम के व्यक्ति के खिलाफ दाखिल किया आराेपपत्र

18 Aug 2026 | 11:28 AM

श्रीनगर, 18 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने जांच को प्रभावित करने के कथित प्रयास के मामले में बडगाम निवासी के खिलाफ विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निरोधक, श्रीनगर की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।.

see more..

वसुंधरा राजे को पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर बारां इकाई में खुशी की लहर

17 Aug 2026 | 11:19 PM

बारां, 17 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा में सुश्री वसुंधरा राजे सिंधिया को पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने पर बारां जिले के पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने खुशी का माहौल है।.

see more..

खैरथल-तिजारा में एसीएम के संविदाकर्मी वाहन चालक को 25 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने दबोचा

17 Aug 2026 | 11:18 PM

अलवर, 17 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को खैरथल-तिजारा जिले के उपखंड मुंडावर के सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट के संविदाकर्मी वाहन चालक गजेन्द्र सिंह को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। .

see more..