Monday, May 18 2026 | Time 08:12 Hrs(IST)
दुनिया


भारत सहित दूसरे देशों ने किया ईरान-अमेरिका युद्धविराम का स्वागत

नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) भारत सहित कई देशों ने ईरान और अमेरिका के बीच हुए दो सप्ताह के युद्धविराम का स्वागत करते हुए इसे पश्चिम एशिया में शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
भारत ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को कहा कि वह युद्धविराम का स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। जैसा कि हमने पहले भी लगातार ज़ोर दिया है, जारी संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए तनाव कम करना, संवाद और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है।"
भारत ने यह भी कहा कि इस संघर्ष से भारी जनहानि हुई है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार प्रभावित हुआ है। बयान में होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार के सुचारू प्रवाह की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने युद्धविराम का स्वागत करते हुए सभी पक्षों से इसका पालन करने और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए संघर्ष विराम आवश्यक है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने इसे "बहुत अच्छा घटनाक्रम" बताया, जबकि स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि युद्धविराम सकारात्मक है, लेकिन इससे विनाश और जनहानि को भुलाया नहीं जा सकता है।
श्री मैक्रों ने अपने बयान में कहा, "पहले दिन से ही हमारा उद्देश्य एक ही रहा है, अपने नागरिकों और अपने हितों की रक्षा करना, अपने क्षेत्रीय साझेदारों के साथ खड़े रहना, और शांति तथा नौवहन की स्वतंत्रता को बहाल करने के लिए तनाव कम करने की दिशा में काम करना।"
श्री सांचेज़ ने कहा, "संघर्ष-विराम हमेशा अच्छी खबर होते हैं। खासकर तब, जब वे एक न्यायसंगत और स्थायी शांति की ओर ले जाते हैं। लेकिन यह क्षणिक राहत हमें उस अफ़रा-तफ़री, उस तबाही और उन जानों को भुलाने नहीं दे सकती, जो हमने खो दी हैं।"
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे तनाव में बहुत ज़रूरी कमी आई है। उन्होंने पाकिस्तान को उसकी मध्यस्थता के लिए धन्यवाद दिया। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का समर्थन करते हुए इसे सही कदम बताया।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और विदेश मंत्री पेनी वॉन्ग ने भी संयुक्त बयान में युद्धविराम का स्वागत किया और कहा कि उनका देश लंबे समय से तनाव कम करने की मांग करता रहा है। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरु किहारा ने कहा कि प्राथमिकता स्थिति के समाधान और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करना है। मिस्र और इराक ने भी इस युद्धविराम का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान का अवसर प्रदान करेगा।
शादाब जितेन्द्र
वार्ता
More News

लूला ने ट्रंप से क्यूबा की आर्थिक नाकेबंदी खत्म करने का किया आग्रह

17 May 2026 | 11:03 PM

मेक्सिको सिटी, 17 मई (वार्ता) ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डी सिल्वा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से क्यूबा पर दशकों से जारी आर्थिक नाकेबंदी को हटाने का आग्रह किया है।.

see more..
स्वीडन पहुंचे मोदी, प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे पर किया स्वागत

स्वीडन पहुंचे मोदी, प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे पर किया स्वागत

17 May 2026 | 9:28 PM

गोथेनबर्ग (स्वीडन) 17 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में रविवार देर शाम यहां पहुंचे जहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे आकर उनका स्वागत किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी श्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री मोदी ने नीदरलैंड से स्वीडन की दो दिन की यात्रा पर आने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह व्यापार, निवेश और रक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी करने के लिए बातचीत को उत्सुक हैं।

see more..

मॉस्को में यूक्रेनी ड्रोन हमला: एक भारतीय नागरिक की मौत, तीन अन्य घायल

17 May 2026 | 7:55 PM

मॉस्को, 17 मई (वार्ता) रूस के मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेनी सशस्त्र बलों द्वारा किए गए एक बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है और तीन अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की।.

see more..

ईरान ने अमेरिका, इजरायल पर लगाया ऊर्जा बाजार में अस्थिरता पैदा करने का आरोप

17 May 2026 | 7:52 PM

तेहरान, 17 मई (वार्ता) ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल तेहरान के खिलाफ एक अवैध "अपनी पसंद के युद्ध" को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।.

see more..

यूएई के परमाणु संयंत्र के पास हमला "अस्वीकार्य" : आईएईए प्रमुख ग्रॉसी

17 May 2026 | 7:40 PM

वियना/अबू धाबी, 17 मई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए ड्रोन हमले पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि परमाणु केंद्रों के लिए जोखिम पैदा करने वाली कोई भी सैन्य गतिविधि "अस्वीकार्य" है।.

see more..