Wednesday, May 13 2026 | Time 00:51 Hrs(IST)
India


प्रोफेसर मजहर आसिफ का बयान एकता का प्रतीक : मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट

प्रोफेसर मजहर आसिफ का बयान एकता का प्रतीक : मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट

नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट (एमआईएफ) ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ के खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रही संगठित और दुर्भावनापूर्ण मुहिम को राष्ट्रीय और शैक्षिक गरिमा के विरुद्ध बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की है।
मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट ने इस संदर्भ में बुधवार को एक राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन बैठक आयोजित की जिसमें देशभर से प्रतिष्ठित शिक्षकों, वरिष्ठ शोधकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और अकादमिक जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में प्रोफेसर मजहर आसिफ के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की गई और उनके खिलाफ चल रही निराधार मुहिम को राष्ट्रीय और शैक्षिक गरिमा के विरुद्ध बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की गई।
बैठक में प्रतिभागियों ने इस बात पर गहरी चिंता और खेद व्यक्त किया कि प्रोफेसर आसिफ के हालिया बयान "सभी भारतीयों का डीएनए महादेव से जुड़ा हुआ है" को जानबूझकर, संगठित और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से उसके संदर्भ से काटकर प्रस्तुत किया गया और एक महत्वपूर्ण बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विमर्श को निरर्थक और कृत्रिम विवाद में बदल दिया गया।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि वास्तव में यह कथन एक गहरा सांस्कृतिक, दार्शनिक और सूफियाना रूपक है, जो भारत की हजारों वर्षों की साझा परंपरा, सांस्कृतिक निरंतरता, आध्यात्मिक समरसता और सामूहिक चेतना को अभिव्यक्त करता है।
इस दौरान जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गेम्स एंड स्पोर्ट्स के डायरेक्टर प्रोफेसर नफ़ीस अहमद ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक गंभीर, संतुलित और गहन अकादमिक संवाद को जानबूझकर विकृत कर अनावश्यक विवाद में बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही यह मुहिम इस बात का संकेत है कि हमारे समाज में सहनशीलता, संवाद और बौद्धिक परंपरा धीरे-धीरे कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा, "प्रोफेसर मजहर आसिफ एक ऐसी शख्सियत हैं जिन्होंने हमेशा ज्ञान, संवाद और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा दिया है। उनका यह बयान भारत की साझा आत्मा का प्रतिनिधित्व करता है। यह समय है कि हम अकादमिक समुदाय के रूप में एकजुट होकर ऐसी भ्रामक मुहिमों का डटकर सामना करें और बौद्धिक ईमानदारी की रक्षा करें।
प्रोफेसर नफ़ीस अहमद ने यह भी कहा कि प्रोफेसर मजहर आसिफ का बयान एक गहरी सांस्कृतिक और दार्शनिक समझ का परिचायक है। उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में प्रतीकात्मक और तार्किक व्याख्या के अंतर को अत्यंत प्रभावी ढंग से स्पष्ट किया है। सूफी परंपरा में ऐसे रूपक हमेशा मानव एकता और साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक रहे हैं।
मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट के उपाध्यक्ष डॉ. शहबाज़ आमिल ने कहा, "असहमति एक स्वस्थ अकादमिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन इसे तर्क, शोध और शालीनता के साथ व्यक्त किया जाना चाहिए, न कि ट्रोलिंग और भ्रामक प्रचार के जरिए। किसी भी विद्वान पर व्यक्तिगत हमले करना हमारे नैतिक और बौद्धिक पतन का संकेत है।
जामिया में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहसिन अली ने बताया कि वर्षों से लंबित अस्थायी कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया। सैकड़ों कर्मचारियों को नियमित और समय पर वेतन मिलने लगा। साथ ही प्रशासनिक पारदर्शिता में वृद्धि हुई, फाइलों के निस्तारण में तेजी आई और परिसर में अनुशासन एवं शांति का वातावरण बेहतर हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षकों के प्रमोशन का मुद्दा, जो कई वर्षों से लंबित था, उसे प्रभावी रूप से हल किया गया, जिससे शिक्षकों में नया उत्साह और विश्वास पैदा हुआ।
बैठक में शामिल डॉ. ज़ुल्फिकार अली अंसारी (एसोसिएट प्रोफेसर, इंडिया-अरब कल्चरल सेंटर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया) ने कहा कि प्रोफेसर मजहर आसिफ के नेतृत्व शैली सरल, मानवीय, व्यावहारिक और छात्र-हितैषी है। वे केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहते, बल्कि कर्मचारियों और छात्रों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करने में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ्रंट ने एक संयुक्त वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षाविदों का समर्थन किया जाना चाहिए जो शिक्षा, संवाद और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देते हैं, न कि उन्हें ट्रोलिंग और निराधार आलोचना का शिकार बनाया जाए।
आजाद अशोक
वार्ता

More News

सीबीआई के निदेशक की नियुक्ति के लिए मोदी की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक

12 May 2026 | 10:11 PM

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) देश की प्रमुख जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो, सीबीआई के नए निदेशक की नियुक्ति के लिए उच्च स्तरीय चयन समिति की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम बैठक हुई।
बैठक में श्री मोदी के अलावा चयन समिति के दोनों सदस्यों प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हिस्सा लिया।
सीबीआई के मौजूदा अध्यक्ष प्रवीण सूद का दो वर्ष का कार्यकाल आगामी 24 मई को समाप्त हो रहा है।
संजीव.अभय
वार्ता.

see more..

पंजाब विजिलेंस अधिकारियों से जुड़े 20 लाख रुपये के रिश्वत मामले में सीबीआई ने तीन को किया गिरफ्तार

12 May 2026 | 9:02 PM

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो में तैनात अधिकारियों के नाम पर रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।.

see more..

शीर्ष अदालत का राजस्थान को आदेश, निजी, सरकारी स्कूलों में पढ़ाई जाए राजस्थानी भाषा

12 May 2026 | 8:58 PM

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को राजस्थान सरकार को राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राजस्थानी भाषा को एक विषय के रूप में शुरू करने का निर्देश देते हुए कहा कि मातृभाषा आधारित शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सिद्धांतों के तहत यह एक संवैधानिक आवश्यकता है।.

see more..

राष्ट्र विरोधी राजनीति कर रही है कांग्रेस, विदेशी मुद्रा बचाने की मोदी की अपील देश हित मेंः भाजपा

12 May 2026 | 8:55 PM

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने विदेशी मुद्रा बचाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील की आलोचना करने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उस पर राष्ट्र विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया है। .

see more..

दिल्ली अपराध में नंबर वन, गृह मंत्री की निष्क्रियता जिम्मेदार- देवेन्द्र

12 May 2026 | 8:29 PM

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराधों को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और कहा कि उनकी निष्क्रियता और प्रभावहीन कार्यशैली के कारण दिल्ली देश के 19 महानगरों में संगीन अपराधों में सबसे ऊपर पहुंच गई है।.

see more..