Monday, Sep 7 2026 | Time 18:37 Hrs(IST)
खेल


हैदराबाद मैराथन में बस्तर के 184 धावकों ने दिखाया दम

हैदराबाद/रायपुर, 02 सितंबर 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के 184 धावकों ने एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन में बुधवार को अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
इस दौरान कठिन चढ़ाई और ढलान वाले मार्ग पर 42.2 किलोमीटर की फुल मैराथन और 10 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लेने के बाद इन धावकों के लिए यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खेलों में आगे बढ़ने की नई संभावनाओं और बड़े सपनों का माध्यम भी बना।
मैराथन पूरी करने के बाद धावकों ने हैदराबाद के हयात प्लेस में एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर की मौजूदगी में आज अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने कठिन मार्ग, हजारों धावकों के साथ दौड़ने के अनुभव और भविष्य में एथलेटिक्स को गंभीरता से अपनाने की अपनी आकांक्षाओं के बारे में बताया।
मैराथन में कांस्टेबल फुलधर नेताम ने विशेष प्रदर्शन करते हुए 42.2 किलोमीटर की फुल मैराथन दो घंटे 45 मिनट 29 सेकंड में पूरी की। हालांकि फिनिशर्स के बीच उनके स्थान की पुष्टि हैदराबाद रनर्स सोसाइटी से होना बाकी है। किसान परिवार से आने वाले नेताम ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें एथलेटिक्स को गंभीरता से अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
नेताम ने कहा, “मैं किसान परिवार से आता हूं और दौड़ ने मुझे एक अलग दिशा दी है। हैदराबाद में फुल मैराथन पूरी करने के बाद मेरा विश्वास बढ़ा है कि मैं एथलेटिक्स को गंभीरता से अपना सकता हूं। अब मैं ट्रैक एथलीट के रूप में प्रशिक्षण लेकर आगे बढ़ना चाहता हूं।”
दंतेवाड़ा जिले के बचेली क्षेत्र के भांसी गांव निवासी संजय कुंजाम ने 10 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि गांव और आसपास की सड़कों पर अभ्यास करने के बाद हैदराबाद में हजारों लोगों के साथ दौड़ना बिल्कुल अलग अनुभव रहा। कठिन ढलानों के बावजूद दौड़ पूरी करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
बीजापुर जिले के बासागुड़ा गांव की अंजलि ने भी 10 किलोमीटर दौड़ पूरी की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर की मैराथन में हिस्सा लेने की उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। आयोजन के माहौल और रास्ते में मिले प्रोत्साहन ने उन्हें आगे भी दौड़ जारी रखने तथा अपने गांव के अन्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया है।
मैराथन में शामिल अधिकांश प्रतिभागी बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर और कोंडागांव सहित दूरस्थ क्षेत्रों से आए थे। लंबे समय तक नक्सल हिंसा और उससे जुड़ी चुनौतियों से प्रभावित रहे बस्तर में खेल गतिविधियों को युवाओं के लिए नए अवसर और वैकल्पिक भविष्य तैयार करने के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि बस्तर के युवाओं को हैदराबाद मैराथन में लाने का उद्देश्य केवल उन्हें दौड़ में शामिल कराना नहीं, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी की पूर्व की खेल गतिविधियों से भी बस्तर में प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद मिली है। बस्तर में आयोजित कबड्डी लीग से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं और अब इसी दिशा में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
बस्तर के धावकों की भागीदारी क्षेत्र में खेलों को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराने की एनएमडीसी की पहल का हिस्सा थी। एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन के 15वें संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों धावकों ने फुल मैराथन, हाफ मैराथन और कम दूरी की विभिन्न दौड़ों में भाग लिया।
राम
वार्ता
More News

इशान किशन तिहरे शतक से चूके, पूर्व क्षेत्र ने बनाये 708 रन

07 Sep 2026 | 5:24 PM

चेन्नई, 07 सितंबर (वार्ता) कप्तान इशान किशन (270) और कुमार कुशाग्र (101) रन की शानदार पारियों के दम पर पूर्व क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को पहली पारी में दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ 708 रनों का विशाल स्कोर बनाकर मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।.

see more..

कोएट्ज़ी ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ के लिए वनडे टीम में लौटे

07 Sep 2026 | 5:02 PM

जोहानसबर्ग, 07 सितम्बर (वार्ता) गेराल्ड कोएट्ज़ी का वनडे ब्रेक इस महीने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खत्म होने की संभावना है, क्योंकि उन्हें तीन मैचों की सीरीज़ के लिए 16 सदस्यों वाली टीम में चुना गया था। कोएट्ज़ी ने 2023 वर्ल्ड कप के बाद से वनडे क्रिकेट नहीं खेला है और हाल के दिनों में चोटों से जूझ रहे हैं। हालाँकि, उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश ए के ख़िलाफ़ चार दिन के मैच में कुछ ओवर ज़रूर किए।.

see more..

रूस का तातारस्तान 7वें विश्व घुमंतू खेलों की मेजबानी करेगा

07 Sep 2026 | 4:38 PM

बिश्केक, 07 सितंबर (वार्ता) किर्गिस्तान ने आधिकारिक तौर पर 7वें विश्व घुमंतू खेलों की मेजबानी की कमान रूस के तातारस्तान गणराज्य को सौंप दी है।.

see more..

पीटरसन इंग्लैंड मेन्स व्हाइट-बॉल सेटअप के स्पेशलिस्ट मेंटर नियुक्त

07 Sep 2026 | 4:30 PM

लंदन, 07 सितम्बर (वार्ता) इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक इंग्लैंड मेन्स व्हाइट-बॉल टीमों का स्पेशलिस्ट मेंटर नियुक्त किया गया है।.

see more..

शैफाली वर्मा को आउट करने के बाद फातिमा सना पर सेंडऑफ इशारे के लिए जुर्माना लगाया गया

07 Sep 2026 | 4:19 PM

दुबई, 07 सितम्बर (वार्ता) पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर शनिवार को दुबई में भारत के खिलाफ उनकी टीम के महिला एशिया कप मुकाबले के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट अंक दिया गया है।.

see more..