Monday, Sep 7 2026 | Time 17:32 Hrs(IST)
दुनिया


ट्रम्प ने पिछले दरवाजे से बातचीत के दावों को किया खारिज, ईरान बोला- युद्ध ने वैश्विक स्तर पर बढ़ायी सैन्य साख

वाशिंगटन/तेहरान, 18 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को ईरान के साथ पिछले दरवाजे से किसी भी तरह की बातचीत के दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ न तो कोई द्विपक्षीय बातचीत चल रही है और न ही आगे ऐसी किसी बैठक का कार्यक्रम तय है।
इससे ठीक एक दिन पहले हालांकि उन्होंने दावा किया था कि उनके प्रशासन ने ईरान की शक्तिशाली अर्धसैनिक इकाई आईआरजीसी से पिछले दरवाजे से संपर्क स्थापित कर लिया है।
श्री ट्रम्प ने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "ईरान के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है, न ही कोई वार्ता तय है। हमारी नौसैनिक नाकेबंदी पूरी तरह से लागू है। होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है और काम कर रहा है। पानी में बिछायी गयी सभी माइन्स को हटा या निष्क्रिय कर दिया गया है।"
इससे एक दिन पहले फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में श्री ट्रम्प ने कहा था कि उनके प्रशासन ने आईआरजीसी के साथ संपर्क साधा है और ईरानी अधिकारी "अच्छे पोकर खिलाड़ी हैं, लेकिन वे संकट में हैं।"
आईआरजीसी ने भी अमेरिका के साथ किसी भी गुप्त बातचीत से साफ इनकार किया है। वहीं, ट्रम्प का यह ताजा बयान उनके विशेष दूत जेरेड कुशनर के उस आकलन के विपरीत है, जिसमें श्री कुशनर ने सोमवार को फॉक्स न्यूज से कहा था कि अमेरिकी सरकार और ईरानी शासन के अलग-अलग विभागों के बीच बातचीत काफी सक्रिय और सकारात्मक दौर में है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने इस दावे को भी दोहराया कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में माइन्स हटाने का अभियान पूरा कर लिया है और यह जलमार्ग खुला हुआ है, हालांकि जमीनी स्थिति यह है कि इस मार्ग से जहाजों की आवाजाही सामान्य से काफी कम है और ईरान लगातार कह रहा है कि यह जलमार्ग पूरी तरह से नहीं खुला है।
दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्वीकार किया कि पिछला एक वर्ष कूटनीतिक रूप से देश के लिए सबसे कठिन दौर रहा है, लेकिन इसके परिणामस्वरूप ईरान की एक नयी और अधिक आक्रामक विदेश नीति का निर्माण होगा।
एक टीवी साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि इस युद्ध ने ईरान की सैन्य शक्ति को लेकर अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण को मौलिक रूप से बदल दिया है और भारी दबाव के बावजूद ईरान ने अपनी दृढ़ता साबित की है।
श्री अराघची ने कहा कि युद्ध के बाद के दौर में ईरान की विदेश नीति पहले की तुलना में पूरी तरह से अलग होगी और ईरान को कमजोर समझने की धारणा अब खत्म हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि युद्ध की शुरुआत में श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर 'बिना शर्त आत्मसमर्पण' की बात कही थी, लेकिन जब अमेरिका ईरान को झुकाने या युद्ध का त्वरित अंत करने में विफल रहा, तो उसने सत्ता परिवर्तन और आंतरिक अशांति फैलाने की रणनीति पर ध्यान केंद्रित कर दिया। इसमें भी उसे नाकामी मिली।
आलम अशोक
वार्ता
More News

ईरान ने अमेरिका पर होर्मुज जलडमरूमध्य में माल ढुलाई में बाधा डालने का लगाया आरोप

07 Sep 2026 | 1:57 PM

मॉस्को, 07 सितंबर (स्पूतनिक) ईरान ने अमेरिका पर होर्मुज जलडमरूमध्य में माल ढुलाई और जहाजों की आवाजाही में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग समुद्री यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।.

see more..

रूस-यूक्रेन वार्ता को इस्तांबुल में फिर से शुरू कराने की कोशिश : तुर्की

07 Sep 2026 | 1:05 PM

अंकारा, 07 सितंबर (स्पूतनिक/वार्ता) तुर्की को उम्मीद है कि रूस-यूक्रेन वार्ता प्रक्रिया को फिर से इस्तांबुल लाया जा सकता है और उसका मानना है कि पश्चिमी देशों को इस पहल का समर्थन करना चाहिए। यह जानकारी तुर्की सरकार के सूत्र ने स्पुतनिक को दी।.

see more..

तुर्की रूस-यूक्रेन बातचीत इस्तांबुल में शुरू करने की कर रहा है कोशिश

07 Sep 2026 | 12:31 PM

Turkey seeks to resume Russia-Ukraine negotiations in Istanbul
Moscow, Sept 7 (Sputnik/UNI) Turkey hopes to return the Russia-Ukraine negotiation process to Istanbul and believes Western countries should support this initiative, a source in the Turkish government told Sputnik.

see more..

जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी ने लगभग 44 प्रतिशत वोटों के साथ सैक्सनी-एनहाल्ट चुनाव जीता

07 Sep 2026 | 11:58 AM

बर्लिन, 07 सितंबर (स्पूतनिक) जर्मनी की धुर-दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) ने सैक्सनी-अनहाल्ट राज्य के चुनाव में 43.8 प्रतिशत मत प्राप्त कर एक ऐतिहासिक जीत हासिल की है और यह इस राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। .

see more..