Tuesday, Aug 18 2026 | Time 13:28 Hrs(IST)
दुनिया


ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किये

तेहरान, 21 जुलाई (वार्ता) ईरान ने अपने जवाबी हमले जारी रखते हुए खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया तथा इस दौरान जॉर्डन, कुवैत, बहरीन और सीरिया में कई स्थानों पर हमले किये गये।
जॉर्डन की सेना के अनुसार, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश की ओर दागी गयी तीन ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया।
सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा ने सेना के हवाले से बताया कि इस कार्रवाई में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई भौतिक नुकसान हुआ है।
इस बीच कुवैत ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने आने वाले हमलों को नाकाम कर दिया किया, जबकि बहरीन के विदेश मंत्रालय ने देश के हवाई यातायात प्रणालियों को निशाना बनाने वाले ईरानी ड्रोन हमलों की निंदा की और कहा कि इससे नागरिक हवाई यात्रा खतरे में पड़ गयी है।
बाद में, ईरान की सेना ने कहा कि उसने कुवैत में अमेरिकी सेना के 'कैंप आरिफजान' को निशाना बनाकर सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलें दागीं, जिनका उद्देश्य हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (एचआईएमएआरएस) को तबाह करना था।
सरकारी मीडिया ईरना ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से कहा, "सेना ने कुवैत में आरिफजान बेस पर तैनात अमेरिकी सेना के एचआईएमएआरएस मिसाइल सिस्टम को सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों से निशाना बनाया।" कुवैत शहर के दक्षिण में स्थित कैंप आरिफजान में अमेरिकी वायुसेना, नौसेना, मरीन कॉर्प्स और तटरक्षक बल के जवान तैनात हैं।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हुए हमले उसी ने किए। आईआरजीसी के अनुसार, हमलों में मुहर्रक स्थित रडार और वायु रक्षा केंद्रों को निशाना बनाया गया। संगठन ने यह भी कहा कि रिफा में तैनात पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया।
आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी मार्ग से गुजरने का प्रयास कर रहे दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिससे दोनों जहाजों में आग लग गयी। उसने दोहराया कि जब तक क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियान जारी रहेंगे, यह रणनीतिक जलमार्ग बंद रहेगा।
ब्रिटेन मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तट के पास एक दूसरे वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ। एजेंसी के अनुसार ओमान के तट के पास मिसाइल या ड्रोन लगने के बाद जहाज में आग लग गयी। चालक दल ने जहाज छोड़ दिया, जो कई घंटों बाद भी जलता हुआ बह रहा था।
इराक में सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि एरबिल के पूर्व में अमेरिकी बलों की मेजबानी करने वाले अल-हरिर एयर बेस के पास एक विस्फोटक से लदे ड्रोन को मार गिराया गया। इसमें किसी के हताहत होने या नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई तेज करने की धमकियों के बावजूद अमेरिकी प्रशासन का रुख मिला-जुला रहा है क्योंकि वह ईरान के साथ राजनयिक संपर्क बनाये हुए है।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बार-बार कहा है कि ईरान के साथ राजनयिक समझौता अभी भी संभव है, जबकि व्हाइट हाउस ने उन सर्वेक्षणों का हवाला दिया है जिनमें अधिकांश अमेरिकियों को समझौते का समर्थन करते दिखाया गया है।
भारत अशोक
वार्ता
More News

सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कर प्राधिकरण पर साइबर हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाने में तेजी लाने का दिया आदेश

18 Aug 2026 | 10:47 AM

पेरिस, 18 अगस्त (वार्ता/स्पूतनिक) फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने देश के कर प्राधिकरण पर हुए बड़े पैमाने के साइबर हमले के बाद सरकारी सूचना प्रणालियों की सुरक्षा मजबूत करने के उपायों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। .

see more..
अमेरिका ने बातचीत में रुकावट डालने पर ओमान को दी धमकी

अमेरिका ने बातचीत में रुकावट डालने पर ओमान को दी धमकी

18 Aug 2026 | 10:45 AM

वाशिंगटन,18अगस्त(वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगी देश ओमान को उनके प्रशासन और ईरान के बीच बातचीत में रुकावट डालने की स्थिति में बम से उड़ाने की धमकी दी है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और ओमान, दोनों ही तेहरान के साथ अलग-अलग बातचीत कर रहे हैं ताकि होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोला जा सके। यह जलमार्ग वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ज़रूरी है। अमेरिका-ईरान तनाव के दौरान यह रास्ता लगभग छह महीनों से ज़्यादा समय से बंद रहा है।

see more..

ट्रंप ने ईरान से आत्मसमर्पण करने को कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ओमान के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी

17 Aug 2026 | 11:28 PM

वॉशिंगटन, 17 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से आत्मसमर्पण करने काे कहा है। साथ ही दूसरी ओर उन्होंने ओमान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी और दावा किया कि हमास उनकी गाजा शांति योजना के तहत अपने हथियार डाल रहा है। .

see more..

बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई विशिष्ट जानकारी नहीं : आईसीटी

17 Aug 2026 | 7:28 PM

ढाका, 17 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने आज कहा कि 2024 में सत्ता से हटाये जाने के बाद से भारत में रह रहीं बेदखल पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मौजूदा स्थिति के बारे में बंगलादेश के पास कोई विशिष्ट जानकारी नहीं है।.

see more..

ट्रंप-किम के रिश्तों से उत्तर कोरिया के साथ बातचीत का रास्ता खुलने की उम्मीद: दक्षिण कोरिया

17 Aug 2026 | 7:05 PM

सियोल, 17 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया ने सोमवार को उम्मीद जतायी कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन के बीच "मैत्रीपूर्ण संबंध" अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच सार्थक बातचीत का रास्ता खोलने तथा कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।.

see more..