वाराणसी 11 मई (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ महादेव के स्वाभिमान पर्व के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार होते देख रहा है।
उन्होने कहा कि इसका साकार रूप भगवान सोमनाथ महादेव के भव्य मंदिर की पुनर्प्रतिष्ठा, सुंदरीकरण और वहां आयोजित कार्यक्रमों के साथ ही काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल में महालोक की स्थापना, श्री अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण समेत अनेक सनातन परंपरा से जुड़े पवित्र तीर्थ स्थलों को अपने वैभव के साथ विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ते देख रहे हैं।
योगी ने कहा , “इन सभी की प्रेरक शक्ति भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन करता हूं। आज का यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय गौरव के पुनर्जागरण का एक शंखनाद है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन हमें भारत की जड़ों से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है।”
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व एवं अटूट आस्था की गौरव गाथा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के त्र्यंबकेश्वर बहुउद्देशीय हॉल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और अन्य मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
सं प्रदीप
वार्ता