Sunday, May 10 2026 | Time 01:55 Hrs(IST)
दुनिया


ईरान ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को बताया 'संप्रभुता का घोर उल्लंघन'

न्यूयॉर्क, 14 अप्रैल (वार्ता) ईरान ने अमेरिका द्वारा उसके बंदरगाहों की कथित नौसैनिक नाकेबंदी की कड़ी निंदा करते हुए इसे उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का "घोर उल्लंघन" बताया है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को लिखे पत्र में इस कदम को "अवैध आक्रामक कार्रवाई" करार दिया, जो क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा है।
श्री इरावानी ने कहा कि 12 अप्रैल को यूएस सेंट्रल कमांड द्वारा घोषित यह नाकेबंदी संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) का उल्लंघन है और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत "आक्रामकता का स्पष्ट उदाहरण" है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात को रोकने का प्रयास है, जिससे न केवल ईरान के संप्रभु अधिकारों में हस्तक्षेप हो रहा है, बल्कि तीसरे देशों और वैध समुद्री व्यापार के अधिकारों का भी उल्लंघन हो रहा है।
ईरानी दूत ने चेतावनी दी कि तेहरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए "सभी आवश्यक और उचित कदम" उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इस मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप कर नाकेबंदी की निंदा करने और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को रोकने की अपील की है। इस बीच, अमेरिकी नौसेना ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है, जिसमें यूएसएस अब्राहम लिंकन सहित कई युद्धपोत और 11 विध्वंसक तैनात हैं। हालांकि, ऑपरेशन में शामिल जहाजों की सटीक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में सप्ताहांत में हुई वार्ता विफल रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी को मंजूरी दी।
इसके अलावा, ईरान ने बहरीन, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन से भी मुआवजे की मांग की है। ईरान का आरोप है कि इन देशों ने अमेरिका-इज़राइल अभियान में भूमिका निभाई और कुछ मामलों में ईरान के भीतर नागरिक ठिकानों पर "अवैध हमलों" में भी शामिल रहे।
श्री इरावानी ने पत्र में श्री एंटोनियो गुटेरेस और बहरीन (जो अप्रैल में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभाल रहा है) को संबोधित करते हुए कहा कि बहरीन, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन को ईरान को "पूर्ण क्षतिपूर्ति" देनी चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि इन देशों को अपने "अंतरराष्ट्रीय रूप से अवैध कृत्यों" के कारण हुए सभी भौतिक और नैतिक नुकसान की भरपाई करनी होगी। ईरान के अनुसार, इन कार्रवाइयों से उसे भौतिक और नैतिक दोनों प्रकार का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई संबंधित देशों को करनी चाहिए।
प्रदीप जितेन्द्र
वार्ता
More News

संरा में होर्मुज़ पर प्रस्ताव लाएगा अमेरिका, ईरान को वैश्विक जलमार्ग नियंत्रित करने के प्रति चेताया

09 May 2026 | 5:11 PM

रोम, 09 मई (वार्ता) अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण स्थापित करने की ईरानी कोशिशों के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र (संरा) सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। .

see more..
अगले हफ्ते इस्लामाबाद में बातचीत शुरू कर सकते हैं अमेरिका, ईरान : रिपोर्ट

अगले हफ्ते इस्लामाबाद में बातचीत शुरू कर सकते हैं अमेरिका, ईरान : रिपोर्ट

09 May 2026 | 4:53 PM

वॉशिंगटन/तेहरान, 09 मई (वार्ता) व्हाइट हाउस द्वारा ईरान से संघर्ष समाप्ति संबंधी प्रस्ताव पर जवाब की प्रतीक्षा के बीच खबरें सामने आई हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता अगले सप्ताह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में फिर शुरू हो सकती है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से बताया कि दोनों पक्ष मध्यस्थों के साथ मिलकर एक पृष्ठ के 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन का मसौदा तैयार कर रहे हैं। प्रस्तावित रूपरेखा के तहत एक महीने की वार्ता प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य जारी संघर्ष को समाप्त करना है।

see more..

युद्ध से पहले परमाणु हथियार बना रहा था ईरान, इसका कोई सबूत नहीं : पूर्व आतंकवाद-निरोधक प्रमुख

09 May 2026 | 4:17 PM

वॉशिंगटन, 09 मई (वार्ता) अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक केंद्र (एनसीसी) प्रमुख जो केंट ने दावा किया है कि हालिया युद्ध से पहले अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का आकलन था कि ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं कर रहा था।.

see more..

हसीना ने सुभेंदु को मुख्यमंत्री निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दी

09 May 2026 | 3:47 PM

ढाका 09 मई (वार्ता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने सुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। .

see more..

महान विजय की 81वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मास्को में आयोजित समारोह में भाग लेंगे तोकायेव

09 May 2026 | 2:31 PM

मास्को, 9 मई (स्पुतनिक/वार्ता) कज़ाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव मास्को में रूस के विजय दिवस समारोह में शामिल होंगे।.

see more..