Thursday, Jul 16 2026 | Time 10:11 Hrs(IST)
India


जून में सुस्त रहने के बाद मानसून ने जुलाई में पकड़ी रफ्तार

जून में सुस्त रहने के बाद मानसून ने जुलाई में पकड़ी रफ्तार

नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) मौसम विभाग ने बताया है कि जून के महीने में सुस्त पड़े मानसून ने जुलाई की शुरुआत में रफ़्तार पकड़ ली है। विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 20 जून तक देश भर में मानसून की स्थिति बेहद चिंताजनक थी और सामान्य के मुकाबले 41.4 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गयी थी। इस अवधि तक जहां सामान्यतः 92.8 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहीं केवल 54.4 मिलीमीटर बारिश ही हुई थी।


जुलाई की शुरुआत में हालांकि हुई अच्छी बारिश की बदौलत आठ जुलाई तक देश की कुल संचयी वर्षा बढ़कर 195.5 मिलीमीटर पर पहुंच गयी है। इसके साथ ही देश भर में बारिश की कुल कमी अब घटकर केवल 15.2 प्रतिशत रह गयी है, जो सामान्य औसत के काफी करीब है।
पिछले 18 दिनों के भीतर देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून के मिजाज में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। जून के महीने में मध्य भारत सबसे अधिक प्रभावित था, जहां 20 जून तक 65 प्रतिशत की भीषण कमी थी, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह की भारी बारिश के बाद यहां स्थिति पूरी तरह बदल गयी है और अब यह क्षेत्र सामान्य से चार प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज कर चुका है।

 

दक्षिण भारत के राज्यों में भी सुधार का रुख है। जहां जून के मध्य तक 25 प्रतिशत की कमी थी, वह अब घटकर केवल 14 प्रतिशत रह गयी है। उत्तर-पश्चिम भारत में जून में स्थिति थोड़ी बेहतर थी और केवल सात प्रतिशत की कमी थी, लेकिन जुलाई की शुरुआत में अन्य क्षेत्रों की तुलना में गति धीमी रहने के कारण अब यहां सामान्य से 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी है।

 

दूसरी ओर, देश का पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सा अभी भी मानसून की बेरुखी झेल रहा है। यहां जून में 44 प्रतिशत की कमी थी और अब इसमें मामूली सुधार के साथ यह अभी भी 39 प्रतिशत की भारी कमी पर बना हुआ है।

 

कुल मिलाकर यह तुलनात्मक विश्लेषण साफ़ दिखाता है कि जून के सूखे के बाद जुलाई के शुरुआती आठ दिनों में मानसून देश के अधिकांश हिस्सों में बेहतर रही है।

 

दूसरी ओर, मौसम विभाग ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि नौ जुलाई से मानसून की रफ्तार कम होने के आसार हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून के राजस्थान, हरियाणा, पंजाब के शेष हिस्सों और इसके बाद पूरे देश में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इसलिए इन क्षेत्रों में अधिक बारिश हो सकती है।

 

विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, राजगढ़ और भटिंडा से होकर गुजर रही है।

 

विभाग ने गुजरात, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के निचले इलाकों में बाढ़ आने की सामान्य आशंका जतायी है। साथ ही यह भी कहा है कि हिमाचल प्रदेश (शिमला और सिरमौर) तथा उत्तराखंड के ज्यादातर पहाड़ी जिलों में अचानक बाढ़ आने का थोड़ा बहुत खतरा बना हुआ है।

 

भारत.श्रवण
वार्ता

More News

पेट्रोलियम ईंधन के निर्यात पर अगले पखवाड़े के लिए शुल्क की दरें घोषित

16 Jul 2026 | 12:41 AM

नयी दिल्ली 15 जुलाई (वार्ता) केंद्र सरकार ने 16 जुलाई से शुरू होने वाले अगले दो हफ्तों के लिए पेट्रोलियम ईंधन के निर्यात पर संशोधित दरें अधिसूचित कर दीं हैं।.

see more..

भाजपा संगठन में संभावित बदलाव को लेकर मोदी के आवास पर हुई बैठक

15 Jul 2026 | 11:07 PM

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन की नयी टीम के गठन को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर बुधवार को पार्टी की एक अहम बैठक हुई। .

see more..

कश्मीर को लेकर सोज के बयान पर कांग्रेस आलाकमान रूख स्पष्ट करे : भाजपा

15 Jul 2026 | 11:05 PM

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सैफुद्दीन सोज़ के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से पार्टी का रूख स्पष्ट करने की मांग की है। .

see more..

भारत , यूरोपीय संघ के बीच निवेश संरक्षण समझौता जल्द होने की संभावना:गोयल

15 Jul 2026 | 10:59 PM

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ दोनों पक्षों के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटी) के परिप्रेक्ष्य में परस्पर निवेश संरक्षण समझौते के महत्व को समझते हैं।.

see more..

भारत टेक्स 2026: निवेशकों एवं आगंतुकों को लुभा रहा है बिहार पवेलियन

15 Jul 2026 | 10:40 PM

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 के दूसरे दिन बुधवार को बिहार पवेलियन में दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। .

see more..