Sunday, Jul 12 2026 | Time 02:08 Hrs(IST)
खेल


नवनीत कौर ने भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल की

हांगझोऊ, 13 सितंबर (वार्ता) हॉकी इंडिया ने शनिवार को भारतीय खिलाड़ी नवनीत कौर को महिला एशिया कप 2025 में जापान के खिलाफ सुपर 4 मैच में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई दी है। नवनीत वर्तमान में चल रहे महिला एशिया कप 2025 में भारत के लिए दूसरी सबसे अधिक गोल करने वाली खिलाड़ी हैं।
29 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 2013 जूनियर महिला विश्व कप में जूनियर टीम को कांस्य पदक दिलाने में मदद करने के बाद 2014 में सीनियर टीम में पदार्पण किया था। तब से वह भारतीय महिला हॉकी टीम में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में से एक रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने हर बड़े वैश्विक टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राष्ट्रमंडल खेलों में नवनीत ने बर्मिंघम में 2022 संस्करण में भाग लिया, जहां उन्होंने भारत को कांस्य पदक दिलाने में मदद की। वह एशियाई खेलों में टीम के यादगार अभियानों का भी हिस्सा थीं, जहां उन्होंने 2018 में जकार्ता-पालेमबांग में रजत पदक और 2022 में हांगझाेऊ में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा नवनीत उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं जिसने काकामिगाहारा में 2017 महिला एशिया कप में स्वर्ण पदक और बाद में मस्कट में 2022 संस्करण में कांस्य पदक जीता था। वह 2018 में डोंगाई में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं। इसके बाद, रांची में 2023 और राजगीर में 2024 में लगातार स्वर्ण पदक जीते।
अपनी इस उपलब्धि पर नवनीत कौर ने कहा, “यह मेरे करियर का एक बहुत ही खास पल है। 2014 में पदार्पण के बाद से यह एक अद्भुत सफर रहा है। पिछला दशक सीखने के अनुभवों से भरा रहा है। प्रत्येक टूर्नामेंट ने मुझे कुछ नया सिखाया है और मैं अपने परिवार, टीम के साथियों, कोचों और प्रशंसकों के समर्थन के लिए आभारी हूं। भारत की जर्सी पहनना एक सम्मान की बात है जिसे मैं हर दिन संजोती हूं और इस तरह की उपलब्धियां मुझे याद दिलाती हैं कि मैं कितनी आभारी हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देना जारी रखूंगी और उम्मीद करती हूं कि और भी युवा लड़कियों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करूंगी। ''
नवनीत को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “भारत के लिए 200 मैच खेलना उत्कृष्टता और धैर्य, दोनों का प्रतीक है। नवनीत हाल के वर्षों में भारतीय महिला टीम के उत्थान का एक अभिन्न अंग रही हैं। उन्होंने महत्वपूर्ण गोल किए हैं, शानदार प्रदर्शन किया है और टीम में आने वाली युवा खिलाड़ियों के लिए एक आदर्श रही हैं। हमें उनकी इस उपलब्धि पर बेहद गर्व है और हम उनके करियर में और भी सफलताओं की कामना करते हैं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी नवनीत को बधाई देते हुए कहा, “नवनीत कौर का सफर हर उस युवा लड़की के लिए प्रेरणा है जो भारत के लिए हॉकी खेलने का सपना देखती है। उच्चतम स्तर पर 200 मैच खेलने के लिए कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है। हॉकी इंडिया उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देता है और टीम की सफलता में उनके निरंतर योगदान की आशा करता है।”
राम/ राज
वार्ता
More News

बटलर का आतिशी शतक, 4-0 की क्लीन स्वीप के साथ इंग्लैंड टी 20 में बना नंबर 1

11 Jul 2026 | 11:36 PM

साउथम्पटन, 11 जुलाई (वार्ता) सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (131) के आतिशी शतक और उनकी कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 95) के साथ दूसरे विकेट के लिए 233 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पांचवें और अंतिम टी 20 में शनिवार को 56 रन से हरा दिया और 4-0 की क्लीन स्वीप के साथ टी 20 रैंकिंग में भारत को अपदस्थ कर नंबर एक स्थान हासिल कर लिया। .

see more..

लिंडा नॉस्कोवा बनीं विंबलडन की नयी मलिका

11 Jul 2026 | 11:20 PM

लंदन, 11 जुलाई (वार्ता) चेक गणराज्य की लिंडा नॉस्कोवा ने अपने ही देश की कैरोलिना मुचोवा को शनिवार को 6-2, 5-7, 6-3 से हराकर विंबलडन की नयी महिला चैम्पियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। .

see more..

भारत ने अंडर-19 पुरुष वर्ग में छह मेडल पक्के किए

11 Jul 2026 | 10:04 PM

जकार्ता, 11 जुलाई, (वार्ता) जकार्ता में हुए क्वार्टरफ़ाइनल मुक़ाबलों में शानदार प्रदर्शन के बाद, भारत ने एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप के अंडर-19 पुरुष वर्ग में छह मेडल पक्के कर लिए हैं।.

see more..