Monday, Dec 15 2025 | Time 11:39 Hrs(IST)
राज्य » उत्तर प्रदेश


दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत .प्रो. अमित कुमार गुप्ता

लखनऊ 03 दिसम्बर (वार्ता) किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की दिव्यांगता उसकी क्षमता को कम नहीं करती, बल्कि अवसर तथा साधनों की कमी उसे पीछे रखती है।
बुधवार को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन विभाग में सोमवार को विशेष जागरूकता व सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केजीएमयू के अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, चिकित्सक, विशेषज्ञ और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो.अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि “हमारा लक्ष्य हर दिव्यांगजन को ऐसी सुविधाएँ उपलब्ध कराना है कि वे अपने सपनों को पूरा कर सकें और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें"।
इस अवसर पर विभाग में आधुनिक पुनर्वास तकनीकों और उपकरणों का लोकार्पण किया गया। इनमें वर्चुअल रियलिटी सिस्टम फॉर रिहैबिलिटेशन शामिल है, जिसकी मदद से मरीज सुरक्षित वातावरण में चलना-फिरना, संतुलन बनाना और शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा फुट प्रेशर एनालिसिस सिस्टम विथ इनसोल फैब्रिकेशन के जरिए चलने में समस्या वाले मरीजों के लिए वैज्ञानिक आधार पर इनसोल तैयार किए जाएंगे जो उन्हें बेहतर सहारा प्रदान करेंगे।
साथ ही वैक्यूम सक्शन मशीन विद एक्सेसरीज़ को विभाग में शामिल किया गया, जो कृत्रिम अंगों को अधिक आरामदायक और उपयोगी बनाने में मदद करेगी। इन नई तकनीकों के माध्यम से न सिर्फ इलाज की गति बढ़ेगी बल्कि मरीजों को बेहतर जीवन गुणवत्ता भी प्राप्त होगी।
प्रो. अमित गुप्ता ने बताया कि विविध प्रकार की शारीरिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को समाज में अक्सर कम आंका जाता है, जबकि सही सहयोग और प्रशिक्षण मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केजीएमयू का यह विभाग लगातार दिव्यांगजनों को पुनर्वास, परामर्श और तकनीकी सहायता प्रदान कर रहा है, जिससे वे खुद पर विश्वास करते हुए जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपना सकें।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों के लिए खेल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया और जरूरतमंद प्रतिभागियों को आवश्यक उपकरण भी प्रदान किए गए। साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग अधिकार, सरकारी सुविधाओं एवं चिकित्सकीय सहायता से संबंधित जानकारी दी गई।
अंत में प्रो. अमित कुमार गुप्ता ने सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और समाजसेवी संगठनों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि केजीएमयू आगे भी दिव्यांगजनों के हित में कार्यक्रम और विशेष पुनर्वास सेवाएँ उपलब्ध कराता रहेगा।
सतीश सैनी
वार्ता
More News

कम नहीं है भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने चुनौतियां

15 Dec 2025 | 10:45 AM

लखनऊ, 15 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को पार्टी में उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के इस फैसले को 2024 के लोकसभा चुनावों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन और 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। नये प्रदेश अध्यक्ष के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। .

see more..

कफ सिरप मामले में शैली ट्रेडर्स फर्म की कुंडली खंगालने में जुटी एजेंसियां

15 Dec 2025 | 10:39 AM

वाराणसी, 15 दिसंबर (वार्ता) कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमें सरगना शुभम जायसवाल के कई ठिकानों और घर पर छापा मारकर करीबियों तथा परिजनों से पूछताछ कर रही हैं। वहीं विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुभम जायसवाल के ससुराल पहुंचकर पूछताछ की। ड्रग विभाग की टीमें भी लगातार शैली ट्रेडर्स से जुड़ी फर्मों की जांच कर रही हैं।.

see more..

बाराबंकी में सड़क हादसे में कार सवार दो की मौत

15 Dec 2025 | 10:37 AM

बाराबंकी 15 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के मसौली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से कार सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहराइच बाराबंकी मार्ग पर श्रावस्ती जिले की से आ रही कार को अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी जिससे कार में बैठे संतोष कुमार व शांति देवी की घटना स्थल पर मौत हो गई जबकि एक महिला संतोषी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई जिन्हें पुलिस ने स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती किया है।.

see more..

चंदौली में चोरी का विरोध करने पर हत्या

15 Dec 2025 | 10:34 AM

चंदौली 15 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की रात दो बजे चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक किशोर की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए एक चोर को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।.

see more..

कौशांबी में बाइक ट्रैक्टर से टकरायीं,तीन मरे

15 Dec 2025 | 10:30 AM

कौशांबी 15 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा क्षेत्र में रविवार देर रात ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवकों की मृत्यु हो गई जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरैसागांव निवासी जितेंद्र रैदास (22) व श्रीचंद्र,हिनौता गांव निवासी अनिल (21), धर्मशील (20) दो बाइक से रात में निमंत्रण करके घर लौट रहे थे। बरैसा गांव के पास सामने आ रहे ट्रैक्टर से दोनों बाइक टकरा गई। इस हादसे में जितेन्द्र रैदास, अनिल व धर्मशील की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि श्री चद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। .

see more..