Wednesday, Jan 14 2026 | Time 00:33 Hrs(IST)
राज्य » उत्तर प्रदेश


केजीएमयू में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट की स्थापना जरूरतमंद परिवारों के लिए नई आशा: आनंदीबेन

लखनऊ 11 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को कहा कि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ के क्लिनिकल हिमेटोलॉजी विभाग में स्थापित बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट देश के लाखों जरुरतमंद परिवारों के लिये उम्मीद की किरण बन गयी है।
आदित्य बिरला कैपिटल फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त सीएसआर सहयोग से विकसित की गई यूनिट के लोकार्पण के अवसर पर उन्होने कहा कि रक्त विकार किसी जाति, वर्ग, आयु या सीमाओं में बंधे नहीं होते। ये रोग अबोध बच्चों की मुस्कान, युवाओं के सपनों और परिवारों की धैर्यशक्ति पर गहरा प्रभाव डालते हैं। ल्यूकेमिया, थैलेसीमिया और एप्लास्टिक एनीमिया जैसे गंभीर रोग समय पर उपचार न मिलने पर जीवन के लिए चुनौती बन जाते हैं, और ऐसे में अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण अंतिम आशा के रूप में सामने आता है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत जैसे विशाल देश में प्रतिवर्ष लाखों रोगियों को प्रत्यारोपण की आवश्यकता होती है, लेकिन सीमित सुविधाओं के कारण विशेषकर उत्तर प्रदेश में कई मरीजों को लंबी प्रतीक्षा और दूर-दराज़ की यात्रा का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में केजीएमयू लखनऊ में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट की स्थापना प्रदेश और देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए नई आशा लेकर आई है।
उन्होने केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री डॉ. सोनिया नित्यानंद की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से एसजीपीजीआई, डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान और अब केजीएमयू में प्रत्यारोपण इकाइयों की स्थापना संभव हो सकी है। उन्होंने आदित्य बिरला कैपिटल फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती राजश्री बिरला का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सीएसआर सहयोग से हेपा-फिल्टर युक्त स्वच्छ कक्षों का विस्तार किया जा रहा है।
राज्यपाल ने कैनकिड्स किड्सकैन संस्था द्वारा बच्चों के कैंसर उपचार में दी जा रही परामर्श, पोषण, औषधि सहायता और देखभाल सेवाओं की प्रशंसा की और कहा कि बोन मैरो ट्रांसप्लांट का उपचार अभी भी अत्यंत महंगा है, और कई गरीब मरीज आर्थिक अभाव में उपचार से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में केजीएमयू की यह यूनिट प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ राज्यों के मरीजों के लिए भी जीवनदायी सहारा बनेगी। उन्होंने कहा कि जब विज्ञान संवेदना से जुड़ता है और संस्थाएँ सेवा का संकल्प लेकर कार्य करती हैं, तभी एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। भारत आज आत्मनिर्भरता, नवाचार, आधुनिक चिकित्सा, डिजिटल हेल्थ और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से ‘स्वस्थ भारत समर्थ भारत’ के संकल्प को साकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन समय में भारत ने जिस धैर्य, संगठन क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टि का परिचय दिया, वह विश्व के लिए उदाहरण है। आज नर्स, डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मी देश के मौन लेकिन महान योद्धा हैं।
राज्यपाल ने कहा कि यह कालखंड भारत के पुनर्जागरण का युग है, जहाँ इतिहास के महानायक सरदार पटेल, भगवान बिरसा मुंडा, गुरु तेग बहादुर जी और “वंदे मातरम” जैसी राष्ट्रीय चेतना की ध्वनि हमें निरंतर प्रेरित करती है। भारत आज वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आत्मविश्वास का केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होने कहा कि केजीएमयू में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा देगा और आधुनिक, उन्नत व विश्वस्तरीय चिकित्सा को और अधिक सुलभ बनाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह यूनिट अनगिनत परिवारों के जीवन में नई रोशनी लेकर आएगी।
इस अवसर पर बाल आयुष फाउंडेशन और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के मध्य एक समझौता ज्ञापन भी हुआ जिसकी सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रत्यारोपण देखभाल में स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षित करने और गरीब रोगियों के लिये वित्तीय सहायता की व्यवस्था प्रशंसनीय है।
प्रदीप
वार्ता
More News

कानपुर के जिलाधिकारी ने की सीएमडैश बोर्ड की समीक्षा, कसे पेंच

13 Jan 2026 | 10:11 PM

कानपुर 13 जनवरी (वार्ता) कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को सीएम डैशबोर्ड पर अंकित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा की और विभागों के बीच अंतर्विभागीय समन्वय बेहतर बनाने के निर्देश दिए।.

see more..

मथुरा में मासूम से किशोर ने किया दुष्कर्म

13 Jan 2026 | 10:07 PM

मथुरा 13 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में मथुरा के फरह क्षेत्र में एक किशोर द्वारा पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपी किशोर टॉफी दिलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गया था।.

see more..

वाराणसी में 527 करोड़ रुपये की लागत से बिछेगी 200 किमी लंबी सीवर लाइन

13 Jan 2026 | 10:03 PM

वाराणसी, 13 जनवरी (वार्ता) धार्मिक नगरी काशी के विकास को लेकर कई परियोजनाएं धीरे-धीरे मूर्त रूप ले रही हैं। नव शहरी क्षेत्र में जल निकासी सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। वहीं पुराने वार्डों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है। गंगा घाटों के किनारे बसे कई मोहल्लों में सीवर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है, जिसके कारण सीवर ओवरफ्लो एक स्थायी समस्या बन गई है।.

see more..

त्रिशूल भारतीय संग्रहालय का काम पूरा नहीं होने तक दाढ़ी नहीं बनायेंगे नगर आयुक्त

13 Jan 2026 | 10:02 PM

मुरादाबाद, 13 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्थित त्रिशूल भारतीय संग्रहालय के समयबद्ध पूरा होने तक नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने रक्षामंत्री से दिल्ली में औपचारिक मुलाकात के समय एक अनूठा व्यक्तिगत संकल्प लिया है कि वह संग्रहालय के उद्घाटन से पहले दाढ़ी नहीं बनाएंगे। .

see more..

श्री राधा-गिरिधर लाल की हल्दी-मेहंदी में उमड़ा जनसैलाब

13 Jan 2026 | 9:58 PM

मथुरा 13 जनवरी (वार्ता) मथुरा के पावन धाम बरसाना में इन दिनों भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्री राधारानी और ठाकुर श्री गिरधर लाल जी के भव्य ब्याहुला उत्सव (विवाह महोत्सव) की धूम मची हुई है। इस अलौकिक आयोजन में मंगलवार का दिन बेहद खास रहा, जब ठाकुरजी और लाडली जी की हल्दी एवं मेहंदी की रस्में पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुईं।.

see more..