नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) राज्य सभा में विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही प्रश्नोत्तर काल के दौरान दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
राज्य सभा सभापति सी पी राधाकृष्णन ने 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होने के बाद प्रश्नकाल शुरु कराया लेकिन विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा। विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहा था। विपक्ष के सदस्य " चंदाचोर कहां मिलेंगे-बीजेपी के दफ्तर में" और "अमित शाह सदन में आओ" जैसे नारे भी लगा रहे थे।
इस बीच सभापति ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी लेकिन विपक्षी सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं हुआ और उनकी नारेबाजी जारी रही।
विपक्ष के शोर शराबे के बीच सभापति ने प्रश्नकाल शुरु कराया और द्रमुक के पी विल्सन, भाजपा के भीम सिंह और सतनाम सिंह संधू, बीजद के शुभाशीष खुंटिया, और मनोनीत सदस्य सुधा मूर्ति के प्रश्न लिये जिनके जवाब सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिये।
इस बीच विपक्षी सदस्यों को हंगामा लगातार जारी रहा और सभापति ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
मधुकांत उप्रेती
वार्ता