Friday, Mar 13 2026 | Time 10:04 Hrs(IST)
मनोरंजन


सिनेमा जगत के युगपुरूष थे ताराचंद बड़जात्या

सिनेमा जगत के युगपुरूष थे ताराचंद बड़जात्या

जन्मदिवस 10 मई के अवसर पर

मुंबई, 10 मई (वार्ता) भारतीय सिनेमा जगत के युगपुरुष तारा चंद बड़ज़ात्या का नाम एक ऐसे फिल्मकार के रूप में याद किया जाता है जिन्होंने पारिवारिक और साफ सुथरी फिल्म बनाकर लगभग चार दशकों तक सिने दर्शकों के दिल में अपनी खास पहचान बनाई।

फिल्म जगत में सेठजी के नाम से मशहूर महान निर्माता ताराचंद बड़जात्या का जन्म राजस्थान में एक मध्यम वर्गीय परिवार में 10 मई 1914 को हुआ था। ताराचंद ने अपनी स्नातक की शिक्षा कोलकाता के विधासागर कॉलेज से पूरी की। उनके पिता चाहते थे कि वह पढ़ लिखकर बैरिस्टर बने लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति खराब रहने के कारण ताराचंद को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी।

वर्ष 1933 में ताराचंद नौकरी की तलाश में मुंबई पहुंचे मुंबई में वह मोती महल थियेटर्स प्राइवेट लिमिटेड नामक फिल्म वितरण संस्था से जुड़ गए। यहां उन्हें पारश्रमिक के तौर पर 85 रुपए मिलते थे। वर्ष 1939 में उनके काम से खुश होकर वितरण संस्था ने उन्हें महाप्रबंधक के पद पर नियुक्त करके मद्रास भेज दिया । मद्रास पहुंचने के बाद ताराचंद और अधिक परिश्रम के साथ काम करने लगे। उन्होंने वहां के कई निर्माताओं से मुलाकात की और अपनी संस्था के लिए वितरण के सारे अधिकार खरीद लिए।

मोती महल थियेटर्स के मालिक ताराचंद के काम को देख काफी खुश हुए और उन्हें स्वंय की वितरण संस्था शुरू करने के लिए उन्होंने प्रेरित किया। इसके साथ ही उनकी आर्थिक सहायता करने का भी वायदा किया। ताराचंद को यह बात जंच गई और उन्होंने अपनी खुद की वितरण संस्था खोलने का निश्चय किया। 15 अगस्त 1947 को जब भारत स्वतंत्र हुआ तो इसी दिन उन्होंने राजश्री नाम से वितरण संस्था की शुरूआत की। वितरण व्यवसाय के लिए उन्होंने जो पहली फिल्म खरीदी वह थी चंद्रलेखा। जैमिनी स्टूडियो के बैनर तले बनी यह फिल्म काफी सुपरहिट हुई जिससे उन्हें काफी फायदा हुआ।

वर्ष 1962 में प्रदर्शित फिल्म आरती के जरिए ताराचंद बड़ाजात्या ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रख दिया। फिल्म आरती की सफलता के बाद बतौर निर्माता वह फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित हो गए। इस फिल्म से जुड़ा रोचक तथ्य है कि इस फिल्म के लिए अभिनेता संजीव कुमार ने स्क्रीन टेस्ट दिया जिसमें वह पास नहीं हो सके थे।ताराचंद के मन में यह बात हमेशा आती थी कि नए कलाकारों को फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित होने का समुचित अवसर नहीं मिल पाता है। उन्होंने यह संकल्प किया कि वह अपनी फिल्मों के माध्यम से नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का ज्यादा से ज्यादा मौका देंगे।

वर्ष 1964 में इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए उन्होंने फिल्म दोस्ती का निर्माण किया जिसमें उन्होंने अभिनेता संजय खान को फिल्म इंडस्ट्री के रूपहले पर्दे पर पेश किया। दोस्ती के रिश्ते पर आधारित इस फिल्म ने न सिर्फ सफलता के नए आयाम स्थापित किए बल्कि अभिनेता संजय खान के करियर को भी एक नई दिशा दी। इस फिल्म का यह गीत चाहूंगा तुझे मै सांझ सवेरे आज भी श्रोतओं के बीच काफी लोकप्रिय है।

अभिनेता संजय खान के अलावा कई अन्य अभिनेताओं और अभिनेत्रियों के सिने करियर को संवारने में भी ताराचंद का अहम योगदान रहा है। जिनमें सचिन-सारिका को गीत गाता चल, अमोल पालेकर-जरीना वहाब को चितचोर, रंजीता को अंखियों के झरोके से, राखी को जीवन मृत्यु, अरुण गोविल को सावन को आने दो, रामेश्वरी को दुल्हन वही जो पिया मन भाए, सलमान खान-भाग्यश्री को मैने प्यार किया से ब्रेक देकर उन्हें बॉलीवुड में स्थापित किया।

ताराचंद को मिले सम्मानों को देखा जाए तो उन्हें अपनी निर्मित फिल्म के लिए दो बार फिल्म फेयर के सर्वश्रेष्ठ फिल्मकार से नवाजा गया है। अपनी निर्मित फिल्मों से लगभग चार दशक तक दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने वाले महान फिल्मकार ताराचंद बड़जात्या 21 सितंबर 1992 को इस दुनिया को अलविदा कह गए।

प्रेम

वार्ता

More News

‘धुरंधर द रिवेंज’ में रणवीर सिंह से टकराते नजर आएंगे अर्जुन रामपाल

12 Mar 2026 | 5:19 PM

मुंबई, 12 मार्च (वार्ता) फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ में रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।.

see more..

अनुपमा में आने वाले लीप और ट्विस्ट पर रूपाली गांगुली ने की खुलकर बात

12 Mar 2026 | 4:17 PM

मुंबई, 12 मार्च (वार्ता) अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने स्टार प्लस के शो अनुपमा में आने वाले लीप और ट्विस्ट पर बात की है।.

see more..

एक अभिनेत्री के तौर पर ‘घर जेल’ सीक्वेंस में दुख और मज़बूती का संतुलन दिखाना भावुक अनुभव रहा : करूणा पांडे

12 Mar 2026 | 3:49 PM

मुंबई, 12 मार्च (वार्ता) अभिनेत्री करूणा पांडे का कहना है कि एक अभिनेत्री के तौर पर सोनी सब के शो पुष्पा इम्पॉसिबल के ‘घर जेल’ सीक्वेंस में दुख और मज़बूती का संतुलन दिखाना उनके लिये भावुक अनुभव रहा।.

see more..

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का टाइटल ट्रैक ‘आरी आरी’ रिलीज़

12 Mar 2026 | 3:19 PM

मुंबई, 12 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का टाइटल ट्रैक ‘आरी आरी’ रिलीज़ हो गया है।.

see more..

13 मार्च को फिर से रिलीज होगी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर

12 Mar 2026 | 11:34 AM

मुंबई, 12 मार्च (वार्ता)जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर, धुरंधर द रिवेंज की रिलीज़ से पहले 13 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में फिर से रिलीज़ हो रही है। 19 मार्च को रिलीज होने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर द रिवेंज से पहले, जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज अपनी ग्लोबल ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर को एक खास री-रिलीज़ के साथ फिर से बड़े पर्दे पर ला रहे हैं। यह फिल्म दुनिया भर में करीब 500 स्क्रीन पर दोबारा रिलीज़ होगी, जिसमें भारत में लगभग 250 स्क्रीन पर 12 मार्च (आज) से और विदेशों में करीब 250 स्क्रीन पर 13 मार्च से दिखाई जाएगी।.

see more..